IRCTC ने लांच किया धमाकेदार पैकेज: एक ट्रिप में होगी इन तीन खूबसूरत देशों की सैर 

 भोपाल। बहुत से लोगों के ट्रेवल करना पसंद होता है और जब तब वे टूर का प्लान बना लेते हैं। कुछ लोग विदेश यात्रा पर भी निकलते हैं। इन्हीं शौकीनों को ध्यान रखते हुएभारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) एक बेहद आकर्षक पैकेज लेकर आया है। अगर आप भी दक्षिण-पूर्व एशिया के तीन प्रमुख देशों थाईलैंड, मलेशिया और सिंगापुर घूमना चाहते हैं, तो IRCTC का ‘बेस्ट ऑफ एशिया – थ्री इन वन’ टूर पैकेज बेहतर विकल्प है। यह पैकेज उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है, जो कम समय और सीमित बजट में अधिकतम स्थानों को कवर करना चाहते हैं।

इसे भी पढ़ें- घने कोहरे में भी नहीं थमेंगी ट्रेनें: वंदे भारत–शताब्दी के लिए अतिरिक्त रेक तैनात, IRCTC का वॉर रूम एक्टिव

भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय ने किया लॉन्च

इस विशेष पैकेज को IRCTC के भोपाल रीजनल ऑफिस की तरफ लॉन्च किया गया है। 11 रात और 12 दिन की अवधि का पूरी तरह ऑल-इंक्लूसिव यानी संपूर्ण सुविधाओं से युक्त ये पैकेज आगामी 10 अगस्त से शुरू होगा।

IRCTC

इस टूर की खासियत ये है कि, इसकी शुरुआत मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट से होगी, जिससे मध्य भारत के यात्रियों के लिए यह यात्रा और भी सुविधाजनक हो जाएगी। इस दौरान पर्यटकों को बैंकॉक, पटाया, कुआलालंपुर और सिंगापुर जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों को नजदीक से देखने और अनुभव करने का सुनहरा मौका मिलेगा।

क्या-क्या है पैकेज में

IRCTC के इस पैकेज को पूरी तरह सुविधाजनक और परेशानी-मुक्त बनाने का प्रयास किया गया। इसमें हवाई यात्रा का किराया, होटल में ठहरने की व्यवस्था, नाश्ता, दोपहर का और रात का खाना, स्थानीय स्तर पर परिवहन सुविधा, प्रमुख दर्शनीय स्थलों की सैर, यात्रा के दौरान बीमा सुरक्षा यानी ट्रैवल इंश्योरेंस और यात्रा से जुड़ी अन्य जरूरी औपचारिकताओं के खर्च को शामिल किया गया है। पूरी यात्रा के दौरान पर्यटकों को 3 स्टार या उसी स्तर की श्रेणी वाले होटलों में ठहरने की व्यवस्था दी जाएगी। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार पटाया और बैंकॉक में यात्रियों को दो-दो रातें बितानी होंगी। वहीं, कुआलालंपुर और सिंगापुर में तीन-तीन रातें ठहरने की व्यवस्था की गई है।

कहां-कहां घूमने का मिलेगा मौका

इस पैकेज के तहत यात्रियों को हर देश में कई आकर्षक और मशहूर स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। पटाया में पर्यटक खूबसूरत कोरल आइलैंड और जेम्स गैलरी घूमने जाएंगे, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और रत्नों की प्रदर्शनी के लिए मशहूर है। इसके बाद बैंकॉक में पर्यटकों को गोल्डन बुद्ध मंदिर, मार्बल टेंपल और रेक्लाइनिंग बुद्ध मंदिर के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त सफारी वर्ल्ड, मरीन पार्क और चाओ फ्राया नदी पर होने वाले रिवर क्रूज का आनंद भी यात्री उठा सकेंगे। शॉपिंग के शौकीनों के लिए इस पैकेज में इंदिरा मार्केट जाने का प्रावधान भी रखा गया है, जहां पर्यटक स्थानीय सामान और स्मृति चिन्ह खरीद सकते हैं।

मलेशिया पहुंचने पर पर्यटकों को प्रसिद्ध बातू केव्स, प्रशासनिक शहर पुत्राजया, कुआलालंपुर सिटी टूर, मशहूर जेंटिंग हाइलैंड, वन-वे केबल कार की सवारी और प्रतिष्ठित पेट्रोनास ट्विन टावर्स के स्काई ब्रिज पर जाने का अनूठा अनुभव प्राप्त होगा। इसके बाद यात्रा का अंतिम पड़ाव सिंगापुर होगा, जहां पर्यटकों के लिए सिटी टूर, सिंगापुर फ्लायर, नाइट सफारी, खूबसूरत सेंटोसा आइलैंड, केबल कार की सैर, मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम और मशहूर विंग्स ऑफ टाइम शो जैसे कई आकर्षण इस पैकेज का हिस्सा हैं।

कितना आएगा कुल खर्च

अब बात करते हैं इस टूर पैकेज की कीमत की। IRCTC के अनुसार, डबल और ट्रिपल ऑक्यूपेंसी यानी दो या तीन यात्रियों के एक कमरे में ठहरने की स्थिति में प्रति व्यक्ति किराया 1,79,900 रुपये तय किया गया है। वहीं अग कोई यात्री अकेले यानी सिंगल ऑक्यूपेंसी में ठहरना चाहता है, तो उसे 2,17,100 रुपये खर्च करने होंगे। 2 से 11 वर्ष तक के बच्चों के लिए अलग से किराया निर्धारित किया गया है, जो सामान्यतः वयस्कों की तुलना में कम होता है।

गौरतलब है कि, इस पैकेज की कुल राशि में जीएसटी को भी शामिल किया गया है। हालांकि, सरकार के मौजूदा नियमों के अनुसार लागू टीसीएस यानी टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स की राशि यात्रियों को अलग से जमा करानी होगी। ऐसे में यात्रियों को बुकिंग के समय इस अतिरिक्त खर्च को भी ध्यान में रखना चाहिए।

यात्रा से पहले जरूरी बातें जान लें

विदेश यात्रा पर जाने से पहले कुछ जरूरी दस्तावेजी औपचारिकताओं का पूरा होना अनिवार्य है। सबसे पहली और अहम शर्त यह है कि, यात्री का पासपोर्ट भारत लौटने की निर्धारित तारीख से कम से कम छह महीने तक वैध होना चाहिए। यह नियम लगभग सभी देशों की यात्रा के लिए अनिवार्य होता है। ऐसे में पासपोर्ट की वैधता समय रहते जांच लेना बेहद आवश्यक है।

IRCTC

इस पैकेज की एक और खूबी है कि, इसमें सिंगापुर वीजा की संपूर्ण प्रोसेसिंग प्रक्रिया पहले से शामिल है, जिससे यात्रियों को अलग से वीजा के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। वहीं, मलेशिया और थाईलैंड की यात्रा के लिए वर्तमान सरकारी नियमों के अनुरूप आवश्यक यात्रा औपचारिकताएं IRCTC की ही तरफ से पूरी कराई जाएंगी, जिससे यात्रियों को इन सबके लिए अतिरिक्त परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

अलग-अलग बुकिंग के झंझट से मिलेगी मुक्ति

कुल मिलाकर देखा जाए तो IRCTC का यह ‘बेस्ट ऑफ एशिया – थ्री इन वन’ पैकेज उन पर्यटकों के लिए एक बेहतरीन अवसर है जो कम समय में अधिक से अधिक जगहें घूमना चाहते हैं और साथ ही एक व्यवस्थित, सुरक्षित और परेशानी-मुक्त यात्रा अनुभव चाहते हैं। हवाई यात्रा से लेकर होटल, भोजन, स्थानीय घुमक्कड़ी और वीजा तक की तमाम व्यवस्थाएं एक ही पैकेज में शामिल होने से यात्रियों को अलग-अलग बुकिंग की झंझट से मुक्ति मिलती है।

जो यात्री इस पैकेज में रुचि रखते हैं, वे IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क कर पूरी जानकारी और बुकिंग से जुड़ी प्रक्रिया के बारे में जान सकते हैं। चूंकि यह यात्रा 10 अगस्त से शुरू होने वाली है, इसलिए इच्छुक पर्यटकों को समय रहते बुकिंग करवाने की सलाह दी जा रही है, ताकि सीमित सीटों के चलते बाद में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसे भी पढ़ें- ट्रेन लेट होने पर मुफ्त में मिलेगा नाश्ता-खाना, जानिए IRCTC की इस सुविधा का कैसे उठायें लाभ

Related Articles

Back to top button