
-
केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया भारत टैक्सी एवं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ
-
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत एलडीबी ऋण की ब्याज दर 11 से घटाकर की गई छह प्रतिशत
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ करते हुए टैक्सी चालकों और किसानों के हित में दो बड़ी घोषणाएं कीं। भारत टैक्सी योजना के तहत टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालक बिना कमीशन के रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे और उन्हें पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा भी प्रदान की जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के अंतर्गत एलडीबी से किसानों को मिलने वाले ऋण पर ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत कर दी गई है।
इसे भी पढ़ें- 3,567 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र, सीएम योगी की चेतावनी- घूस मांगी तो होगी जेल
मुख्यमंत्री ने कहा, सहकारिता की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि, उसका नेतृत्व किसके हाथों में है। सही नेतृत्व सहकारिता को समृद्धि की दिशा में ले जाता है, जबकि गलत नेतृत्व इसे अव्यवस्था की ओर धकेल सकता है। उन्होंने कहा कि, आजादी के बाद पहली बार देश में सहकारिता के लिए अलग मंत्रालय बनाया गया और अब इसके सकारात्मक नतीजे सामने आने लगे हैं।
देश की रफ्तार बनेगी ‘भारत टैक्सी’
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालकों के हितों पर पहले किसी का ध्यान नहीं जाता था। अब ये चालक रजिस्ट्रेशन के जरिए बिना किसी कमीशन के भारत टैक्सी से जुड़ सकेंगे और उन्हें पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि, सामाजिक सुरक्षा मिलने से चालक बिना किसी चिंता के जिम्मेदारीपूर्वक अपना काम कर सकेगा।

उन्होंने आगे कहा कि, भारत टैक्सी सिर्फ यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने वाली एक सामान्य टैक्सी सेवा नहीं है, बल्कि यह पूरे भारत की टैक्सी है जो देश की रफ्तार को प्रगति में बदलने का काम करेगी। फिलहाल इसका संचालन लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में शुरू किया गया है। इस दौरान लखनऊ एयरपोर्ट, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस समेत कई संस्थाओं के साथ एमओयू भी किए गए हैं।
रैपिडो के सफल मॉडल ने दिखाई राह
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां लाखों युवा रैपिडो के माध्यम से अपनी बाइक पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित रूप से संगम तक पहुंचा रहे थे। संगम से रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक यात्रियों को पहुंचाने में भी इन युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिससे न केवल यातायात व्यवस्था बाधित नहीं हुई बल्कि लोगों को आवागमन में भी सहूलियत मिली।
उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को निर्देश दिए कि भारत टैक्सी के इसी मॉडल को अपनाते हुए ग्रामीण बस सेवा को भी और मजबूत किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि, यदि यह मॉडल आगे बढ़ता है तो इससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
किसानों को 6% ब्याज पर मिलेगा ऋण
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ करते हुए योगी आदित्यनाथ ने बताया कि, पहले उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को 11 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण मिलता था, जिसे अब घटाकर छह प्रतिशत कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि, खेती-किसानी और कृषि मशीनरी के लिए किसानों को धन की कमी न हो, इसके लिए दीर्घकालिक ऋण की व्यवस्था की गई है। आने वाले वर्षों में पांच लाख लघु और सीमांत किसानों को इस योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, अन्नदाता किसान खुशहाल होगा, तो देश भी खुशहाल होगा और किसान समृद्ध होगा तो भारत भी समृद्ध बनेगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र जितना सशक्त होगा, देश की नींव भी उतनी ही मजबूत होगी।
86 लाख किसानों का ऋण माफ
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद अब तक 86 लाख लघु और सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि, दशकों से अटकी पड़ी सिंचाई परियोजनाओं को भी पूरा किया गया है। सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना को पूरा होने में करीब पांच दशक लग गए थे। इसके साथ ही अर्जुन सहायक, बाणसागर और मध्य गंगा जैसी परियोजनाओं को भी गति दी गई।

उन्होंने बताया कि, बीते साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में करीब 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है। 16 लाख से अधिक निजी ट्यूबवेल धारक किसानों को मुफ्त बिजली दी जा रही है। वहीं नहर और सरकारी ट्यूबवेल के माध्यम से भी मुफ्त सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
गन्ना किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये का भुगतान
सीएम ने बताया, प्रदेश में इस समय 122 चीनी मिलें संचालित हो रही हैं, जिनमें से 100 से अधिक मिलें चौथे दिन के भीतर गन्ना मूल्य का भुगतान कर रही हैं। पिछले नौ वर्षों में किसानों को गन्ना मूल्य के रूप में कुल 3.30 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि, उस दौर में 29 चीनी मिलें बंद कर दी गई थीं, जिनमें से 21 को बेहद कम दामों में बेच दिया गया था।
उन्होंने कहा कि, किसानों को बीज से लेकर बाजार तक की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ठोस प्रयास किए गए हैं। इसके तहत पैक हाउस बनाए गए, फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित की गईं और एफपीओ के गठन के साथ-साथ कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। सहकारिता के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता के वेयरहाउस भी बनाए जा रहे हैं।
2017 से पहले ठप थे 16 सहकारी बैंक
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 से पहले प्रदेश के 16 सहकारी बैंक ठप हो चुके थे और उनके लाइसेंस तक रद्द कर दिए गए थे, जबकि इनमें किसानों के हजारों करोड़ रुपये जमा थे। उन्होंने बताया कि, अब इनमें से 15 बैंक दोबारा मुनाफे में आ चुके हैं। वहीं शेष एक बैंक को भी बेहतर बनाने की दिशा में काम जारी है।
उन्होंने बताया कि, पैक्स को पहले 10 लाख रुपये तक की ब्याज मुक्त कैश क्रेडिट सुविधा मिलती थी, जिसे अब बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है। सहकारिता क्षेत्र से अब तक 54 लाख नए सदस्य जुड़ चुके हैं। किसानों को समय पर खाद, कीटनाशक और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।
कृषक समृद्धि पोर्टल लॉन्च, भारत टैक्सी को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने बटन दबाकर मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल ऐप यूपीसीडीसी की शुरुआत की। इसके साथ ही उर्वरक संबंधी मोबाइल ऐप और सहकारिता सेवाओं को आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोऑपरेटिव डाटा सेंटर व मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने पांच सारथियों को भारत टैक्सी के शेयर प्रमाण पत्र भेंट किए तथा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे।
भारत टैक्सी के सीईओ कर्नल हिमांशु और अडानी एयरपोर्ट लखनऊ के चीफ कमर्शियल ऑफिसर शिव मोहन ने विभिन्न संस्थाओं के साथ हुए समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल सहित उपस्थित अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर भारत टैक्सी को रवाना किया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे ये गणमान्य
इस अवसर पर केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति डॉ. विवेक कुमार सिंह तोमर, सहकारिता मंत्रालय के अपर सचिव पंकज कुमार बंसल तथा भारत टैक्सी के उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें- समाज को जातियों में बांटने वालों से सावधान रहें: सीएम योगी



