आगरा में टोलकर्मी ने BSE छात्रा को मारी गोली, फिर खुद को भी किया खत्म

आगरा। थाना सदर क्षेत्र के रोहता में बुधवार दोपहर एक टोलकर्मी ने बीएससी की छात्रा को गोली मार दी और देर बाद उसने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की गर्दन में गोली लगी है। उसे सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। पुलिस को जांच में छात्रा की 11 महीने पुरानी एफआईआर मिली है, जिसमें उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाने और खुद को व उसे गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।

इसे भी पढ़ें- भाभी के इश्क़ में गई भाई की जान, पत्नी और दो पुजारियों की हत्या के पीछे निकली 7 साल पुरानी रंजिश

सफायर कॉलोनी के गेट पर हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे रोहता स्थित सफायर कॉलोनी के गेट पर हुई। मृतक की पहचान इटौरा निवासी 25 वर्षीय अरुण सिनसिनवार के रूप में हुई है। वह सैंया स्थित ग्वालियर हाईवे के टोल पर काम करता था। वह बीएससी पास था और फाइनेंस का कोर्स कर रहा था। छात्रा मूल रूप से सादाबाद की रहने वाली है और सदर क्षेत्र के एक महाविद्यालय में बीएससी तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है। वह किराए का कमरा लेकर रहती है। उसके पिता सेना में हैं और ओडिशा में तैनात हैं।

चौकीदार ने सुनी गोली की आवाज

कॉलोनी के चौकीदार सोमवीर सिंह ने बताया कि वह गार्ड रूम में बैठे थे, तभी गोली चलने की आवाज आई। बाहर निकलने पर एक युवती चीख रही थी और दूसरी युवती कॉलोनी के गेट पर लहूलुहान पड़ी थी। चौकीदार के अनुसार एक युवक हाथ में तमंचा लिए अंदर की ओर जा रहा था। घबराए चौकीदार को उसने धमकाया और गार्ड रूम में ही रहने को कहा।

कुछ देर बाद दोबारा गोली चलने की आवाज आई। करीब 25 मीटर की दूरी पर युवक गिरा हुआ दिखा। इसके बाद चौकीदार बाहर आए और पुलिस को सूचना दी। बाद में छात्रा के साथ आई युवती ने फोन कर कुछ लोगों को बुलाया और सभी घायल छात्रा को लेकर अस्पताल चले गए।

मौके पर मिला तमंचा और कारतूस

सूचना मिलने पर डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास, एसीपी अमीषा सिंह और थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में मृतक के परिजन भी वहां आ गए। पुलिस के मुताबिक अरुण का शव औंधे मुंह पड़ा था। उसके दाएं हाथ में तमंचा था और दाहिनी कनपटी पर गोली लगी थी। शव से करीब सात फीट दूर एक कारतूस भी मिला।

बहन के साथ दुकान जा रही थी छात्रा

एसीपी अमीषा सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि छात्रा अपनी बहन के साथ स्कूटी से दुकान से सामान लेने निकली थी। उसी दौरान पीछे से अरुण भी बाइक से आ गया। बहन के मुताबिक अरुण ने आते ही कहासुनी शुरू कर दी और तमंचा निकाल लिया। कुछ समझ पाने से पहले ही उसने गोली चला दी। बहन का कहना है कि गोली छात्रा की गर्दन में लगी। उसने यह भी बताया कि अरुण पहले भी उसे तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी दे चुका था।

पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। इसमें छात्रा एक युवती के साथ स्कूटी से जाती दिख रही है और आगे बाइक से अरुण चल रहा है। बाद में छात्रा भी अपनी स्कूटी लेकर उसके पास ही चली जाती है।

नवंबर 2025 में दर्ज हुई थी FIR

डीसीपी सिटी ने बताया कि दोनों एक-दूसरे को जानते थे। 9 नवंबर 2025 को छात्रा ने थाना सदर में अरुण के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें उसने कहा था कि अरुण उनकी दुकान पर आता था। वहां से नंबर लेकर वह मैसेज करने लगा। नंबर ब्लॉक करने पर वह घर तक पीछा करने लगा। एक दिन उसने रास्ते में रोककर शादी की बात कही।

एफआईआर के अनुसार मना करने पर अरुण ने पहले छात्रा को और फिर खुद को गोली मारने की धमकी दी। उसने छात्रा के भाई की हत्या की बात भी कही, जिससे वह दहशत में आ गई। बाद में छात्रा को पता चला कि अरुण पहले से शादीशुदा है। उसने इसकी शिकायत अरुण के परिजनों से की, लेकिन आरोप है कि अरुण ने अभद्रता की। इसके बाद वह पत्नी को तलाक देकर शादी करने की बात कहने लगा था।

कोर्ट में बयान बदलने पर लगी फाइनल रिपोर्ट

पुलिस ने उस समय आरोपी को पकड़ा भी था। हालांकि छात्रा ने बाद में कोर्ट में अपने बयान बदल दिए, जिसके बाद एफआईआर में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि छात्रा ने बयान क्यों बदले, जबकि एफआईआर उसी ने दर्ज कराई थी।

सुबह भाई के फोन पर आया था संदेश

अरुण के छोटे भाई हरिओम ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे अरुण के नंबर पर एक युवती का मैसेज आया था। वह अरुण के बारे में पूछ रही थी और उससे बात कराने को कह रही थी। इसके बाद दोपहर में परिवार को अरुण के गोली मारकर आत्महत्या करने की जानकारी मिली।

अरुण की शादी करीब चार साल पहले नोझील-बाजना की एक युवती से हुई थी। उसका दो साल का बेटा तरुण है। पिता धर्मवीर सिंह किसान हैं, जबकि भाई हरिओम और उमेश नौकरी करते हैं। मां का पहले ही निधन हो चुका है।

इन बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस

घटना के पीछे का कारण अभी साफ नहीं है। मृतक के परिजन ने तहरीर दी है। पुलिस एकतरफा प्रेम और प्रेम संबंध समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच के मुख्य बिंदु ये हैं:

  • युवक ने युवती को बुलाया था या युवती ने युवक को।
  • 11 महीने पहले एफआईआर दर्ज कराने वाली छात्रा ने कोर्ट में बयान क्यों पलटे।
  • आरोपी तमंचा लेकर छात्रा से मिलने क्यों पहुंचा।

पुलिस को आशंका है कि छात्रा ने परेशान करने से मना किया होगा, जिस पर आरोपी ने गोली चला दी। डीसीपी सिटी के अनुसार युवक ने पहले युवती को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली।

 

इसे भी पढ़ें- 90 फीसदी अपराधों में सपा का हाथ, विशाल यादव हत्याकांड पर बोले कैबिनेट मंत्री

Related Articles

Back to top button