शतरंज: दिव्या देशमुख ने बनाई संयुक्त बढ़त, प्रज्ञाननंदा की उम्मीदों को करारा झटका

अब खिताब की दौड़ में दिव्या, वैशाली, कटेरीना लागनो और झू जिनर के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।

साइप्रस के पाफोस में जारी कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट के आठवें दौर में भारत के लिए मिली-जुली खबरें रहीं। महिला वर्ग में विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक को मात दी। काले मोहरों से खेलते हुए दिव्या ने एक समय ड्रॉ की ओर बढ़ रही बाजी में प्रतिद्वंदी की गलती का फायदा उठाया और महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ ही दिव्या 4.5 अंकों के साथ महिला वर्ग में संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गई हैं। उनके साथ भारत की ही आर वैशाली भी 4.5 अंकों के साथ शीर्ष स्थान साझा कर रही हैं, जिन्होंने आठवें दौर में कजाकिस्तान की बिबिसारा असौबायेवा के साथ बाजी ड्रॉ खेली। अब खिताब की दौड़ में दिव्या, वैशाली, कटेरीना लागनो और झू जिनर के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।

दूसरी ओर, ओपन वर्ग में भारत की बड़ी उम्मीद माने जा रहे आर प्रज्ञाननंदा को नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस टूर्नामेंट में यह प्रज्ञाननंदा की दूसरी हार है, जिसने उनकी खिताब जीतने की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया है। फिलहाल प्रज्ञाननंदा 3.5 अंकों के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर खिसक गए हैं।

वहीं उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव 6.5 अंकों के साथ मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं और खिताब की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। टूर्नामेंट में अब केवल छह दौर का खेल शेष है और विजेता खिलाड़ी को विश्व चैंपियन डी गुकेश को चुनौती देने का अवसर मिलेगा। प्रज्ञाननंदा के लिए अब वापसी की राह बेहद कठिन नजर आ रही है।

Related Articles

Back to top button