कट्टा-बम इंडस्ट्री की जगह अब रक्षा उत्पाद, यूपी ट्रेड शो में बोले अमित शाह

  • सपा सरकार को यूपी से बाहर करना पड़ा था निवेश का कार्यक्रम, योगी ने यूपी को बनाया निवेश का केंद्र 

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी ने किया यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का शुभारंभ

  ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का हवाला देते हुए पूर्ववर्ती सपा सरकार को आड़े हाथों लिया, साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज की तारीफ की। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि एक दौर ऐसा भी था जब राज्य सरकार को निवेश से जुड़ा आयोजन प्रदेश से बाहर ले जाना पड़ा था।

इसे भी पढ़ें- अमित शाह के UCC ऐलान पर भड़के ओवैसी, कहा- ‘समानता नहीं, मुसलमानों को निशाना बनाने की साजिश’

यूपी नहीं आना चाहते थे निवेशक

उस समय अफसरों की दलील होती थी कि कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी है कि कोई भी निवेशक यहां आने का जोखिम नहीं उठाना चाहता, लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। वही उत्तर प्रदेश अब डर के माहौल से मुक्त होकर निवेश का बड़ा ठिकाना बन गया है और देश की तरक्की का इंजन बनकर उभर रहा है।

UP International Trade Show

शाह ने कहा कि, उत्तर प्रदेश में जमीन पहले भी थी, 24 करोड़ से अधिक की आबादी और मेहनती कारीगर भी थे। कमी उद्योगों के लिए अच्छे माहौल की थी। 2017 में भाजपा की सरकार बनी और योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने तो माफिया के खिलाफ कार्रवाई हुई और कानून-व्यवस्था सुधरी। यही वजह है कि आज निवेशक उत्तर प्रदेश आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, बदलाव इतना बड़ा है कि उत्तर प्रदेश अब एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।

पूर्व की सरकारों पर तीखा हमला

पूर्ववर्ती सपा और बसपा सरकारों पर तीखा हमला करते हुए अमित शाह ने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश में अपराध की इंडस्ट्री चलती थी। कट्टा-बम बनाने की इंडस्ट्री लगती थी, वाहन चोरी का कुटीर उद्योग चलता था और चेन स्नैचिंग में युवाओं को हुनर प्राप्त करने का मौका मिलता था।

आज करीब 10 साल बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। कट्टा-बम की इंडस्ट्री की जगह रक्षा उत्पाद बन रहे हैं, वाहन चोरी की जगह वाहन मैन्युफैक्चरिंग हो रही है और चेन स्नैचिंग की जगह मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि, योगी सरकार ने सपा-बसपा के समय की गुंडागर्दी को नेस्तनाबूद कर प्रदेश में उद्योग और निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाया है।

शाह ने उत्तर प्रदेश के बदलाव को चार चरणों में समझाया। कहा, पहले दुनिया ने देखा कि यूपी बदल रहा है, फिर लोगों ने यहां आने की इच्छा जताई। इसके बाद निवेशक उत्तर प्रदेश आए और अब वे प्रदेश के विकास में भागीदार बनने जा रहे हैं। यही भागीदारी उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की यात्रा को आगे बढ़ाएगी।

 योगी सरकार को सराहा

अमित शाह ने कहा कि, कार्यक्रम में आते समय उन्होंने सीएम योगी के साथ डिफेंस कॉरिडोर का स्टॉल का निरिक्षण किया। झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर के छह नोड में रक्षा उपकरणों की मैन्युफैक्चरिंग के लिए निवेश आ रहा है। इसके लिए योगी सरकार ने अनुकूल नीतियां बनाने से लेकर जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करने तक बड़ा काम किया है।

उन्होंने कहा कि, देश का रक्षा उत्पादन आज करीब 1.78 लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है। उत्तर प्रदेश भी इसमें अपनी भूमिका तेजी से बढ़ा रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि यह पाकिस्तान की नींद उड़ा रही है। वहीं अमेठी में बनी एके-203 असॉल्ट राइफल नक्सलियों की नींद उड़ा चुकी है। कभी जिस उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाने का साहस नहीं होता था। आज वही रक्षा उत्पादन में अपनी पहचान बना रहा है।

तरक्की की राह पर उत्तर प्रदेश

शाह ने कहा कि एक्सप्रेसवे नेटवर्क और चौमुखी विकास ने उत्तर प्रदेश को तरक्की की राह पर तेजी से आगे बढ़ाया है। साथ ही योगी सरकार ने प्रदेश के पारंपरिक हुनर को संजोने और उसे नई पहचान देने की दिशा में भी काम किया। यही हुनर आज वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के रूप में सामने है और प्रदेश के विकास का मजबूत आधार बन चुका है।

UP International Trade Show

उन्होंने कहा कि यूपी के विभिन्न जिलों में बनने वाले उत्पादों ने पूरे देश में अपनी अलग छाप छोड़ी है। आने वाले दिनों में कश्मीर से कन्याकुमारी और द्वारका से कामाख्या तक, देश के हर कोने में उत्तर प्रदेश के उत्पाद लोगों को सहजता से मिल सकेंगे।

चौथे संस्करण में टूटेंगे पिछले रिकॉर्ड

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को प्रदेश के लिए बड़ा कारोबारी अवसर बताते हुए अमित शाह ने कहा कि यहां देश-दुनिया से सैकड़ों व्यापारी आए हैं। कई व्यापारिक समझौते होने वाले हैं। इसका सीधा असर निवेश, उत्पादन और बिक्री पर पड़ेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार का ट्रेड शो पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगा।

शाह ने कहा कि 2025 का संस्करण प्रभाव का वर्ष साबित हुआ था। पांच लाख से अधिक लोग इसमें पहुंचे थे और 2,400 से अधिक समझौते हुए थे। हजारों करोड़ रुपये के निवेश और व्यापारिक समझौतों का रास्ता खुला था। इस बार की भागीदारी को देखकर लग रहा है कि चौथा संस्करण उससे भी आगे जाएगा।

मेक इन इंडिया की राह पर UPITS

अमित शाह ने कहा कि 12 साल पहले इसी दिन पीएम नरेंद्र मोदी ने मेक इन इंडिया मिशन की घोषणा की थी। इन 12 वर्षों में केंद्र और राज्यों ने मिलकर भारत को उत्पादन, डिजाइन और इनोवेशन का केंद्र बनाने के लिए काम किया है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उसी मेक इन इंडिया की राह को आगे बढ़ाने वाला आयोजन है।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि, आजादी के बाद दीनदयाल उपाध्याय ने मुक्त व्यापार और मुक्त खेती की अवधारणा सामने रखी थी। आगे चलकर यही सोच पहले अटल बिहारी वाजपेयी और फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास का आधार बनी।

शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास पहले से जमीन और मेहनतकश कारीगर मौजूद थे, अब उद्योगों के अनुकूल माहौल भी तैयार हो चुका है। ट्रेड शो में शामिल हुए कारोबारी और यहां होने वाले करार आगे चलकर निवेश, उत्पादन और व्यापार को नई रफ्तार देंगे। दुनियाभर के निवेशक अब उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।

 

इसे भी पढ़ें- राहुल गांधी का अमित शाह पर हमला, पूछा- ‘किसने दी थी छात्रों पर गोली चलाने की इजाजत’

Related Articles

Back to top button