आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी, बोले- सोनम वांगचुक से इंस्पायर नहीं थी ‘3 इडियट्स’

लद्दाख के जाने-माने एजुकेटर और एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक बीते 20 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस लंबे अनशन का असर अब उनकी सेहत पर साफ नजर आने लगा है और उनका वजन काफी घट चुका है। वे कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में यह भूख हड़ताल कर रहे हैं। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठा रहे हैं। जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, उनकी सेहत को लेकर चिंता भी बढ़ती जा रही है। देशभर से लोग उनके समर्थन में आवाज उठा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें- सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी पर पत्नी सुप्रीम कोर्ट पहुँचीं

सोनम वांगचुक के साथ आया बॉलीवुड

इस मुहिम में जीनत अमान और स्वरा भास्कर समेत बॉलीवुड के कई जाने-माने चेहरे सोनम वांगचुक के साथ खड़े नजर आए हैं, लेकिन एक नाम था जो इस पूरे मामले पर खामोश था, वह था आमिर खान का नाम।

Aamir Khan

दिलचस्प बात यह है कि, आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ में उनका किरदार रैंचो सोनम वांगचुक से प्रेरित बताया जाता रहा है। इसी वजह से उनकी चुप्पी पर लोग लगातार सवाल उठा रहे थे, यहां तक कि उन्हें ट्रोल भी किया जा रहा था। अब आखिरकार आमिर खान ने इस विषय पर अपनी चुप्पी तोड़ी और बताया कि, रैंचो का किरदार असल में सोनम वांगचुक से प्रेरित था ही नहीं।

लगान’ की स्क्रीनिंग पर दिया जवाब

यह मौका था लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल के क्लोजिंग इवेंट का, जहां आमिर खान अपनी फिल्म ‘लगान’ की स्क्रीनिंग के लिए पहुंचे थे। यह गुरुवार का दिन थ। फिल्म की रिलीज को 25 साल पूरे होने के मौके पर आमिर ने दर्शकों के साथ इस पर खुलकर बातचीत की कि, आखिर इस फिल्म का असर कितना गहरा रहा। इसी चर्चा के दौरान दर्शकों ने उनसे कई सवाल पूछे। उनमें से एक सवाल सोनम वांगचुक को लेकर भी था।

दरअसल ये धारणा लंबे समय से चली आ रही थी कि ‘3 इडियट्स’ का किरदार रैंचो सोनम वांगचुक की जिंदगी और उनके काम से प्रेरित है। जब आमिर से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसे पूरी तरह से खारिज कर दिया। आमिर ने कहा कि, यह पूरी तरह एक गलतफहमी है। उन्होंने बताया कि, जिस वक्त ‘3 इडियट्स’ बनाई जा रही थी, उस दौरान उन्हें सोनम वांगचुक के बारे में कुछ पता ही नहीं था। आमिर ने यह भी बताया कि हाल ही में उन्होंने फिल्म में चतुर का किरदार निभाने वाले एक्टर की एक वीडियो देखी, जिसमें उसने यह दावा किया था, लेकिन आमिर के मुताबिक यह दावा सही नहीं है।

सोनम की तारीफ की

आमिर ने आगे कहा कि, भले ही चतुर का किरदार निभाने वाले एक्टर ऐसा सोचते हों, लेकिन सच्चाई यह है कि, न तो फिल्म के डायरेक्टर राजकुमार हिरानी और न ही को-राइटर अभिजात जोशी को उस वक्त सोनम वांगचुक के बारे में कोई जानकारी थी। हालांकि आमिर ने इस मौके पर सोनम वांगचुक के काम की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि, वांगचुक जो काम कर रहे हैं वह वाकई सराहनीय है। उनकी और उनके काम की इज्जत करने के लिए यह जरूरी नहीं कि, वे किसी फिल्मी किरदार पर आधारित हों।

आमिर की अनशन तोड़ने की अपील

बातचीत के अगले हिस्से में आमिर से सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर भी सवाल किया गया, आखिर वे बीते तीन हफ्तों से ज्यादा वक्त से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर डटे हुए हैं।

Aamir Khan

इस पर आमिर खान ने बेहद भावुक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि, वे और उनके जैसे तमाम लोग सोनम वांगचुक की सेहत और जिंदगी को लेकर चिंतित है और उम्मीद कर रहे हैं कि हालात जल्द ठीक होंगे। आमिर ने साफ शब्दों में सोनम वांगचुक से गुजारिश की कि वे अपना अनशन खत्म कर दें, ताकि उनकी जान को कोई खतरा न हो।

ओमी वैद्य पहले ही आ चुके हैं समर्थन में

गौरतलब है कि, आमिर खान से पहले भी ‘3 इडियट्स’ से जुड़े एक और सितारे ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी थी। फिल्म में चतुर का चर्चित किरदार निभाकर मशहूर हुए अभिनेता ओमी वैद्य पहले ही सोनम वांगचुक के समर्थन में आगे आ चुके थे। उन्होंने भी इस भूख हड़ताल पर गहरी चिंता जताते हुए कहा था कि, वे सोनम वांगचुक को इस तरह अपनी जान जोखिम में डालते नहीं देख सकते।

फिलहाल सोनम वांगचुक का अनशन जारी है और देशभर से उनकी सेहत को लेकर लगातार अपीलें आ रही हैं। बॉलीवुड से लेकर आम जनता तक, हर कोई यही उम्मीद कर रहा है कि यह मामला जल्द किसी सकारात्मक नतीजे पर पहुंचे और सोनम वांगचुक अपनी सेहत का ख्याल रखते हुए अनशन समाप्त करें।

 

इसे भी पढ़ें- वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देख चिंतित हुए अखिलेश, बोले- खत्म करो अनशन

Related Articles

Back to top button