
मुल्लांपुर। इंडियन प्रीमियर लीग में शनिवार को मुल्लांपुर में होने वाला मुकाबला पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें अलग-अलग परिस्थितियों में मैदान पर उतरेंगी। पंजाब किंग्स जहां शानदार फॉर्म में है, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद इस सीजन में अब तक संघर्ष करती नजर आई है।
पिछले साल उपविजेता रही पंजाब किंग्स ने इस सत्र में भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। हालांकि, कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उसका पिछला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था, जिससे टीम को अंक साझा करने पड़े। इस मैच में पंजाब ने अच्छी शुरुआत की थी और उसके तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने शुरुआती झटके देकर विपक्षी टीम को दबाव में डाल दिया था। लेकिन मौसम की मार के चलते मैच पूरा नहीं हो सका।
कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में टीम ने संतुलित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 200 से अधिक रन का लक्ष्य हासिल करना और गुजरात टाइटन्स को मुल्लांपुर की चुनौतीपूर्ण पिच पर हराना टीम के आत्मविश्वास को दर्शाता है।
सलामी बल्लेबाज और विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह ने टीम के दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए कहा कि खिलाड़ी व्यक्तिगत उपलब्धियों के बजाय टीम की जीत को प्राथमिकता दे रहे हैं। यही कारण है कि टीम का प्रदर्शन सामूहिक रूप से मजबूत नजर आ रहा है। कूपर कोनोली की गुजरात के खिलाफ नाबाद 72 रन की पारी और विजयकुमार वैशाक की गेंदबाजी में निरंतर सुधार इसका उदाहरण है।
दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह सीजन अब तक चुनौतीपूर्ण रहा है। टीम के पास मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप होने के बावजूद शीर्ष क्रम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैचों में ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी सस्ते में आउट हो गई, जिससे टीम दबाव में आ गई।
गेंदबाजी विभाग भी चिंता का विषय बना हुआ है। हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट जैसे अनुभवी गेंदबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। खासकर उनादकट ने पिछले मैच में काफी रन लुटाए और अंतिम ओवर में टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
हालांकि, कुछ खिलाड़ी उम्मीद जगाते नजर आए हैं। नीतीश कुमार रेड्डी और हेनरिक क्लासेन ने पिछले मुकाबले में अच्छी बल्लेबाजी की थी। वहीं, युवा स्पिनर हर्ष दुबे ने पावरप्ले में प्रभावशाली गेंदबाजी की झलक दिखाई है।
मुल्लांपुर की पिच को देखते हुए यह मुकाबला संतुलित रहने की संभावना है, जहां गेंदबाजों को मदद मिल सकती है लेकिन बल्लेबाज भी बड़े शॉट खेलने में सक्षम हैं। पंजाब किंग्स आत्मविश्वास से भरी हुई है और अपनी जीत की लय जारी रखना चाहेगी, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह मैच वापसी का सुनहरा मौका है।यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा और दर्शकों को एक रोमांचक और प्रतिस्पर्धी मैच की उम्मीद रहेगी।
टीम इस प्रकार हैं:
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अर्शदीप सिंह, प्रियांश आर्य, पाइला अविनाश, अजमतुल्लाह उमरजई, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, कूपर कोनोली, प्रवीण दुबे, बेन ड्वारशुइस, लॉकी फर्ग्यूसन, हरनूर सिंह, हरप्रीत बराड़, मार्को यानसन, मुशीर खान, विशाल निशाद, मिचेल ओवेन, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, विष्णु विनोद, विजयकुमार वैश्यक, नेहल वढेरा, यश ठाकुर।
सनराइजर्स हैदराबाद: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, सलिल अरोड़ा, ब्रायडन कार्स, पैट कमिंस, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, ट्रैविस हेड, प्रफुल्ल हिंगे, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, ईशान मलिंगा, कामिंडु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, डेविड पायने, साकिब हुसैन, शिवम मावी, शिवांग कुमार, रविचंद्रन स्मरण, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, अनिकेत वर्मा, जीशान अंसारी।
मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।



