क्विक कॉमर्स में Amazon की बड़ी एंट्री, 10 लाख सामान की सेम डे होगी डिलीवरी

अब रोजमर्रा की जरूरत का सामान या खाने-पीने की चीजें लेने के लिए बाजार जाने की जरूरत नहीं पडती है। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म की मदद से लोग घर बैठे ही सामान ऑर्डर करते हैं और मात्र 10 से 12 मिनट में सामान दरवाजे तक पहुंच जाता है। इस होड़ में अब Amazon Now ने भी अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। Zepto और Blinkit जैसे प्लेटफॉर्म को टक्कर देने के लिए कंपनी ने अपनी सर्विस का दायरा 100 से भी ज्यादा शहरों तक बढ़ा दिया है।

इसे भी पढ़ें- फ्री डिलीवरी के नियम बदले, अब Zepto-Zomato से खाना-सामान मंगाना पड़ेगा महंगा

इस विस्तार के बाद क्विक कॉमर्स बाजार में मुकाबला और तेज होना तय माना जा रहा है। ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि, Amazon Now अब किन शहरों तक पहुंच चुका है और कहां के ग्राहक मिनटों में डिलीवरी की इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

अब 120 से ज्यादा शहरों में Amazon Now

जानकारी के मुताबिक, Amazon Now की सर्विस अब 120 से ज्यादा शहरों तक पहुंच गई है। नए जुड़े शहरों में ये नाम शामिल हैं।

  • जालंधर
  • कोच्चि
  • भुवनेश्वर
  • मणिपाल
  • अमृतसर
  • अबोहर
  • मंगलौर
  • अंबाला
  • चंगनासेरी
  • विजाग

यानी इन शहरों के ग्राहक भी अब कुछ ही देर में घर पर सामान की डिलीवरी का फायदा उठा सकेंगे। इनमें कई शहर ऐसे हैं, जो अब तक क्विक कॉमर्स के नक्शे पर बहुत मजबूती से नहीं थे। इससे साफ है कि, कंपनी सिर्फ महानगरों तक सीमित रहने की बजाय छोटे और मझोले शहरों के बाजार पर भी नजर जमाए हुए है।

लाखों सामान की सेम डे डिलीवरी का विकल्प

कंपनी इस समय अपने फुलफिलमेंट नेटवर्क को मजबूत करने पर खास जोर दे रही है। इसका मतलब है कि, हजारों उत्पाद कुछ ही मिनटों या घंटों में ग्राहकों तक पहुंचाए जा सकेंगे।

Amazon Now

फुलफिलमेंट नेटवर्क यानी वह व्यवस्था, जिसके जरिये सामान का भंडारण, पैकिंग और डिलीवरी होती है। यह जितना मजबूत होता है, डिलीवरी उतनी ही तेज हो पाती है।

कंपनी की ओर से बताई गई खास बातें इस प्रकार हैं

  • Prime मेंबर्स को लाखों प्रोडक्ट्स पर फ्री डिलीवरी की सुविधा मिलेगी।
  • 10 लाख से ज्यादा सामान की सेम डे डिलीवरी का विकल्प दिया जाएगा।
  • 40 लाख से ज्यादा सामान की डिलीवरी अगले दिन की जा सकेगी।

इन सुविधाओं से ग्राहकों के पास चुनने के लिए ज्यादा विकल्प होंगे। जरूरी सामान मिनटों में मंगाया जा सकेगा, जबकि बड़े और कम जरूरी सामान के लिए सेम डे या अगले दिन की डिलीवरी का रास्ता खुला रहेगा।

क्विक कॉमर्स कंपनियों के बीच बढ़ा मुकाबला

Amazon Now के विस्तार के साथ ही दूसरी कंपनियों के बीच होड़ और तेज होने के आसार हैं। फिलहाल Zepto, Blinkit, Flipkart Minutes और Swiggy Instamart जैसे प्लेटफॉर्म भी मिनटों में सामान पहुंचा रहे हैं। यानी हर कंपनी का फोकस इस बात पर है कि सामान ग्राहक तक कम से कम समय में पहुंचे।

क्विक कॉमर्स का यह मॉडल पिछले कुछ वर्षों में तेजी से लोकप्रिय हुआ है। शहरों में रहने वाले कामकाजी लोगों के पास समय की कमी रहती है और उन्हें दूध, सब्जी, राशन जैसी रोजमर्रा की चीजें तुरंत चाहिए होती हैं। ऐसे में 10 मिनट की डिलीवरी का वादा उन्हें खूब पसंद आ रहा है। यही वजह है कि बड़ी कंपनियां इस बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए लगातार निवेश और विस्तार कर रही हैं।

ग्राहकों को क्या फायदा

कंपनियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा का सीधा असर ग्राहकों पर पड़ता है। आमतौर पर ऐसे मुकाबले में ग्राहकों को तेज डिलीवरी, ज्यादा उत्पादों की उपलब्धता और आकर्षक ऑफर जैसे फायदे मिलते हैं। Amazon Now के आने से उन शहरों के लोगों को भी एक और विकल्प मिलेगा, जहां पहले चुनिंदा प्लेटफॉर्म ही सेवा दे रहे थे।

Prime मेंबर्स के लिए फ्री डिलीवरी की सुविधा भी अहम मानी जा रही है। इससे वे बार-बार डिलीवरी शुल्क चुकाए बिना बड़ी संख्या में उत्पाद मंगा सकेंगे। हालांकि किस उत्पाद पर और किन शर्तों के साथ यह सुविधा मिलेगी, इसकी विस्तृत जानकारी कंपनी की वेबसाइट या ऐप पर देखी जा सकती है।

120 शहरों तक सीमित नहीं रहेगा Amazon Now

सबसे खास बात यह है कि Amazon Now का सफर यहीं नहीं रुकेगा। कंपनी अब 300 शहरों तक पहुंचने की तैयारी में जुट गई है। इसका मतलब है कि आने वाले समय में और भी शहरों के लोग इस सेवा से जुड़ सकेंगे। साथ ही, लोग दिन-प्रतिदिन क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जुड़ भी रहे हैं, जिससे इस बाजार की संभावनाएं और बढ़ रही हैं।

जानकारों का मानना है कि, क्विक कॉमर्स का बाजार आने वाले समय में और बड़ा होगा। जैसे-जैसे कंपनियां छोटे शहरों तक पहुंचेंगी, वैसे-वैसे यह सुविधा आम लोगों की आदत बनती जाएगी। हालांकि इस दौड़ में टिके रहने के लिए कंपनियों को डिलीवरी की गति, सामान की गुणवत्ता और ग्राहक सेवा, तीनों मोर्चों पर खुद को साबित करना होगा।

फिलहाल इतना तय है कि Amazon Now की इस एंट्री और विस्तार ने Zepto, Blinkit समेत सभी बड़े खिलाड़ियों के लिए चुनौती बढ़ा दी है। अब देखना यह होगा कि ग्राहक किस प्लेटफॉर्म को ज्यादा पसंद करते हैं और यह होड़ बाजार को किस दिशा में ले जाती है।

 

इसे भी पढ़ें- Zomato में बड़ा उलटफेर: दीपिंदर गोयल ने CEO पद से दिया इस्तीफा, 1 फरवरी से अलबिंदर सिंह ढींडसा संभालेंगे कमान

Related Articles

Back to top button