पाकिस्तान को आर्मी चीफ का सख्त संदेश, ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की तैयारी कर रहा भारत

नई दिल्ली। भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने एक महत्वपूर्ण बयान देते हुए कहा है कि, भारत ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की पूरी तैयारी कर रहा है। आर्मी चीफ के इस ऐलान ने राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से काफी महत्व रखा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर का पहला चरण अभी भी जारी है और वर्तमान युद्धविराम केवल अस्थायी है।

इसे भी पढ़ें- ऑपरेशन सिंदूर वर्षगांठ: अब भारत बदल चुका है, छेड़ता नहीं, लेकिन छेड़ने वालों को छोड़ता भी नहीं-धामी

एक बातचीत में जनरल द्विवेदी ने कहा कि, भारतीय सशस्त्र बल पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के किसी भी नए प्रयास का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बिना ही साफ संकेत दिया कि, यदि स्थिति बिगड़ी तो न केवल थल सेना, बल्कि वायुसेना और नौसेना भी एकीकृत रूप से कार्रवाई के लिए तैयार हैं।

24×7 युद्ध की तैयारी पर जोर

सेना प्रमुख ने जोर देकर कहा कि, भारतीय सेना अब 24 घंटे युद्ध की स्थिति के लिए खुद को तैयार कर रही है। तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, संयुक्त अभ्यास और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, यदि ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की जरूरत पड़ी तो हमारी तीनों सेनाएं पूर्ण समन्वय के साथ काम करेंगी। जनरल द्विवेदी ने आधुनिक युद्धक्षेत्र की पारदर्शिता पर भी प्रकाश डाला।

Operation Sindoor 2

उन्होंने कहा कि, आज के समय में हर गतिविधि दूसरी तरफ दिखाई देती है, इसलिए अपनी तैनाती, रणनीति और सीमावर्ती क्षेत्रों में सैनिकों व नागरिकों की सुरक्षा को लेकर अत्यधिक सतर्क रहना जरूरी है। राष्ट्र की एकजुटता युद्ध की कुंजीआर्मी चीफ ने राष्ट्र की एकजुटता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि, कोई भी युद्ध तभी सफल होता है जब पूरा देश एक साथ खड़ा हो। सूचना देने वाले नागरिकों पर भरोसा, सेना के प्रति समर्थन और सभी हितधारकों का विश्वास युद्ध जीतने में निर्णायक भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा, जो राष्ट्र खुद पर, अपनी सेना पर और एक-दूसरे पर भरोसा करता है, वह हमेशा विजयी होता है।

7 और 8 मई की रात लांच हुआ था ऑपरेशन सिन्दूर

22 अप्रैल 2025 को दक्षिण कश्मीर के पहलगाम स्थित सुरम्य बैसरन घाटी में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने घातक हमला किया था। इस हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी।

इस जघन्य आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 7 और 8 मई 2025 की दरमियानी रात को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। यह ऑपरेशन पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी सैन्य कार्रवाई में से एक साबित हुआ। ऑपरेशन के दौरान भारतीय बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में स्थित आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए।

 100 आतंकी किये गये थे ढेर

भारतीय कार्रवाई में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों के 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। साथ ही पाकिस्तानी सेना के 35 से 40 जवान भी हताहत हुए। कुल 9 प्रमुख आतंकी लॉन्चपैड और हेडक्वार्टर पूरी तरह ध्वस्त कर दिए गए। रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस समेत कई सैन्य एयरबेस, रडार स्टेशन और अन्य सैन्य ठिकानों को भारी क्षति पहुंची।

भारतीय बलों ने पाकिस्तान के 10 से 13 लड़ाकू विमान (F-16 सहित), AWACS, ड्रोन और कई क्रूज मिसाइलों को भी नष्ट किया। यह ऑपरेशन मात्र कुछ दिनों तक चला और 10 मई 2025 को युद्धविराम हो गया, लेकिन भारत ने साफ कहा कि ऑपरेशन का मकसद पूरा होने तक यह जारी रहेगा।

आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति

जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने वर्तमान में चल रही तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सशस्त्र बल अब मल्टी-डोमेन युद्ध (थल, आकाश, समुद्र, साइबर और स्पेस) के लिए खुद को और मजबूत बना रहे हैं। आधुनिक हथियारों, ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बेहतर खुफिया जानकारी के इस्तेमाल पर विशेष फोकस है। उन्होंने यह भी कहा कि, सीमा पर तैनात सैनिकों की सुरक्षा और उनके लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Operation Sindoor 2

विशेषज्ञों का मानना है कि, आर्मी चीफ का यह बयान भारत की प्रोएक्टिव डिफेंस नीति का हिस्सा है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। किसी भी नए हमले का जवाब पहले से कहीं अधिक तेज, सटीक और विनाशकारी होगा। जनरल द्विवेदी का बयान उन देशों और ताकतों के लिए भी चेतावनी है, जो भारत की सुरक्षा को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं। यह संदेश साफ है कि, भारत शांति चाहता है, लेकिन अगर उकसाया गया, तो मजबूत और निर्णायक जवाब दिया जायेगा।

पाकिस्तान के स्पष्ट संदेश

भारतीय सेना की इस तैयारियों से न केवल पाकिस्तान बल्कि पूरे क्षेत्र में एक मजबूत संदेश गया है कि, भारत अब आतंकवाद को अपने घर में घुसकर मारने की क्षमता और इच्छाशक्ति रखता है। तीनों सेनाओं का समन्वय, राष्ट्र का समर्थन और आधुनिक तकनीक के साथ भारत आने वाले किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

इसे भी पढ़ें-  ऑपरेशन सिंदूर के बाद बड़ा कदम, DAC ने 288 S-400 मिसाइल खरीद को दी मंजूरी

Related Articles

Back to top button