
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज कुछ अलग ही नजर आ रहा है। मार्च की शुरुआत ही अलग मौसम की साथ हुई है। एक तरफ दिन के समय तेज गर्मी महसूस हो रही है, तो वहीं सुबह और देर रात हल्की धुंध और ठंडक का असर भी बना हुआ है। इस बदलते मौसम के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिन में तेज धूप का कहर , सुबह-शाम धुंध
प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ता ही जा रहा है। जिससे यह महसूस हो रहा है की गर्मी इस बार अपने सारे पुराने रिकार्ड तोड़ने वाली है। तेज धूप और गरम हवाओ ने लोगों को मार्च में ही मई -जून वाली गर्मी का एहसास करवाना शुरू दिया है। वही कुछ जगहों पर सुबह और शाम के समय हल्की धुंध दिखाई दे रही है, जिससे इंद्रियग्राह्य भी प्रभावित हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति मौसम में हो रहे संक्रमण (सीजनल ट्रांजिशन) के कारण बन रही है। सर्दी का असर पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, जबकि गर्मी धीरे-धीरे अपना प्रभाव बढ़ा रही है।
वातावरण में स्थिरता से बदला मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार इस समय पश्चिमी और संलग्न मध्य भारत के मध्य क्षोभमंडल में एक प्रतिचक्रवात (एंटी-साइक्लोन) बना हुआ है। जिसकी वजह से वायुमंडल में स्थिरता बनी हुई है। जब वातावरण में ऐसी स्थिरता होती है तो बादलों का विकास कम होता है और मौसम मध्यम रूप से शुष्क बना रहता है। इसी स्थिति के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है,वही सुबह और शाम धुंध की स्थिति बन रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को दिन में ज्यादा गर्मी महसूस होगी।
15 मार्च के बाद बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 15 मार्च के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेगा। प्रदेश के कई हिस्से में 15 मार्च के बाद हल्की बारिश और बादल छाने के आसार जताए जा रहे है ।
अगर बारिश होती है तो इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि कुछ जगहों पर तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है।
किसानों के लिए अहम मौसम
मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस समय गेहूं और अन्य रबी फसले तैयार होने के चरण में है। ऐसे में हल्की बारिश फायदेमंद हो सकती है, लेकिन तेज बारिश या ओलावृष्टि होने पर फसलों को नुकसान भी पहुंच सकता है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में गर्मी के कारण सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
इसे भी पढे –यूपी में मौसम का कहर ,लखनऊ, कानपुर समेत प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में जोरदार बारिश, ठंड बढ़ी



