2027 में सपा होगी निल बटा सन्नाटा…अखिलेश पर बीजेपी का तीखा हमला

  • ‘रस्सी जल गई, अकड़ नहीं गई’… अखिलेश यादव पर बीजेपी प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह का तीखा वार

  • ‘जनता 2027 में ईवीएम पर जवाब देगी’… अखिलेश की सियासत पर बीजेपी प्रवक्ता का सीधा निशाना

  • ‘सनातन को बदनाम करने के लिए AI वीडियो बनवा रही सपा’…

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेस कांफ्रेस पर बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने संत कबीर नगर में गणेशोत्सव के दौरान मूर्ति विसर्जन की घटना से लेकर रायबरेली के फिरोज गांधी कॉलेज विवाद, किसान कल्याण और संवैधानिक संस्थाओं के मुद्दे पर सपा पर तीखा हमला बोला और समाजवादी पार्टी के सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू पर निशाना साधा।

इसे भी पढ़ें- शामली मामले पर संगीत सोम आगबबूला, अखिलेश-राहुल-ओवैसी पर बरसे

सनातन पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि, मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहे लोगों के बीच सपा सांसद ने अपने सांसद होने का रुतबा दिखाते हुए सपा  की चिर-परिचित गुंडई अंदाज में निषाद समाज और सनातन पर टिप्पणी की, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

DINESH PRATAP SINGH

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि, सपा सांसद के बयान को लेकर वहां के लोगों में काफी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि, निषाद समाज सनातन को मानता है, विघ्नहर्ता भगवान गणेश और भगवान राम को मानता है। अगर कोई सनातन धर्म पर टिप्पणी करेगा, तो निश्चित तौर पर समाज उसकी प्रतिक्रिया देने को तैयार है। उन्होंने दावा किया कि, इसी कारण सपा सांसद को वहां से भागना पड़ा।

सपा-ABVP विवाद पर बिफरे प्रवक्ता

रायबरेली के फिरोज गांधी कॉलेज में सपा-ABVP विवाद को लेकर भी दिनेश प्रताप सिंह ने सपा पर निशाना साधा और कहा, प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी 2017 से लगातार हरा रही है, लेकिन ‘रस्सी जल गई, फिर भी अकड़ नहीं गई।’

उन्होंने कहा कि, बड़े-बड़े माफिया मिट्टी में मिल गए, लेकिन सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं की अकड़ अभी भी बरकरार है। इसका जीता-जगता उदाहरण रायबरेली में देखने को मिला, जहां सपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की। उन्होंने कहा, सपा नेताओं यह तक कहा कि, नाम लिखकर रखेंगे और कहीं भी रहेंगे, देख लेंगे।

2027 में जनता देगी जवाब

दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव पर सीधे निशाना साधते हुए कहा कि, उन्हें ‘मुंगेरी लाल के हसीन सपने’ देखना बंद कर देना चाहिए। जनता 2017 से उन्हें लगातार देख रही है और 2027 में जब ईवीएम उनके सामने होगी, तो जनता बटन दबाकर अपना फैसला भी सुना देगी। बीजेपी प्रवक्ता ने दावा किया कि, 2027 के चुनाव में सपा ‘निल बटा सन्नाटा’ होकर रह जाएगी और हकीकत में उसका कहीं अस्तित्व नहीं रहेगा।

किसान कल्याण को लेकर भी सपा पर हमला

किसान कल्याण के मुद्दे पर दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि, उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही है। किसानों को समय से बिजली, सिंचाई की मुफ्त व्यवस्था, खाद और पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही किसानों को समय से एमएसपी और गन्ना किसानों को समय से भुगतान किया जा रहा है। बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि, अखिलेश यादव की सपा की सरकार में किसानों को सालों-साल भुगतान नहीं मिलता था, बल्कि गुंडई और वसूली होती थी।

उन्होंने कहा कि, आज योगी आदित्यनाथ की सरकार में गन्ना किसानों का भुगतान 15 दिन में हो रहा है। उनके मुताबिक केंद्र में नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की डबल इंजन सरकार ने यह करके दिखाया है और किसानों की आय दोगुनी करने का जो वादा किया गया था, उसे पूरा किया गया है।

संवैधानिक संस्थाओं पर भरोसा नहीं

संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विपक्ष के दृष्टिकोण पर भी दिनेश प्रताप सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, सपा और ‘इंडी’ अलायंस लाल-काली किताबें लेकर घूमते हैं, संविधान की दुहाई देते हैं, लेकिन जब भी मौका मिलता है, संविधान को तार-तार करने करने से नहीं चूकते। उन्होंने राहुल गांधी और उनकी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, उन्हें न भारत के संविधान पर भरोसा है, न राष्ट्रगीत पर और न ही किसी संवैधानिक संस्था पर। यहां तक कि उन्हें चुनाव आयोग पर भी भरोसा नहीं है। दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि जब जनता का चुनावी फैसला इनके पक्ष में होता है तो सब कुछ ठीक रहता है, लेकिन जब फैसला इनके खिलाफ आता है तो सब गड़बड़ बताया जाता है।

AI वीडियो बनाकर भी सनातन को बदनाम नहीं कर पाएंगे

दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव पर सोशल मीडिया और AI वीडियो को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव चाहे जितनी कोशिश कर लें, X पर जितनी पोस्ट कर लें, प्रेस बुलाकर कितनी भी बातें कर लें या अपने कार्यालय में बैठकर सनातन को बदनाम करने के लिए कितने भी AI वीडियो बनवा लें, जनता सब देख रही है। उन्होंने कहा कि जब जनता को 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश और समाजवादी पार्टी का कुशासन याद आता है तो वह सिहर उठती है।

 

इसे भी पढ़ें- राजभर का अखिलेश पर करारा हमला, सपा राज में बिकती थीं नौकरियां, गुंडाराज था

Related Articles

Back to top button