नहीं आता आईलाइनर लगाना? मेकअप आर्टिस्ट के ये आसान हैक्स बना देंगे एक्सपर्ट

आईलाइनर के बिना हर मेकअप अधूरा माना जाता है। इसके न होने से लुक नहीं आता है, लेकिन बहुत से महिलाओं और लड़कियों को आईलाइनर लगाना नहीं आता है। ऐसे में पूरा मेकअप चाहे कितनी ही बारीकी और मेहनत से क्यों न किया गया हो, अगर आईलाइनर सही ढंग से न लग पाए तो पूरा लुक बिगड़ जाता है।

इसे भी पढ़ें- रिलायंस रिटेल ने लॉन्च किया प्रीमियम फैशन और लाइफस्टाइल स्टोर AZORTE

ब्यूटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि, आईलाइनर सिर्फ आंखों को उभारने भर का काम नहीं करता, बल्कि यह आंखों की पूरी शेप को भी बदलने की क्षमता रखता है। यही वजह है कि, इसे दोनों आंखों में बराबर और सही तरीके से लगाना बेहद जरूरी माना जाता है। हालांकि, सही तकनीक की जानकारी न होने की वजह से अक्सर यह प्रक्रिया बिगड़ जाती है और पूरी की पूरी मेहनत बेकार चली जाती है।

क्यों बिगड़ जाता है आईलाइनर

ब्यूटी एक्सपर्ट्स बताते हैं कि, कई बार लोगों के हाथ आईलाइनर लगाते समय ज्यादा कांपते हैं या आंखें बार-बार बंद हो जाती हैं, जिससे लाइन सही तरीके से नहीं बन पाती। इसके अलावा एक बड़ी वजह यह भी सामने आती है कि, ज्यादातर लोगों को अपनी आंखों के आकार के मुताबिक आईलाइनर लगाने का सही तरीका ही नहीं पता होता।

Eyeliner

यही वजह है कि हुडेड आई वाले लोग कितना भी मोटा लाइनर क्यों न लगाएं, वह ठीक से नजर ही नहीं आता, वहीं, मोनोलिड आंखों पर लाइनर लगाने के बाद अक्सर लुक अस्वाभाविक नजर आने लगता है। ऐसे में जरूरत है कुछ आसान, लेकिन कारगर ट्रिक्स को अपनाने की, जो नए और अनुभवहीन लोगों के लिए भी आईलाइनर लगाना आसान बना सकती हैं।

आईलाइनर चुनते समय रखें इन बातों का ध्यान

बाजार में मुख्य रूप से चार तरह के आईलाइनर उपलब्ध होते हैं और हर एक की अपनी अलग खासियत होती है। लिक्विड आईलाइनर की मदद से शार्प और बोल्ड लाइन बेहद सफाई के साथ बनाई जा सकती है, इसलिए पार्टी या किसी खास मौके के लिए तैयार होने वालों के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है। वहीं, जो लोग आईलाइनर लगाने में नए हैं और जिनका हाथ अभी पूरी तरह सधा नहीं है, उनके लिए पेन आईलाइनर एक आसान और सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकता है।

इसके अलावा जेल आईलाइनर स्मूद तरीके से लगता है और अगर किसी को स्मज करके स्मोकी लुक तैयार करना हो, तो यह विकल्प सबसे उपयुक्त माना जाता है। वहीं, पेंसिल आईलाइनर रोजाना इस्तेमाल के लिए या वॉटर लाइन पर लगाने के लिए बेहतर विकल्प के रूप में देखा जाता है।

आंखों के आकार के अनुसार ही लगाएं आईलाइनर

ब्यूटी एक्सपर्ट्स इस बात पर खास जोर देते हैं कि, आईलाइनर लगाते समय अपनी आंखों के आकार का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। ऐसा न करने पर आईलाइनर लगाने के बाद आंखें अजीब नजर आ सकती हैं और चेहरे का पूरा लुक खराब हो  जाता है। अक्सर लोग यह कहते सुने जाते हैं कि, उनके चेहरे पर आईलाइनर सूट नहीं करता है, जबकि असल वजह यह होती है कि वे अपनी आंखों की बनावट के अनुसार लाइनर लगा ही नहीं पाते हैं।

हुडेड आई वाले लोगों को पतला लाइनर लगाने की सलाह दी जाती है और आंखें खुली रखकर ही विंग बनाना बेहतर रहता है। वहीं राउंड आई वाले लोगों को लैश लाइन के ऊपर लाइनर को ज्यादा मोटा नहीं करना चाहिए, बल्कि कॉर्नर पर थोड़ा ज्यादा लाइनर लगाकर बाहर की ओर लंबा विंग बनाना चाहिए, साथ ही इनर कॉर्नर पर भी हल्की लाइन देनी चाहिए, ताकि आंखों को लंबाई का एहसास मिल सके।

Eyeliner

मोनोलिड आंखों के लिए स्मज किया हुआ आईलाइनर बेहतर माना जाता है, जिसमें अंदर की तरफ पतला और बाहर की तरफ थोड़ा  मोटा लाइनर रखा जाना चाहिए, जिन लोगों की आंखें नीचे की ओर झुकी हुई होती हैं, उन्हें बाहरी कॉर्नर पर लाइनर को हल्का ऊपर की तरफ उठाते हुए लगाना चाहिए, लेकिन विंग को बहुत लंबा नहीं रखना चाहिए और नीचे की तरफ लाइनर या काजल लगाने से बचना चाहिए। वहीं आमंड शेप वाली आंखों को लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि इस आकार पर लगभग हर तरह का आईलाइनर अच्छा दिखता है।

हाथ को स्थिर रखना है सबसे जरूरी

आईलाइनर लगाने के दौरान हाथ को स्थिर रखना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि हाथ हिलने से पूरी लाइन बिगड़ सकती है। इसके लिए    ब्यूटीशियन की सलाह होती है कि, कोहनी को टेबल पर टिकाकर रखा जाए और छोटी उंगली को गाल पर हल्के से टिकाया जाए, जिससे हाथ को सहारा मिलता है और कंपन काफी हद तक कम हो जाता है।

कैसे बनाएं परफेक्ट विंग

ब्यूटीएक्सपर्ट के अनुसार विंग बनाने की शुरुआत आंख के बाहरी कॉर्नर से करनी चाहिए। लैश लाइन से जोड़ते हुए एक छोटी लाइन आईब्रो के आखिरी छोर की दिशा में एक काल्पनिक रेखा को ध्यान में रखकर खींची जानी चाहिए। इसके बाद जहां लाइनर को रोका गया है, वहां से एक सीधी रेखा अंदर की ओर लैश लाइन से जोड़ते हुए बनानी चाहिए। इससे विंग की बुनियादी शेप तैयार हो जाती है, जिसे बाद में भरकर और लैश लाइन पर मनचाही मोटाई का लाइनर लगाकर विंग से जोड़ दिया जाता है।

प्रो टिप्स से मिलेगा परफेक्ट फिनिश

मेकअप आर्टिस्ट कुछ खास प्रो टिप्स भी सुझाते हैं, जिन्हें अपनाकर बिगिनर्स भी बेहतरीन आईलाइनर लगा सकते हैं। सबसे पहली सलाह यह दी जाती है कि, लाइनर लगाने से पहले मस्कारा न लगाएं। साथ ही पूरा लाइनर एक ही स्ट्रोक में लगाने की कोशिश न करें। जो लोग नए हैं, उन्हें डॉट बनाकर गाइडलाइन तैयार करने की सलाह दी जाती है, एक डॉट विंग के लिए और दो डॉट ऊपर-नीचे आंख के बाहरी कॉर्नर पर, जो लाइनर की चौड़ाई तय करने में मदद करते हैं। इन डॉट्स को थोड़ा नीचे रखना बेहतर होता है, ताकि बाद में लाइन स्मूद करने पर वह बहुत मोटी न दिखे।

इसके अलावा आंख के अंदरूनी हिस्से में लाइनर को मोटा नहीं बनाना चाहिए। बॉटल से लाइनर लेते समय सबसे पहले उसे उस जगह लगाना चाहिए, जहां मोटाई ज्यादा रखनी हो और फिर लाइनर को बाहर से अंदर की ओर लगाते हुए इनर कॉर्नर से एक पतली रेखा बनाकर उसे मुख्य लाइन से जोड़ देना चाहिए। एक और उपयोगी तरीका यह भी बताया जाता है कि उंगली की मदद से आंख को हल्का ऊपर उठाकर देखें, ताकि लैश लाइन पूरी तरह नजर आए और लाइनर लगाने के बाद कहीं भी खाली जगह न बचे। यह प्रक्रिया लाइनर की पूरी शेप तैयार हो जाने के बाद ही करनी चाहिए।

अगर आईलाइनर बिगड़ जाए तो क्या करें

अगर आईलाइनर लगाते वक्त गलती हो जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है। इसके लिए ईयर बड में हल्का मॉइश्चराइजर या माइसेलर वॉटर लगाकर सिर्फ उतना ही हिस्सा साफ करें, जितनी जरूरत हो और फिर उसे दोबारा ठीक कर लें। वहीं, अगर लाइनर ऊपर की तरफ फैल जाए, तो उसे पूरी तरह सूखने दें और इसके बाद सूखी ईयर बड की मदद से आसानी से साफ किया जा सकता है।

आंखों की सुरक्षा को न करें इग्नोर

विशेषज्ञ ये भी कहते हैं कि, आईलाइनर लगाने के साथ-साथ आंखों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखना जरूरी है। इसके लिए हमेशा किसी भरोसेमंद ब्रांड का ही आईलाइनर खरीदना चाहिए और उसकी एक्सपायरी डेट का खास ख्याल रखना चाहिए, जिन लोगों की आंखें संवेदनशील होती हैं, उन्हें प्रोडक्ट के लेबल पर ‘सेंसेटिव आई’ या ‘ऑप्थैल्मोलॉजिस्ट टेस्टेड’ जैसे शब्द जरूर देखने चाहिए।

अगर लाइनर की महक या टेक्सचर में किसी तरह का बदलाव नजर आए, तो उसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर देना चाहिए। इसके अलावा विशेषज्ञ यह सलाह भी देते हैं कि दूसरों का इस्तेमाल किया हुआ आईलाइनर कभी भी शेयर न करें, क्योंकि इससे आंखों में संक्रमण फैलने का खतरा काफी बढ़ जाता है।

कुल मिलाकर, सही आईलाइनर का चुनाव, आंखों के आकार की समझ और थोड़ी सी प्रैक्टिस के साथ कोई भी व्यक्ति बिना ब्यूटी पार्लर गए घर बैठे परफेक्ट आईलाइनर लगाना सीख सकता है।

 

इसे भी पढ़ें- रात भर जागने की आदत बढ़ा रही मिनी स्ट्रोक का खतरा, एक्सपर्ट ने दी चेतावनी

Related Articles

Back to top button