33 साल बाद बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी ‘सनम बेवफा’, क्या बिगड़ेगा नई फिल्मों का खेल?

बॉलीवुड के सुल्तान सलमान खान का जादू सिर्फ उनकी नई फिल्मों तक सीमित नहीं है बल्कि उनकी पुरानी क्लासिक्स आज भी सिनेमाघरों में भीड़ जुटाने का माद्दा रखती हैं। एक तरफ जहां उनके प्रशंसक उनकी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ और वामशी पेडिपल्ली के साथ उनके अगले बड़े प्रोजेक्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं दूसरी तफ बॉक्स ऑफिस पर पुरानी यादें ताजा होने वाली हैं।

इसे भी पढ़ें- पंकज त्रिपाठी की बेटी आशी त्रिपाठी का बॉलीवुड की ओर कदम, सिनेमाई सफर को लेकर उत्साहित

1991 की ब्लॉकबस्टर फिल्म है ‘सनम बेवफा’

साल 1991 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘सनम बेवफा’ एक बार फिर थिएटर्स में दस्तक देने जा रही है। 10 अप्रैल को होने वाली यह री-रिलीज न केवल पुरानी यादों को जिंदा करेगी, बल्कि इसी दिन रिलीज हो रही नई फिल्मों के लिए भी एक बड़ी चुनौती पेश कर सकती है। बीते कुछ समय से सलमान खान के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। उनकी पिछली फिल्म ‘सिकंदर’ उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई और बॉक्स ऑफिस पर इसे असफलता का सामना करना पड़ा।

हालांकि, उससे पहले आई उनकी फिल्म ‘टाइगर 3’ ने सम्मानजनक कमाई जरूर की थी, लेकिन वह भी सलमान खान के उस मेगा-स्टार वाले बेंचमार्क को नहीं छू सकी जिसकी उम्मीद ट्रेड एनालिस्ट और फैंस को थी। वर्तमान में सलमान के पास दो बड़े प्रोजेक्ट्स हैं, जिनमें अपूर्व लाखिया की ‘मातृभूमि’ सबसे प्रमुख है। इसके अलावा वह जल्द ही दिल राजू की फिल्म पर काम शुरू करने वाले हैं, लेकिन इन सबके बीच 10 अप्रैल की तारीख ने सबका ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है, क्योंकि सलमान खान की एक कल्ट क्लासिक फिल्म सिनेमाघरों में वापसी कर रही है।

90 में लाख में बनी थी फिल्म

साल 1991 में जब सावन कुमार टाक के निर्देशन में बनी ‘सनम बेवफा’ रिलीज हुई थी, तो इसने सफलता के नए कीर्तिमान रच दिए थे। यह फिल्म पाकिस्तानी पंजाबी फिल्म ‘हक मेहर’ से प्रेरित थी और उस दौर में मात्र 90 लाख रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 14.25 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था।

फिल्म में सलमान खान के साथ चांदनी की केमिस्ट्री को खूब पसंद किया गया था, जबकि प्राण और डैनी डेन्जोंगपा जैसे दिग्गजों ने अपनी अदाकारी से फिल्म में जान फूंक दी थी। दिलचस्प बात यह भी है कि, यह इकलौती ऐसी फिल्म है जिसमें सलमान खान ने अपने ही नाम यानी ‘सलमान’ का किरदार निभाया था। पिछले कुछ वर्षों में पुरानी फिल्मों को दोबारा रिलीज करने का ट्रेंड काफी सफल रहा है। साल 2024 में इसकी शुरुआत हुई और 2025 में ‘सनम तेरी कसम’ की जबरदस्त सफलता ने इसे एक लाभदायक बिजनेस मॉडल बना दिया।

इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए फरवरी 2026 में सलमान की फिल्म ‘तेरे नाम’ को फिर से रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। अब 10 अप्रैल को ‘सनम बेवफा’ रिलीज हो रही है, जिसकी एडवांस बुकिंग हैदराबाद, इंदौर और महाराष्ट्र के जलगांव जैसे शहरों में शुरू हो चुकी है। हैदराबाद के प्रसिद्ध एएमबी गाचीबोवली जैसे बड़े मल्टीप्लेक्स में इस फिल्म के शो रखे गए हैं जो यह दर्शाता है कि प्रदर्शकों को आज भी सलमान खान के पुराने दौर की फिल्मों पर पूरा भरोसा है।

खतरे में आई मृणाल ठाकुर की डकैत

10 अप्रैल का दिन बॉक्स ऑफिस के लिए काफी अहम होने वाला है, क्योंकि इस दिन मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डकैत’ भी रिलीज हो रही है। ‘डकैत’ पहले ही कई बार पोस्टपोन हो चुकी है, जिससे फिल्म को लेकर एक सकारात्मक माहौल बना हुआ है। हालांकि जानकारों का मानना है कि, सलमान खान की फिल्म की री-रिलीज से ‘डकैत’ को शुरुआती खतरा नहीं लग रहा था, लेकिन जिस तरह से ‘सनम बेवफा’ को लेकर हाइप बढ़ा हुआ है उससे नई फिल्म को कुछ मुश्किल हो सकती है।

अगर दर्शक नई फिल्म के बजाय सलमान की नॉस्टैल्जिक लव स्टोरी को देखने थिएटर पहुंच जाते हैं तो ‘डकैत’ के कलेक्शन पर सीधा असर पड़ेगा। इसके साथ ही बाजार की मौजूदा स्थिति भी ‘सनम बेवफा’ के पक्ष में नजर आ रही है, क्योंकि हालिया रिपोर्टों के अनुसार ‘धुरंधर 2’ का तूफान अब थमता नजर आ रहा है और फिल्म ‘भूत बंगला’ के एक हफ्ते आगे बढ़ने से थिएटर में काफी जगह खाली हो गई है जिसका सीधा फायदा भाईजान की फिल्म को मिल सकता है।

आज भी जुबान पर रहते हैं सनम बेवफा के गाने

सोशल मीडिया पर सलमान खान के प्रशंसक इस खबर से काफी उत्साहित हैं। उनके लिए ‘मातृभूमि’ की रिलीज से पहले ‘सनम बेवफा’ को बड़े पर्दे पर देखना किसी उत्सव से कम नहीं है। फिल्म के सदाबहार गाने आज भी लोगों की जुबां पर हैं और यही वजह है कि 33 साल बाद भी यह फिल्म चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

सलमान खान का स्टारडम ऐसा है कि, वह अपनी पुरानी फिल्मों से भी नई फिल्मों को कड़ी टक्कर देने का दम रखते हैं। अब 10 अप्रैल को यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या 1991 का यह ‘सलमान’ 2026 के आधुनिक बॉक्स ऑफिस पर भी अपनी बादशाहत कायम रख पाता है या नहीं। फिलहाल थिएटर मालिक खुश हैं क्योंकि उन्हें पता है कि सलमान खान के नाम पर टिकट खिड़की पर जमकर रौनक होने वाली है।

इसे भी पढ़ें- राजपाल यादव को मिला बॉलीवुड का साथ, सोनू, सलमान और अजय समेत इन एक्टरों ने बढ़ाया मदद का हाथ

Related Articles

Back to top button