इंदौर: इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पॉइंट में धमाके से भीषण आग, सात की मौत

यह हादसा सुबह करीब 3:30 से 4:30 बजे के बीच हुआ, जिसमें सात लोगों की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई।

मध्य प्रदेश । इंदौर स्थित ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में बुधवार तड़के एक हृदयविदारक घटना घटी, जहाँ एक तीन मंजिला मकान के बाहर इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पॉइंट में हुए धमाके ने भीषण आग का रूप ले लिया। सहायक पुलिस आयुक्त कुंदन मंडलोई के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 3:30 से 4:30 बजे के बीच हुआ, जिसमें सात लोगों की झुलसने और दम घुटने से मौत हो गई।

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने का मुख्य कारण घर के बाहर चार्ज हो रही कार के चार्जिंग पॉइंट में हुआ विस्फोट था। घर के दरवाजों पर इलेक्ट्रॉनिक ताले लगे होने के कारण बचाव दल को अंदर दाखिल होने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, वहीं घर के भीतर रखे रसोई गैस सिलेंडरों में हुए धमाकों ने आग को और अधिक विकराल बना दिया।

शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने पुष्टि की है कि सात शवों को अस्पताल लाया गया है, जबकि घायल हुए दो अन्य लोगों ने प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में इलाज कराने की इच्छा जताई है। वर्तमान में एक बच्चे के लापता होने की खबर है जिसकी तलाश जारी है, जबकि घर में फंसे तीन अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

दिल्ली: पालम की रिहायशी इमारत में आग, 30 दमकल गाड़ियां तैनात

देश की राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम इलाके पालम में भी बुधवार सुबह एक बड़ा अग्निकांड सामने आया है। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र की एक रिहायशी इमारत में सुबह करीब 7:00 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने और अंदर फंसे संभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए तत्काल दमकल की 30 गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। अग्निशमन विभाग को अंदेशा है कि इमारत के भीतर कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, जिसके चलते पुलिस और आपातकालीन सेवाएं युद्ध स्तर पर बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हालांकि, इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button