शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार 68.49 अंक चढ़ा , डॉलर के मुकाबले रुपया 22 पैसे टूटा

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 68.49 अंक चढ़कर 83,816.96 अंक पर पहुंचा

मुंबई । सेंसेक्स और निफ्टी ने बुधवार को शुरुआती कारोबार में पिछले दिन की तेज बढ़त को बरकरार रखते हुए सकारात्मक दायरे में कारोबार किया। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद विदेशी निवेश एवं सकारात्मक बाजार माहौल से बाजारों में तेजी आई हालांकि, आईटी शेयर में आई भारी गिरावट ने तेजी को सीमित कर दिया।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 68.49 अंक चढ़कर 83,816.96 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 51.90 अंक की बढ़त के साथ 25,779.45 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे।

दूसरी ओर इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयर में सबसे अधिक गिरावअई। ये करीब पांच प्रतिशत तक टूटे। बीएसई आईटी सूचकांक शुरुआती कारोबार में 4.95 प्रतिशत टूटकर 35,311.34 अंक पर आ गया। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में जबकि जापान का निक्की, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग नुकसान में रहा।

अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.68 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67.77 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 5,236.28 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 1,014.24 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

रुपया शुरुआती कारोबार में 22 पैसे टूटकर 90.54 प्रति डॉलर पर

रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 22 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.54 पर पहुंच गया। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने के बाद रुपये में आई तेजी आज जारी नहीं रह सकी।विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद सकारात्मक माहौल के बावजूद अब भी सावधानी बरतनी चाहिए क्योंकि अभी तक कोई हस्ताक्षरित या आधिकारिक रूप से जारी व्यापार समझौता नहीं हुआ है, न ही कोई ढांचागत पाठ या अंतिम दस्तावेज सामने आया है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.35 पर खुला। फिर कमजोर होकर 90.54 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 22 पैसे की गिरावट दर्शाता है। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने के बाद मंगलवार को भारतीय रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 117 पैसे या 1.28 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़त दर्ज करते हुए 90.32 पर बंद हुआ था। यह एशियाई मुद्राओं में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली मुद्रा के रूप में उभरा था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.41 पर था। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67.77 डॉलर प्रति बैरल रहा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button