ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यूपी में कांग्रेस का प्रदर्शन, लखनऊ में पुलिस से झड़प, पुतला दहन

लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को पूरे प्रदेश में मोर्चा खोल दिया। लखनऊ से लेकर वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या और मथुरा तक कांग्रेसजनों ने विरोध मार्च निकाला और पुतला फूंका। राजधानी में चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करने निकले कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई और सैकड़ों को हिरासत लिए गये। कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उनके कार्यकाल के सभी फैसलों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।

इसे भी पढ़ें- सीएम योगी का कांग्रेस-सपा पर तीखा वार, बोले- ‘हारें तो चुनाव आयोग पर फोड़ देते हैं ठीकरा’

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदेशव्यापी प्रदर्शन 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के आह्वान पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों के संयुक्त तत्वावधान में विरोध मार्च निकालकर पुतला दहन किया गया।

CONGRESS

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि, ज्ञानेश कुमार ने भाजपा को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए संविधान विरोधी कृत्य किए, वोट चोरी की साजिश रची और मतदाता सूची के एसआईआर में धांधली की। पार्टी ने उनकी गिरफ्तारी, पद से हटाने और उनके कार्यकाल में लिए गए सभी निर्णयों तथा मतदाता सूची में हुए बदलावों की व्यापक व स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।

‘एक व्यक्ति के नियंत्रण’ में चल रहा आयोग 

कांग्रेस का कहना है कि, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी काफी पहले से देशभर में चल रहे कथित ‘वोट चोरी’ अभियान के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। पार्टी के मुताबिक अब यह रिकॉर्ड सामने आया है कि, निर्वाचन आयोग को एक व्यक्ति के नियंत्रण वाली व्यवस्था की तरह चलाया गया और अन्य दो चुनाव आयुक्तों को दरकिनार कर व्यापक चुनावी अनियमितताओं को अंजाम दिया गया। कांग्रेस ने इसे आयोग के भीतर अभूतपूर्व दरार को उजागर करने वाला चौंकाने वाला खुलासा बताया।

लखनऊ में बैरीकेडिंग पर झड़प

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन कुंवर सिंह निषाद ने बताया कि, राजधानी में लालबाग चौराहे के पास शर्मा चाय की दुकान के निकट तिकुनिया पार्क पर सैकड़ों कांग्रेसजन जुटे। यहां से वे जनपथ मार्केट स्थित चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करने के लिए मार्च करते हुए निकले। नगर निगम कार्यालय के पास भारी पुलिस बल ने बैरीकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। कांग्रेसजनों ने वहीं ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। इसके बाद पुलिस सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर बसों में भरकर पुलिस लाइन ले गई, जहां से उन्हें देर शाम रिहा कर दिया गया।

प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष रुद्रदमन सिंह बबलू, शहर अध्यक्ष डॉ. शहजाद आलम, अमित श्रीवास्तव त्यागी, सिद्धिश्री, ब्रजेश कुमार सिंह, मुकेश सिंह चौहान, वेद प्रकाश त्रिपाठी, शिव बहादुर सिंह, दिनेश सिंह, राजेंद्र पांडेय, शैलेंद्र दीक्षित, महीप सिंह, कौशलेंद्र सिंह, रज्जन आचार्य, अकील अहमद, प्रमोद राजपूत, संतोष द्विवेदी, राजू रावत, गोलू पाठक, विशम सिंह, रजनीश यादव, नितांत सिंह और जय प्रकाश पांडेय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।

वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या समेत कई जिलों में प्रदर्शन

वाराणसी में कचहरी स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर सैकड़ों कांग्रेसजन जुटे और कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालकर पुतला दहन किया। इसमें जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

सुलतानपुर में जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा और शहर अध्यक्ष शकील अंसारी के नेतृत्व में ओपी चौधरी, मान तिवारी, आवेश अहमद आदि ने मार्च निकालकर पुतला दहन किया। प्रयागराज में बालसन चौराहे से आनंद भवन तक निकले मार्च में सांसद उज्जवल रमण सिंह और पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह समेत सैकड़ों कांग्रेसजन शामिल हुए।

CONGRESS

अयोध्या में कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक निकाले गए मार्च को जिला अस्पताल के सामने पुलिस ने जबरन रोक दिया, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया। सोनभद्र में जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गौड़, शहर अध्यक्ष फरीद अहमद, राजीव त्रिपाठी और जितेंद्र पासवान के साथ सैकड़ों कांग्रेसजनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।

सीतापुर में आंख अस्पताल स्थित गांधी प्रतिमा से लालबाग होते हुए कांग्रेसजन जीआईसी चौराहे पहुंचे और पुतला दहन किया। इसमें जिलाध्यक्ष ममता वर्मा, शहर अध्यक्ष शिशिर बाजपेयी, रमेश निषाद, उत्कर्ष अवस्थी, विनीत दीक्षित और कमला रावत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।

रायबरेली में जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी, पूर्व विधायक अशोक सिंह, राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी, पूर्व मंत्री सुरेंद्र विक्रम सिंह, धीरज श्रीवास्तव, अतुल सिंह, सरिता यादव, मो. इलियास और राम खेलावन पासी के नेतृत्व में तिलक भवन से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकालकर पुतला दहन किया गया। उन्नाव में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा, हनुमंत सिंह, चंद्र प्रकाश, दिनेश शुक्ला, जंगबहादुर सिंह, सुयश बाजपेयी और प्रेमा गौतम समेत सैकड़ों कांग्रेसजनों ने विरोध मार्च निकाला।

आगरा में ज्ञानेश कुमार के मूल निवास पर प्रदर्शन

मथुरा में जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर और प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान संगठन महासचिव अनिल यादव के संयुक्त नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता आगरा के विजय नगर कॉलोनी पहुंचे। वहां ज्ञानेश कुमार के मूल निवास पर प्रदर्शन कर उनकी गिरफ्तारी, पद से हटाने और कार्यकाल में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की गई।

इधर, मथुरा महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम के नेतृत्व में 200 से 250 बाइकों के काफिले के साथ महानगर कांग्रेस कार्यालय से होली गेट तक विरोध मार्च निकाला गया।

कुंवर सिंह निषाद ने बताया कि इसी तरह पूरे प्रदेश में जिला और शहर इकाइयों ने विरोध मार्च निकाला और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी, पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल में किए गए बदलावों की व्यापक एवं स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।

 

इसे भी पढ़ें- झूठ की गूंज में कांग्रेस के युवराज का व्यवहार नारी शक्ति का अपमान: सीएम योगी

Related Articles

Back to top button