‘साइकिल चलती रहती, तो यूपी में दंगे होते’, पीलीभीत में CM योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह में पहुंचे सीएम योगी ने अपने भाषण में एक के बाद एक तीखे प्रहार किए और विपक्ष को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि, अगर यूपी में सपा की साइकिल चलती रहती, तो प्रदेश में दंगों का सिलसिला भी चलता रहता। जनता ने सही वक्त पर साइकिल को पंचर कर दिया और आज उत्तर प्रदेश शांति और विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

इसे भी पढ़ें- 50 साल बाद नोएडा अथॉरिटी को मिली अपनी बिल्डिंग, कल CM योगी करेंगे लोकार्पण

‘सपा कट्टे बनाती थी, हम ब्रह्मोस बना रहे हैं’

सीएम योगी ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग कट्टे बनाते थे और हम लोग ब्रह्मोस मिसाइल बना रहे हैं। यह एक लाइन का फर्क नहीं है, यह दो अलग-अलग सोच का फर्क है। एक सोच जो प्रदेश को हिंसा और अराजकता में धकेलती थी और दूसरी सोच जो उत्तर प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बना रही है।

CM Yogi Pilibhit Visit

उन्होंने कहा कि, सपा की सरकारों में माफिया को खुला संरक्षण मिलता था। अपराधी बेखौफ घूमते थे और आम जनता डरी-सहमी रहती थी, लेकिन आज यूपी में कोई दंगा नहीं कर सकता, कोई माफिया निडर होकर नहीं चल सकता। कानून का राज स्थापित हुआ है और इसी का नतीजा है कि, प्रदेश में निवेश आ रहा है, उद्योग लग रहे हैं और रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।

सिर्फ सैफई का विकास हुआ

मुख्यमंत्री ने सपा की विकास नीति पर तीखा व्यंग्य करते हुए कहा कि, पिछली सपा सरकारों में जो विकास हुआ उसका मतलब सिर्फ और सिर्फ सैफई था, क्योंकि उसने सिर्फ सैफई का विकास किया, प्रदेश के अन्य जिले उनके एजेंडे में शामिल नहीं थे। सीएम ने  पीलीभीत का उदाहरण देते हुए कहा कि, सपा को चार बार सत्ता में आने का मौका मिला यहां से मिला, चार बार यानी एक लंबा और पर्याप्त समय, लेकिन यहां का विकास जीरो है। अगर, समाजवादियों को इस जिले की चिंता होती, तो यहां मेडिकल कॉलेज कब का बन गया होता, लेकिन सच ये है कि पीलीभीत कभी उनके एजेंडे में था ही नहीं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि, हमारी सरकार सभी जिलों का समान विकास कर रही है। किसी एक परिवार की जागीर की तरह नहीं है। हमारी सरकार 25 करोड़ उत्तर प्रदेशवासियों के हित में काम कर रही है।

 12 बजे सोकर उठते हैं ‘बबुआ’

इस पूरे भाषण का सबसे चर्चित और तीखा हिस्सा रहा सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर किया गया, सीएम का एक तीखा व्यंग्य था। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि, हमने गरीबों की पीड़ा के साथ अपनी संवेदना जोड़ी। यह संवेदना समाजवादी पार्टी भी जोड़ सकती थी। उन्हें चार बार शासन का मौका मिला था, लेकिन वे तब करते जब बबुआ को समय पर जगने की आदत होती।

CM Yogi Pilibhit Visit

सीएम ने पूरे व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, 12 बजे सोकर उठेंगे, 2 बजे तक तैयार होंगे और 5 बजे जिम चले जाएंगे, तो गरीब की पीड़ा सुनने का मौका कब मिलेगा, यह तंज साफ तौर पर विपक्ष के नेताओं की कथित जीवनशैली और उनकी जनता से दूरी को उजागर करने के लिए था। सभा में मौजूद लोगों ने इस पर जोरदार तालियां बजाईं।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना 

सीएम योगी ने सपा के साथ-साथ कांग्रेस पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने देश का बंटवारा किया और उसके बाद भी जो विस्थापित हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए, उनके बारे में दशकों तक सुध नहीं ली।उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम यानी CAA का जिक्र करते हुए कहा कि, लंबे समय बाद डबल इंजन की सरकार आई और उसने सोचा कि, इन विस्थापित लोगों को भी भारत की नागरिकता मिलनी चाहिए। यह उनका हक था, जो उन्हें मिला।

CM Yogi Pilibhit Visit

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा की तुष्टीकरण की नीति पर सीधा और कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, याद करिये, जब CAA के तहत विस्थापित हिंदुओं, सिखों और बौद्धों को नागरिकता के प्रमाण पत्र दिए जा रहे हैं, तब उसके खिलाफ ये लोग सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहे थे। इनका पहला और एकमात्र उद्देश्य यही है कि, देश के संसाधनों पर पहला अधिकार एक खास वर्ग का हो।

उन्होंने इसे तुष्टीकरण की कुत्सित नीति बताते हुए कहा कि इस पाप की कीमत हमेशा आम जनता को चुकानी पड़ी, लेकिन अब वह दौर बदल चुका है। जनता सब समझती है और उसने अपना फैसला सुना दिया है।

पीलीभीत को दी विकास की सौगात

राजनीतिक हमलों के अलावा सीएम योगी का यह दौरा विकास के लिहाज से भी बेहद अहम रहा। उन्होंने पीलीभीत के बरखेड़ा और बीसलपुर विधानसभा क्षेत्रों में 569 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य शामिल हैं।

CM Yogi Pilibhit Visit

इसके अलावा मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद देहात और कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों में भी 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। नगर निगम और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की इन परियोजनाओं से लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।

सीएम योगी का यह पीलीभीत दौरा एक तरफ जहां विपक्ष पर तीखे राजनीतिक प्रहार के लिए याद किया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ 900 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देकर उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि, भाजपा सरकार का फोकस सिर्फ एक क्षेत्र या एक वर्ग पर नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के समग्र विकास पर है।

 

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चंदा चोरी पर CM योगी का बड़ा बयान, ‘जन आस्था से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बक्शेंगे’

Related Articles

Back to top button