
अपनी मखमली आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह ने म्यूजिक इंडस्ट्री में 20 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए उन्होंने 2027 में देश के 9 शहरों में बड़े कॉन्सर्ट करने का ऐलान किया है। यह इंडिया टूर जनवरी 2027 से शुरू होगा और मई 2027 तक चलेगा। टूर की घोषणा होते ही सोशल मीडिया पर उनके फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई है और हर तरफ इसी की चर्चा हो रही है।
इसे भी पढ़ें- अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से लिया संन्यास, सेलेब्स ने दी ये प्रतिक्रिया
इन 9 शहरों में होंगे कॉन्सर्ट
रिपोर्ट के मुताबिक, अरिजीत सिंह अहमदाबाद, चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, नई दिल्ली, पुणे, इंदौर और हैदराबाद में परफॉर्म करेंगे।

इस कॉन्सर्ट के दौरान, देश के उत्तर, पश्चिम और दक्षिण, तीनों हिस्सों के संगीत प्रेमियों को अपने चहेते गायक को लाइव सुनने का मौका मिलेगा। जनवरी से मई तक करीब पांच महीने चलने वाले इस टूर में अलग-अलग शहरों में अलग-अलग तारीखों पर शो होंगे।
इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर कर किया ऐलान
अरिजीत ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्टर शेयर कर इंडिया टूर का ऐलान किया। पोस्ट में उन्होंने भावुक अंदाज में लिखा कि, उनकी आवाज वाले गाने प्यार की कहानियों, दिल टूटने के पलों, देर रात की ड्राइव और हर खास लम्हे में लोगों के साथ रहे हैं। उन्होंने लिखा कि, लोगों ने इन गानों को हजारों बार सुना होगा, लेकिन अब वे उन्हें लाइव सुन सकेंगे। इस छोटे से संदेश में उन्होंने अपने चाहने वालों के साथ रिश्ते की झलक भी पेश की है।
20 साल का सफर पर जाहिर की ख़ुशी
संगीत के सफर के दो दशक पूरे होने पर अरिजीत ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि, म्यूजिक के ये 20 साल उनके लिए बहुत आभार से भरे रहे हैं। उनके मुताबिक इस सफर की सबसे खास बात हमेशा लोग रहे हैं।
अरिजीत ने कहा कि उनके सुनने वालों ने इन गानों को अपनी जिंदगी दी है। पूरे भारत में घूमकर स्टेज पर लाइव इस प्यार को महसूस करने के लिए वे काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि बहुत सारे गाने हैं, बहुत सारी यादें हैं और बहुत सारे लोगों से मिलना है। उन्होंने यह भी कहा कि वे इस पल का इंतजार नहीं कर सकते।
इस डेट से बिकेंगे टिकट
अरिजीत सिंह के इंडिया टूर 2027 के टिकटों की बिक्री जल्द शुरू होने वाली है। यह चरणबद्ध तरीके से होगी। सबसे पहले 10 अक्टूबर से कोटक सॉलिटेयर वीजा क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए बिक्री शुरू होगी। इसके बाद 11 अक्टूबर से सभी कोटक वीजा क्रेडिट कार्ड धारक टिकट खरीद सकेंगे। वहीं, आम लोगों के लिए टिकट 13 अक्टूबर से उपलब्ध होंगे।
इस टूर को टीम इनोवेशन लेकर आ रही है, जबकि कोटक सॉलिटेयर इसे प्रस्तुत कर रहा है। जो लोग टिकट बिक्री शुरू होने की सूचना सीधे पाना चाहते हैं, उनके लिए ‘नोटिफाई मी’ का विकल्प भी लाइव हो चुका है। इस विकल्प पर रजिस्टर करने से बिक्री शुरू होने की जानकारी समय पर मिल सकती है।
ग्रैंड स्तर पर तैयार हो रहा है शो
अरिजीत सिंह का यह टूर कोई आम म्यूजिक कॉन्सर्ट नहीं होगा। इसे भव्य स्तर पर तैयार किया जा रहा है। शो में 360 डिग्री स्पेशल ऑडियो, बड़े एलईडी स्क्रीन, लेजर लाइट्स और आतिशबाजी जैसे खास इंतजाम देखने को मिलेंगे। यानी दर्शकों को अरिजीत के गानों के साथ एक खास लाइव एक्सपीरियंस भी मिलेगा। आयोजकों का मकसद है कि हर दर्शक को सिर्फ गाने सुनने का नहीं, बल्कि पूरे माहौल को महसूस करने का मौका मिले।
लोकप्रिय गायकों में होती है गिनती
अरिजीत सिंह की गिनती आज हिंदी फिल्म संगीत के सबसे लोकप्रिय गायकों में होती है। रोमांटिक गानों से लेकर दर्दभरे नगमों तक उन्होंने हर रंग में अपनी अलग छाप छोड़ी है। उनके गाने न सिर्फ फिल्मों में, बल्कि लोगों की निजी प्लेलिस्ट में भी खास जगह रखते हैं।

प्यार, जुदाई और यादों से जुड़े उनके गीत कई पीढ़ियों के श्रोताओं की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं। यही वजह है कि उनके 20 साल के सफर का जश्न उनके चाहने वालों के लिए भी किसी उत्सव से कम नहीं है।
फैंस में उत्साह
अरिजीत के लाइव शो को लेकर संगीत प्रेमियों में हमेशा खास क्रेज देखा गया है। 20 साल के सफर के जश्न के तौर पर होने वाले इस टूर को लेकर उत्साह और भी ज्यादा है। ऐसे में माना जा रहा है कि, टिकट बिक्री शुरू होते ही मांग तेज रहेगी, जो लोग किसी खास शहर के कॉन्सर्ट में जाना चाहते हैं, उनके लिए बिक्री की तारीख पर पहले से तैयार रहना बेहतर होगा। कोटक वीजा क्रेडिट कार्ड धारकों को प्री-सेल का फायदा मिलेगा, जबकि बाकी लोगों को 13 अक्टूबर तक इंतजार करना होगा।
अनाधिकृत विक्रेता से न खरीदें टिकट
टिकट खरीदते समय आधिकारिक प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें और किसी अनधिकृत विक्रेता से टिकट लेने से बचें। शहर, तारीख और वेन्यू की जानकारी के लिए आयोजकों की घोषणाओं और अरिजीत के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नजर बनाए रखें। भीड़भाड़ वाले शो में समय से पहुंचना और वैध पहचान पत्र साथ रखना भी जरूरी होता है।
जनवरी 2027 से शुरू होकर मई 2027 तक चलने वाला यह टूर अरिजीत के 20 साल के संगीत सफर का जश्न तो है ही, उनके करोड़ों चाहने वालों के लिए उन्हें सामने बैठकर सुनने का एक बड़ा मौका भी साबित होगा। अब सबकी नजर टिकट बिक्री की तारीखों और शहर-वार कार्यक्रम की घोषणा पर टिकी है।
इसे भी पढ़ें- रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन, 75 साल की उम्र में ली आखिरी सांस



