
बॉलीवुड के ‘सिंघम’ यानी अजय देवगन अपनी गंभीर छवि और कम बोलने के अंदाज के लिए जाने जाते हैं। इंडस्ट्री में उनकी दोस्ती के किस्से तो मशहूर हैं, लेकिन वह अपनी निजी भावनाओं और रिश्तों पर सार्वजनिक रूप से बात करने से अक्सर बचते हैं। हालांकि, हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अजय देवगन काफी भावुक नजर आए और उन्होंने भारतीय सिनेमा के सबसे खूंखार विलेन कहे जाने वाले दिवंगत सुपरस्टार अमरीश पुरी के साथ अपने बेहद खास और गहरे कनेक्शन का खुलासा किया।
इसे भी पढ़ें- महिला आरक्षण कानून पर बॉलीवुड ने जताई खुशी, सोनल चौहान से लेकर सुनील शेट्टी तक ने सराहा
टांग खिंचाई भी करते थे एक-दूसरे की
अजय ने न केवल अमरीश पुरी को अपना फादर फिगर बताया, बल्कि यह भी साझा किया कि, कैसे एक नवागंतुक होने के बावजूद उन्होंने इतने वरिष्ठ अभिनेता की टांग खिंचाई की थी और उनके बीच का रिश्ता समय के साथ कितना मजबूत होता चला गया। यह पहली बार है जब अजय ने सलमान खान और संजय दत्त जैसे अपने समकालीन दोस्तों से हटकर किसी वरिष्ठ अभिनेता के साथ अपनी बॉन्डिंग पर इतनी विस्तार से चर्चा की है।

अजय देवगन और अमरीश पुरी के बीच के इस अटूट रिश्ते की नींव साल 1991 में ही पड़ गई थी। एक रिपोर्ट के अनुसार, जब अजय से उनके और अमरीश पुरी के बीच के तालमेल के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने पुरानी यादों के झरोखे खोल दिए। अजय ने बताया कि हालांकि इंडस्ट्री में उनके सलमान खान, संजय दत्त और अन्य कई अच्छे दोस्त हैं, लेकिन अमरीश पूरी के साथ उनका रिश्ता कुछ अलग ही स्तर पर था।
अजय देवगन ने एक बेहद दिलचस्प खुलासा करते हुए बताया कि, अमरीश पुरी फिल्म इंडस्ट्री के अकेले ऐसे इंसान थे, जिनका वह पैर छूते थे। अजय के अनुसार, अमरीश पुरी उम्र और अनुभव दोनों में उनसे बहुत बड़े थे, लेकिन उनके बीच की केमिस्ट्री किसी हमउम्र दोस्तों से कम नहीं थी। अभिनेता ने हंसते हुए याद किया कि, वह अक्सर सेट पर अमरीश पुरी की टांग खिंचाई करते थे और कई बार तो उनकी रैगिंग तक कर देते थे, जिससे दिग्गज अभिनेता कभी-कभी नाराज भी हो जाते थे।
37 साल का था उम्र का फासला
अजय देवगन ने उस दौर को याद करते हुए कहा कि, अमरीश बहुत ही कमाल के इंसान थे। वह बताते हैं कि, भले ही मैं उनके पैर छूता था, लेकिन हमारे बीच संवाद बिल्कुल दोस्तों जैसा था। मैं उनसे कुछ भी कह सकता था और उनके साथ मजाक करने में मुझे कभी हिचकिचाहट नहीं हुई। कई बार जब मैं उनकी टांग खींचता था, तो वह चिढ़ जाते थे और नाराजगी जाहिर करते थे, लेकिन उनकी महानता देखिए कि कुछ ही देर बाद वह खुद मेरे पास आते थे और खिलखिलाकर हंसने लगते थे।
अजय का कहना है कि, उनके और अमरीश पुरी के बीच 37 साल का एक बड़ा उम्र का फासला था, लेकिन जब वे साथ होते थे, तो यह फासला कभी महसूस नहीं हुआ। यही वजह है कि, आज भी अजय के दिल में अमरीश पुरी के लिए एक विशेष स्थान है और वह उन्हें अपने करियर के शुरुआती दिनों का सबसे बड़ा सहारा मानते हैं। यदि अजय देवगन के करियर की शुरुआत पर नजर डालें, तो अमरीश पुरी का योगदान इसमें अहम रहा है।
अजय ने 1991 में निर्देशक कुकू कोहली की फिल्म ‘फूल और कांटे’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री मधू मुख्य भूमिका में थीं। इस डेब्यू फिल्म में अमरीश पुरी ने अजय के पिता की भूमिका निभाई थी और यहीं से असल जिंदगी में भी उनके बीच पिता-पुत्र जैसा रिश्ता पनपा। ‘फूल और कांटे’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद इस जोड़ी ने पर्दे पर जादू करना जारी रखा। इसके बाद उन्होंने ‘दिव्यशक्ति’ (1993), ‘दिलजले’ (1996), ‘जान’ (1996) और ‘इतिहास’ (1997) जैसी कई सफल फिल्मों में एक साथ काम किया। इन फिल्मों के दौरान ही उनकी दोस्ती और गहरी होती गई और अजय ने अमरीश पुरी के अनुशासन और उनके मानवीय पक्ष को बहुत करीब से देखा।
अजय में अमरीश की शख्सियत पर डाला प्रकाश
अजय देवगन ने इससे पहले ‘द कपिल शर्मा शो’ में भी अमरीश पुरी की शख्सियत पर प्रकाश डाला था। उन्होंने बेहद भावुक होकर कहा था कि अमरीश भले ही आज शारीरिक रूप से इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन वह मेरे लिए हमेशा एक मार्गदर्शक और पिता समान रहेंगे। अजय ने अमरीश पुरी को इंडस्ट्री का सबसे प्यारा इंसान बताया था। उन्होंने साझा किया कि अमरीश केवल एक महान कलाकार ही नहीं थे, बल्कि एक असाधारण इंसान भी थे। फिल्म जगत में जब भी किसी को कोई तकलीफ होती थी या किसी के घर में कोई खुशी का मौका जैसे शादी होती थी या फिर किसी दुखद घड़ी हो, तो अमरीश पुरी सबसे पहले वहां पहुंचते थे। उनका यह सामाजिक सरोकार और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता ही उन्हें बाकी कलाकारों से अलग बनाती थी।

अजय देवगन की बातों से स्पष्ट है कि, अमरीश पुरी का पर्दे पर दिखने वाला डरावना रूप असल जिंदगी के बिल्कुल विपरीत था। जहां पर्दे पर उनकी आवाज से लोग थर्राते थे, वहीं असल जिंदगी में वह बेहद नरम दिल और मजाकिया स्वभाव के थे। अजय देवगन ने बताया कि अमरीश के साथ बिताया गया हर पल एक सीख की तरह था। उन्होंने न केवल अभिनय की बारीकियां सीखीं, बल्कि यह भी सीखा कि सफलता के शिखर पर पहुंचकर भी जमीन से कैसे जुड़े रहा जाता है।
इन फिल्मों में जल्द नजर आएंगे अजय
अजय के अनुसार, आज की भागदौड़ भरी इंडस्ट्री में अमरीश पुरी जैसे निस्वार्थ और समय के पाबंद इंसान का मिलना बहुत मुश्किल है। उनकी कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन उनकी यादें और उनके द्वारा सिखाए गए संस्कार हमेशा फिल्म इंडस्ट्री के साथ रहेंगे। वर्तमान में अजय देवगन के वर्कफ्रंट की बात करें, तो वह एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं।
इन दिनों वह निर्देशक रोहित शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं। इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी की अगली कड़ी में एक बड़ी स्टारकास्ट नजर आने वाली है, जिसमें अरशद वारसी, कुणाल खेमू, तुषार कपूर, शरमन जोशी और श्रेयस तलपड़े जैसे पुराने चेहरे तो होंगे ही, साथ ही इस बार अक्षय कुमार का नाम जुड़ना फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है।
खबरों की मानें तो, अक्षय कुमार इस फिल्म में एक कथित विलेन की भूमिका में नजर आ सकते हैं, जो अजय देवगन के साथ उनकी भिड़ंत को और भी रोमांचक बना देगा। इसके अलावा, अजय देवगन की सुपरहिट सीरीज ‘दृश्यम 3’ के हिंदी वर्जन पर भी काम चल रहा है, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।
इसे भी पढ़ें- पंकज त्रिपाठी की बेटी आशी त्रिपाठी का बॉलीवुड की ओर कदम, सिनेमाई सफर को लेकर उत्साहित



