
-
पीड़ित परिवार की शिकायत के हर बिंदु की होगी जांच
-
11 सितंबर को जौनपुर में डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीट कर दी गई थी विशाल की हत्या
लखनऊ। जौनपुर में हुई विशाल यादव हत्याकांड को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी पर करारा प्रहार किया है। उनका कहना है कि, राज्य में जहां भी कोई आपराधिक वारदात होती है, उनमें से अधिकांश यानी करीब 90 प्रतिशत मामलों में समाजवादी पार्टी का किसी न किसी रूप में जुड़ाव पाया जाता है। विशाल यादव की हत्या के मामले में भी मृतक के परिजनों ने स्थानीय सपा विधायक पर संगीन आरोप लगाए हैं। सरकार इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषी पाए गए लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करेगी।
इसे भी पढ़ें- योगी कैबिनेट का विस्तार : दारा सिंह चौहान,ओपी राजभर,अनिल कुमार व सुनील शर्मा बने मंत्री, राज भवन में ली शपथ
बारीकी से होगी आरोपों की जांच
मंत्री ने आगे कहा कि, अपराध करने वालों तथा अपराधियों को पनाह देने वालों के प्रति सरकार का रुख साफ है। ऐसे संगीन मामलों में इतनी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए कि वह आगे के लिए एक मिसाल बन जाए।

विशाल के परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की भी बारीकी से जांच कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि, जब तक पीड़ित परिवार को हुई कार्रवाई से पूर्ण संतोष नहीं मिल जाता, सरकार अपने प्रयास जारी रखेगी।
विशाल पर हुआ था लाठी डंडों से हमला
गौरतलब है कि, 11 सितंबर को जौनपुर के तिवारीपुर गांव के रहने वाले विशाल यादव, जिसे बिच्छी के नाम से भी जाना जाता था। सैलून से बाल कटवाकर घर की ओर वापस आ रहा था, तभी रास्ते में कुछ उपद्रवियों ने डंडों और लोहे की रॉड से उस पर हमला बोल दिया।

इस हमले में लगी गंभीर चोटों के चलते विशाल की जान चली गई। इस दर्दनाक घटना से गुस्साए परिजनों ने जौनपुर-मिर्जापुर राजमार्ग पर शव रखकर विरोध-प्रदर्शन किया था।
28 लोग नामजद
मृतक विशाल की मां मालती देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने आरोप लगाया है कि स्थानीय सपा विधायक लकी यादव आरोपियों को बचाने का काम कर रहे हैं। इस मामले में अब तक 28 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 50 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बताया जाता है कि विशाल गुजरात में ट्रेलर चालक के रूप में काम करते हुए अपने परिवार की जीविका चलाता था।
इसे भी पढ़ें- सीएम योगी ने शिक्षकों को दी बड़ी सौगात, 5 लाख तक कैशलेस इलाज मिलेगा मुफ्त


