3,567 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र, सीएम योगी की चेतावनी- घूस मांगी तो होगी जेल

  •  सैफई सिंडिकेट गिनता जाए, हम नौकरी देते जाएंगे: मुख्यमंत्री

 लखनऊ। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद किसी प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता या शिक्षक से पैसे मांगे गए तो ऐसा करने वाले को जेल में सड़ना पड़ेगा। किसी शिक्षक को ज्वाइनिंग में परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसी प्रबंधक की कोई जिज्ञासा है तो वह शासन को बताए। नियुक्ति के बाद पैसे मांगने की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई होगी। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान कही।

इसे भी पढ़ें- समाज को जातियों में बांटने वालों से सावधान रहें: सीएम योगी

मंगलवार को सीएम योगी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग से चयनित 3,567 प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों, प्रवक्ताओं और सहायक अध्यापकों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि, यह केवल नियुक्ति पत्र देने का कार्यक्रम नहीं है। इन शिक्षकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी है। एक शिक्षक साल में 100 छात्रों से संवाद करता है तो 3,567 शिक्षक साढ़े तीन लाख से अधिक बच्चों का मार्गदर्शन कर सकते हैं।

सपा प्रमुख पर कसा तंज

सीएम ने कहा, मंगलवार को 3,567 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। पिछले एक सप्ताह में 5,297 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी।

CM YOGI

उन्होंने बिना नाम लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि, सैफई सिंडिकेट के वक्तव्य के बाद यह तीसरा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है। हम नौकरी देते जाएंगे, आप गिनते जाइए। अगर गिनती नहीं आती है तो कभी-कभी शिवपाल के सानिध्य में बैठ जाइए, वह बहुत अच्छी गिनती सिखा देंगे।

नकल माफिया की कमर तोड़ने की जिम्मेदारी प्रशांत को

मुख्यमंत्री ने कहा कि, शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार को जिम्मेदारी इसलिए दी गई है कि नकल माफिया की कमर तोड़ी जा सके और प्रतिभावान युवाओं के हक पर कोई सैफई सिंडिकेट डकैती न डाल सके। उन्होंने आरोप लगाया कि, पहले परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति किसी दूसरे को मिल जाती थी।

हाल में नियुक्ति पाने वाले एक युवक का जिक्र करते हुए कहा कि 2015-16 में उससे आठ लाख रुपये मांगे गए थे। खेत बेचकर रकम की व्यवस्था करने तक उससे ज्यादा पैसे देने वाला दूसरा व्यक्ति आ गया और वह नियुक्ति से वंचित रह गया। अब उसे योग्यता के आधार पर नियुक्ति मिली है।

प्रयागराज के युवाओं के लिए NCTE को पत्र

मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज में धरने पर बैठे युवाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंत्री से एनसीटीई को पत्र लिखकर इन युवाओं को एक बार राहत देने या एक निश्चित समय के बाद प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने की व्यवस्था करने को कहा। बोले, नौजवानों के हौसलों पर ब्रेकर लगाने वाली जड़ता की शिकार व्यवस्था को बदलना होगा।

AI नहीं, शिक्षक बताएगा क्या सही और क्या गलत

नवचयनित शिक्षकों से मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उत्तर और गूगल जानकारी दे सकता है, लेकिन क्या सही है और क्या गलत, इसकी पहचान शिक्षक ही कराएगा। छात्र के मन में कब, क्या और कहां की जिज्ञासा शिक्षक पैदा कर सकता है। यही जिज्ञासा इनोवेशन और रिसर्च का आधार बनेगी।

उन्होंने कहा कि, सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर और लैब बना सकती है, उद्योगों के लिए माहौल दे सकती है, लेकिन इनका उपयोग इनोवेशन और रोजगार के लिए कैसे होगा, यह शिक्षकों के प्रशिक्षित विद्यार्थी तय करेंगे। वर्ष 2047 में आज के 12 से 17 वर्ष के बच्चे अलग-अलग क्षेत्रों में देश का नेतृत्व कर रहे होंगे।

मुख्यमंत्री ने गुरु वशिष्ठ, विश्वामित्र, महर्षि वाल्मीकि, गुरु संदीपनी और चाणक्य से लेकर महामना मदन मोहन मालवीय, डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तक का उल्लेख करते हुए शिक्षक की भूमिका समझाई।

2,300 से अधिक विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार से काम

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि, ऑपरेशन कायाकल्प और निपुण भारत के तहत बेसिक शिक्षा में सुविधाओं का सैचुरेशन 36 से बढ़कर 96 फीसदी हुआ है। माध्यमिक शिक्षा में 2,300 से अधिक विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत नए भवन और इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हुए हैं। 1,500 से अधिक राजकीय इंटर कॉलेजों की नई बिल्डिंग बन चुकी है। स्कूलों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, लैब और अटल टिंकरिंग लैब विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि नौ वर्ष पहले बीमारू कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना है। प्रदेश बॉटम फाइव से टॉप थ्री में आया है। अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है।

समाज को बांटने वालों से छात्रों को सतर्क करें

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से कहा कि उनका दायित्व सिर्फ अच्छे परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है। स्कूल को विद्यार्थियों की जिज्ञासा का केंद्र बनाना होगा। पाठ्यक्रम के साथ-साथ महापुरुषों की जीवनी और देश-दुनिया की घटनाओं की जानकारी भी दी जानी चाहिए।

CM YOGI

समाज में फूट डालने वाले तत्वों से भी छात्रों को सचेत करना जरूरी है, क्योंकि शिक्षक का व्यवहार ही छात्रों को प्रेरित करता है।

समाज को सही दिशा दिखाते हैं शिक्षक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि विद्यादान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। शिक्षक की भूमिका केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाना भी उसका दायित्व है। पूर्ववर्ती सपा सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उस दौर में नौकरियां पर्ची और खर्ची के आधार पर बंटती थीं। वहीं आज प्रदेश में 85 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं और गोरखपुर व रायबरेली में दो एम्स भी स्थापित हैं।

मेहनत से हासिल किया मुकाम: गुलाब देवी

माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि नए चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी मेहनत और काबिलियत से यह मुकाम हासिल किया है। पहले योग्य उम्मीदवार पीछे छूट जाते थे और चयन जाति के आधार पर होता था। उन्होंने सभी नवचयनित प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों, प्रवक्ताओं और सहायक अध्यापकों को बधाई दी।

इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, माध्यमिक शिक्षा सचिव किंजल सिंह और विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

इसे भी पढ़ें- झूठ की गूंज में कांग्रेस के युवराज का व्यवहार नारी शक्ति का अपमान: सीएम योगी

Related Articles

Back to top button