सैफ अली पर हमला करने वाला हुआ गिरफ्तार, हमलावर ने शाहरुख खान के घर की भी कर चुका था रेकी

मुंबई । बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हमला करने वाले संदिग्ध शख्स को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुंबई पुलिस ने शुक्रवार (17 जनवरी) को यह जानकारी दी है। फिलहाल, उससे पूछताछ की जा रही है। मुंबई के बांद्रा इलाके में सैफ अली खान के आलीशान अपार्टमेंट में उन पर चाकू से कई बार हमला करने वाले हमलावर को मुंबई पुलिस तलाश कर रही थी। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई पुलिस ने घुसपैठिए का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए 20 टीमें गठित की गयी थी।

मुंबई पुलिस को शक है कि सैफ पर चाकू से हमला करने वाले घुसपैठिए ने इस सप्ताह की शुरुआत में अभिनेता शाहरुख खान के घर की भी रेकी की थी। सैफ पर हमले के बाद मुंबई पुलिस की एक टीम मामले की आगे की जांच के लिए शाहरुख खान के घर “मन्नत” गई है।

अभिनेता पर ‘सतगुरु शरण’ इमारत में स्थित उनके अपार्टमेंट में चोरी की कोशिश के दौरान हमला किया गया था। बुधवार 15 जनवरी को रात करीब ढाई बजे हुए हमले में 54 वर्षीय अभिनेता के गर्दन सहित छह जगह चाकू से वार किया गया। अभिनेता को लीलावती अस्पताल ले जाया गया। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक, सर्जरी के बाद वह खतरे से बाहर हैं। वह अब भी अस्पताल में हैं।

इमारत के सीसीटीवी फुटेज में लकड़ी की छड़ी और लंबी हेक्सा ब्लेड लिए हुए नजर आ रहा घुसपैठिया हमले के बाद भागता हुआ दिखाई दे रहा है। रात दो बजकर 33 मिनट के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक का चेहरा साफ तौर पर नजर आ रहा है। वह इमारत की छठी मंजिल की सीढ़ियों से नीचे भागते हुए कॉलर वाली भूरे रंग की टी-शर्ट और लाल गमछा पहने हुए दिख रहा है। अभिनेता 12वीं मंजिल पर रहते हैं।

 

Related Articles

Back to top button