
टेलीविजन का सबसे चर्चित और साहसिक रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ अपने 15वें सीजन के साथ छोटे पर्दे पर जोरदार वापसी के लिए तैयार है। रोहित शेट्टी के इस शो का इंतजार दर्शक बड़ी बेसब्री से कर रहे हैं, जो अब खत्म होने वाला है। उन्होंने फैंस की धड़कनों को और तेज कर दिया है।
इसे भी पढ़ें- मुश्किलें भी नहीं रोक सकीं रास्ता, स्पॉट बॉय से ‘सिंघम’ तक का सफर ऐसे तय किया रोहित शेट्टी ने
K के साइन वाली तस्वीरें राज से उठा रहीं पर्दा
इस बार का सीजन पिछले सभी सीजन्स के मुकाबले कहीं ज्यादा रोमांचक और चुनौतीपूर्ण होने वाला है क्योंकि चर्चा है कि शो में इस बार केवल नए चेहरे ही नहीं, बल्कि ‘खतरों’ के पुराने धुरंधर भी दोबारा अपनी किस्मत आजमाने और डर का सामना करने लौट रहे हैं।हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी तक पर नामों पर मुहर नहीं लगी है, लेकिन सोशल मीडिया पर सेलेब्स की बढ़ती सक्रियता ने इस राज से पर्दा उठाना शुरू कर दिया है।

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक दिलचस्प ट्रेंड देखने को मिला जिसने इंटरनेट पर सनसनी फैला दी है। टेलीविजन जगत के सात बड़े सितारों ने अपने हाथों से ‘K’ का साइन बनाकर रहस्यमयी तस्वीरें साझा की हैं, जिसे सीधे तौर पर ‘खतरों के खिलाड़ी’ से जोड़कर देखा जा रहा है। इन सितारों में रुबीना दिलैक, जैस्मिन भसीन, भारती सिंह, एली गोनी, हिना खान, करण वाही और निया शर्मा जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
इन सेलेब्स की पुरानी यादें शो से जुड़ी रही हैं और इनकी वापसी की खबर ने दर्शकों के बीच इस बात की चर्चा छेड़ दी है कि क्या रोहित शेट्टी इस बार ‘चैलेंजर्स बनाम न्यूकमर्स’ का कोई नया फॉर्मेट लेकर आ रहे हैं। निया शर्मा और करण वाही जहां सीजन 8 और ‘मेड इन इंडिया’ वर्जन में अपना दम दिखा चुके हैं, वहीं हिना खान ने सीजन 8 और 13 में अपनी निडरता से सबको हैरान किया था। इसी तरह जैस्मिन भसीन, अली गोनी और भारती सिंह की तिकड़ी ने सीजन 9 में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया था और रुबीना दिलैक सीजन 12 की सबसे मजबूत कंटेस्टेंट्स में से एक रही थीं।
इन स्लेबस से शेयर की तस्वीरें
दिलचस्प बात यह है कि, इस लिस्ट में सिर्फ ये सात नाम ही नहीं हैं, बल्कि सोशल मीडिया पर ‘K’ सिंबल वाली तस्वीरों की कतार में फरहाना भट्ट, करण कुंद्रा, रॉकी जायसवाल, अविनाश मिश्रा और जसमीत कौर जैसे सितारे भी शामिल हो गए हैं। इन पोस्ट्स के बाद फैंस कयास लगा रहे हैं कि शायद यह कोई खास टास्क होगा या फिर ये पुराने खिलाड़ी नए कंटेस्टेंट्स के लिए किसी मुश्किल चुनौती के तौर पर शो में एंट्री लेंगे। रोहित शेट्टी का शो हमेशा से अपने अनूठे ट्विस्ट और टर्न्स के लिए जाना जाता है, ऐसे में पुराने विजेताओं और रनर-अप्स को वापस लाना टीआरपी के लिहाज से एक मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है।
नए कंटेस्टेंट्स की बात करें, तो इस बार शो के लिए नामों की एक लंबी फेहरिस्त चर्चा में है। खबरों की मानें, तो बिग बॉस फेम अंकित गुप्ता, मनीषा रानी, ईशा मालवीय, समर्थ जुरैल और दिग्विजय राठी जैसे युवा सितारे इस बार खतरनाक स्टंट्स करते नजर आ सकते हैं। इसके अलावा अनुपमा फेम गौरव खन्ना, अरबाज पटेल, हर्ष गुजराल, अभिषेक बजाज, चुम दारंग, प्रणाली राठौर, ऋषभ जायसवाल, श्रुतिका अर्जुन और धनश्री वर्मा के नाम भी लगभग तय माने जा रहे हैं।
जल्द आएगा शो
इतने विविध और प्रभावशाली कंटेस्टेंट्स के मिश्रण से यह साफ है कि, इस बार मुकाबला काफी कड़ा होने वाला है। रोहित शेट्टी ने भी संकेत दिए हैं कि, इस बार स्टंट्स का स्तर और भी ऊंचा होगा और डर का सामना करने के लिए कंटेस्टेंट्स को अपनी मानसिक और शारीरिक शक्ति की सीमाओं को पार करना होगा।
शो के प्रीमियर और टेलीकास्ट को लेकर भी गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, चैनल या प्रोडक्शन हाउस ने अभी तक तारीखों का ऐलान नहीं किया है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों की मानें तो जून के अंत या जुलाई की शुरुआत में इस शो का कलर्स टीवी पर भव्य आगाज हो सकता है। पिछले साल सीजन 15 को लेकर काफी चर्चाएं थीं लेकिन किन्हीं कारणों से इसे टाल दिया गया था, जिससे फैंस के हाथ सिर्फ निराशा लगी थी।
अब जब एक साल के लंबे इंतजार के बाद यह शो वापस लौट रहा है, तो दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर है। रोहित शेट्टी की होस्टिंग और उनका सख्त अंदाज शो की जान है, और फैंस एक बार फिर उन्हें ‘ब्लॉकबस्टर’ स्टंट्स को लीड करते हुए देखने के लिए बेताब हैं। आने वाले दिनों में जब आधिकारिक प्रोमो रिलीज होंगे, तब इन कयासों पर पूरी तरह से विराम लग जाएगा, लेकिन फिलहाल इन 7 पुराने कंटेस्टेंट्स की संभावित वापसी ने इंटरनेट पर ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ को टॉप ट्रेंड में ला खड़ा किया है।
इसे भी पढ़ें- रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग से फिर सकते में फिल्म इंडस्ट्री, सामने आया बिश्नोई गैंग का कनेक्शन



