
न्यूयार्क । आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 में रविवार, 9 जून को महामुकाबला होने जा रहा है। भारत और पाकिस्तान क्रिकेट को फैंस महाजंग के नाम से जानते हैं। 2007 में पहली बार आईसीसी ने विश्व कप का आयोजन किया था तो भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला हुआ और टीम महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में चैंपियन बनी। आज रोहित शर्मा के सामने बाबर आजम होंगे। मैच रात आठ बजे से है।

आत्मविश्वास से ओतप्रोत और हालात के अनुकूल ढल चुकी भारतीय टीम नासाउ काउंटी की पेचीदा पिच पर टी20 विश्व कप के बहुचर्चित मुकाबले में रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी जिसका मनोबल पहले ही मैच में मिली अप्रत्याशित हार ने तोड़ दिया है। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा भीड़ खींचने वाला मुकाबला 34000 दर्शक क्षमता वाले नासाउ काउंटी इंटरनेशनल स्टेडियम पर खेला जायेगा।

इस मैदान की पिच लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। इसकी भारी आलोचना के बाद आईसीसी ने आधिकारिक रूप से इसे स्वीकार किया। अब तक इस स्टेडियम पर हुए तीन मैचों की छह पारियों में दो बार ही टीमें सौ रन के पार पहुंच सकी है। पूर्व क्रिकेटरों को तो यह भी लगता है कि कम स्कोर वाले मैचों से कैसे अमेरिकी बाजार में क्रिकेट का प्रचार प्रसार किया जायेगा।

एडीलेड ओवल के मैदानकर्मी डेमियन हाउज के मार्गदर्शन में अप्रैल में यहां चार ‘ड्रॉप इन’ पिचें बिछाई गई जो अभी तक जम नहीं पाई हैं। पिच से मिल रहा असमान उछाल बल्लेबाजों की सुरक्षा पर सवालिया ऊंगली उठा रहा है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को आयरलैंड के खिलाफ मैच में कंधे में चोट लगी थी जिससे उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।

रोहित ने मैच के बाद कहा था ,‘ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं पता कि पिच से क्या अपेक्षा की जाये। हम हालात के अनुरूप तैयारी करेंगे। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हर खिलाड़ी को योगदान देना होगा।’ भारत के मैच के एक दिन बाद आईसीसी को पिच को लेकर तमाम आशंकाओं के निवारण के लिये बयान जारी करना पड़ा।

पाकिस्तान टीम ने अभी तक नासाउ स्टेडियम पर खेला नहीं है। पहले मैच में अमेरिका से हारने वाली पाकिस्तानी टीम बृहस्पतिवार की रात ही यहां पहुंची है। उन्हें हालात के अनुरूप ढलने का मौका नहीं मिल सका है जिसका उन्हें नुकसान हो सकता है। भारत से हारने पर सुपर आठ चरण में उसके प्रवेश की राह लगभग असंभव हो जायेगी।
- संभल हिंसा: योगी सरकार का सख्त एक्शन, विधानसभा सत्र से पहले मुख्य आरोपी पर लगा NSA
- पीएम मोदी का ऐलान, फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी पेपर लीक मामलों की जांच, जल्द होगा गठित
- राशिफल, 23 जुलाई 2026: आज आपकी किस्मत चमकेगी या बरतनी होगी सावधानी, यहां जानें क्या कह रहे हैं सितारे
- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर हाई अलर्ट पर दिल्ली, 16 मेट्रो स्टेशन बंद
- भारत बनाम जिम्बाब्वे T20 सीरीज: मेजबान टीम ने किया स्क्वॉड का ऐलान, कल हरारे में होगा पहला मुकाबला



