
लखनऊ। लखनऊ मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को अब एक और सुविधा मिल गई है। लखनऊ मेट्रो में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड यानी एनसीएमसी की सुविधा शुरू कर दी गई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) ने बीते दिन इस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इसे सेवा के शुरू हो जाने के बाद यात्रियों का सफर अब और आसान, तेज व सुविधाजनक हो जायेगा। इस सेवा की शुरुआत यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक की मौजूदगी में हुई।
इसे भी पढ़ें- बाराबंकी में बरसे CM योगी, बोले- ‘कट्टे-बम नहीं, अब लखनऊ में बन रहे ब्रह्मोस’
कानपुर और आगरा में पहले से है ये सुविधा
गौरतलब है कि, यह सुविधा पहले कानपुर और आगरा मेट्रो में शुरू की जा चुकी थी और अब इसमें लखनऊ मेट्रो का नाम भी जुड़ गया है। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि, इस कार्ड के जरिए यात्री अब पूरे देश में बिना किसी रुकावट के यात्रा कर सकेंगे।

उनका कहना था कि, इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को अलग-अलग शहरों के लिए अलग-अलग कार्ड रखने की झंझट से मुक्ति मिल जाएगी, जिससे न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि यात्रियों की मेहनत भी कम लगेगी। अब लखनऊ मेट्रो के स्टेशनों से ही यात्री यह कार्ड हासिल कर सकेंगे और इसके जरिए मेट्रो यात्रा का पूरा लाभ उठा सकेंगे।
हर सफर पर मिलेगी छूट
इस नई सुविधा की सबसे खास बात यह है कि, यह सिर्फ एक शहर तक सीमित नहीं है। यह एक इंटर-ऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है, जिसका मतलब है कि इसका इस्तेमाल उन तमाम शहरों में भी किया जा सकता है जहां एनसीएमसी प्रणाली पहले से लागू हो चुकी है। इसमें सिर्फ मेट्रो ही नहीं, बल्कि बस सेवाएं, पार्किंग और यहां तक कि, रिटेल दुकानों में भुगतान की सुविधा भी शामिल है।
लखनऊ मेट्रो में सफर करने वाले जो यात्री इस कार्ड का इस्तेमाल करेंगे, उन्हें हर यात्रा पर सीधे दस प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी। यह छूट नियमित रूप से मेट्रो का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है, क्योंकि रोजाना के सफर में यह बचत लंबे समय में एक अच्छी-खासी रकम बन सकती है।
पुराने गो स्मार्ट कार्ड का क्या होगा?
बहुत से यात्री जो पहले से गो स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं, उनके मन में यह सवाल जरूर उठ रहा होगा कि, उनके मौजूदा कार्ड का क्या होगा। इसका जवाब यूपीएमआरसी ने पहले ही साफ कर दिया है। फिलहाल गो स्मार्ट कार्ड और नया एनसीएमसी कार्ड, दोनों के जरिए ही मेट्रो ट्रेनों में यात्रा की जा सकेगी यानी पुराने कार्ड धारकों को घबराने की जरूरत नहीं है।
इसके साथ ही जल्द ही एक विशेष एक्सचेंज विंडो भी शुरू की जाएगी, जिसके जरिए यात्री अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड को नए एनसीएमसी कार्ड में बदलवा सकेंगे। खास बात यह है कि, यह बदलाव तीस दिनों के भीतर पूरी तरह मुफ्त होगा, यानी इसके लिए यात्रियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
NCMC कार्ड के फायदे
इस नए कार्ड के कई अहम फायदे गिनाए जा रहे हैं, जो इसे पुराने सिस्टम से अलग और बेहतर बनाते हैं। सबसे पहली बात, इसे डेबिट या क्रेडिट कार्ड की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है। ये ठीक वैसे ही काम करेगा जैसे एक सामान्य स्मार्ट कार्ड काम करता है। इससे यात्रियों को हर बार टिकट के लिए लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उनका काफी समय बचेगा।
दूसरा बड़ा फायदा यह है कि, देश के 23 बैंकों या अन्य मेट्रो प्रणालियों द्वारा जारी किए गए एनसीएमसी कार्ड धारकों को भी अलग से टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा जिन शहरों में एनसीएमसी प्रणाली स्वीकार की जाती है, वहां की मेट्रो, बसों, पार्किंग व्यवस्था और रिटेल सेवाओं में भी इस एक ही कार्ड का इस्तेमाल किया जा सकेगा। यानी यह कार्ड सिर्फ मेट्रो टिकट तक सीमित न रहकर एक पूरे शहरी परिवहन और भुगतान तंत्र का हिस्सा बन जाता है।
कहां और कैसे मिलेगा कार्ड
अब बात करते हैं कि, यात्री यह कार्ड कहां से और कैसे हासिल कर सकते हैं। यह कार्ड फिलहाल सभी मेट्रो स्टेशनों पर मौजूद एयरटेल पेमेंट्स बैंक के काउंटर और कियोस्क पर उपलब्ध है। इस लेने के लिए यात्रियों को सौ रुपये का शुल्क देना होगा। हालांकि, यह ध्यान रखने वाली बात है कि, यह राशि वापस नहीं की जाएगी।
सुविधा को और आसान बनाने के लिए यह भी बताया गया है कि, यात्री अपने मोबाइल फोन पर ओटीपी के जरिए भी यह कार्ड जारी करवा सकते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया डिजिटल और तेज हो जाती है। इसके अलावा सिर्फ एयरटेल पेमेंट्स बैंक ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न अन्य बैंक भी एनसीएमसी कार्ड जारी करते हैं यानी यात्रियों के पास कार्ड हासिल करने के कई विकल्प मौजूद हैं।
जो यात्री लखनऊ मेट्रो के जरिए एनसीएमसी गो स्मार्ट कार्ड प्राप्त करना चाहते हैं, वे स्टेशनों पर स्थित एयरटेल पेमेंट्स बैंक के कियोस्क से सीधे संपर्क कर सकते हैं।
यात्रियों के लिए क्यों है अहम
कुल मिलाकर देखा जाए तो लखनऊ मेट्रो में एनसीएमसी कार्ड की शुरुआत शहरी परिवहन को और अधिक आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह पहल ‘एक देश, एक कार्ड’ की उस बड़ी सोच का हिस्सा है, जिसका मकसद देशभर के यात्रियों को अलग-अलग कार्ड और अलग-अलग सिस्टम की उलझन से मुक्त करना है।
लखनऊ के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि, आने वाले समय में प्रदेश के अन्य शहरों की मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्थाओं में भी इसी तरह की सुविधाएं और विस्तारित की जाएंगी, जिससे रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिल सके।
इसे भी पढ़ें- राजस्थान में बनती थीं, लखनऊ में होती थी सप्लाई, खुल रही नकली दवाओं के अंतर्राज्यीय रैकेट की परतें



