
बड़े पर्दे पर मिली शानदार कामयाबी के बाद अब महान संत नीम करोली बाबा की कहानी दर्शकों को छोटे पर्दे पर भी देखने को मिलेगी। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन ने उनके जीवन पर आधारित नए शो ‘नीम करोली बाबा’ का ऐलान कर दिया है। यह शो टीवी पर प्रसारित होगा और ओटीटी प्लेटफॉर्म SonyLIV पर भी स्ट्रीम किया जा सकेगा।
इसे भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर &’मिर्जापुर’ और ‘हनुमान अंश’ का कब्जा, ‘हैवान’ कितना कमा पाएगी?
सोशल मीडिया पर जारी हुआ पहला प्रोमो
चैनल ने 30 सितंबर को सोशल मीडिया पर शो का पहला प्रोमो साझा किया। हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक न तो शो की स्टारकास्ट के नाम बताए हैं और न ही प्रीमियर की तारीख तय की है। दर्शकों को इन दोनों जानकारियों के लिए अभी इंतजार करना होगा।

प्रोमो में बाबा से जुड़ी कथाओं और उनके चमत्कारों की झलक दिखाई गई है। पृष्ठभूमि में वॉइसओवर सुनाई देता है, “जिस इंसान की कहानियों ने देश को मंत्रमुग्ध कर दिया, अब सामने आएंगी उनकी जिंदगी से जुड़ी चमत्कारी गाथाएं।” वीडियो में बाबा की पहचान बन चुकी मशहूर शॉल दिखाई देती है। इसके साथ भगवान हनुमान का भी जिक्र है, जो बाबा की आस्था और उनके भक्तों की श्रद्धा का केंद्र माने जाते हैं।
पहले फिल्म ने जीता दर्शकों का दिल
शो की घोषणा ऐसे समय हुई है जब बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ पहले से ही सुर्खियों में है। फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज को 55 दिन बीत चुके हैं, फिर भी इसकी कमाई की रफ्तार थमी नहीं है। इसी लोकप्रियता को देखते हुए टीवी और ओटीटी पर बाबा की कहानी को नए रूप में पेश करने की तैयारी की गई है।
कम बजट में बनी थी हनुमान अंश
रिपोर्टों के मुताबिक, फिल्म महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी, लेकिन कमाई के मामले में इसने बड़े-बड़े बजट की फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, भारत में फिल्म की अब तक की नेट कमाई 314.48 करोड़ रुपये हो चुकी है। दुनियाभर में इसका कुल कलेक्शन 400 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है।
फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। इसमें शोभिनाव सत्या, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, विहान शेडगे और अनिल रस्तोगी अहम भूमिकाओं में हैं।
कौन थे नीम करोली बाबा
नीम करोली बाबा को उनके अनुयायी श्रद्धा से ‘महाराज जी’ कहकर पुकारते हैं। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के अकबरपुर गांव में हुआ था। उनके बचपन का नाम लक्ष्मी नारायण शर्मा बताया जाता है। वे हनुमान जी के अनन्य भक्त थे और उनकी सादगी, सेवा और भक्ति का संदेश आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करता है। उनके अनुयायी “सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो और ईश्वर को याद करो” की सीख को उनके जीवन का सार मानते हैं।
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम उनका प्रमुख आश्रम है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। देश ही नहीं, विदेशों से भी भक्त यहां दर्शन के लिए आते हैं। बाबा के चमत्कारों और उनसे जुड़े प्रसंगों की चर्चा पीढ़ियों से होती रही है। यही वजह है कि उनकी कथा पर्दे पर उतारने को लेकर दर्शकों में खासी उत्सुकता है। कहा जाता है कि, बाबा का देहांत 1973 में वृंदावन में हुआ था, लेकिन उनके भक्तों के लिए वे आज भी आस्था के प्रतीक हैं।
क्या खास होगा शो में
फिल्म के मुकाबले टीवी शो के पास कहानी को विस्तार से कहने का मौका होता है। जहां एक फिल्म को ढाई-तीन घंटे में समेटना पड़ता है। वहीं धारावाहिक के जरिये बाबा के जीवन के अलग-अलग पड़ावों, उनके भक्तों से जुड़े किस्सों और उनकी शिक्षाओं को धीरे-धीरे दिखाया जा सकता है।
प्रोमो से संकेत मिलता है कि, शो की कहानी चमत्कारी प्रसंगों और आस्था के पहलुओं के इर्द-गिर्द बुनी जाएगी।हालांकि शो का स्वरूप, एपिसोड की संख्या और इसके प्रसारण का समय अभी साफ नहीं है। चैनल की ओर से इस बारे में आधिकारिक जानकारी आने का इंतजार है।
धार्मिक कथानकों की बढ़ती मांग
बीते कुछ वर्षों में धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों पर बनी फिल्मों और शोज को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। ‘हनुमान अंश’ की सफलता ने इस रुझान को और मजबूत किया है। ऐसे में सोनी टीवी का यह कदम फिल्म की लोकप्रियता को भुनाने के साथ-साथ उन दर्शकों तक पहुंचने की कोशिश भी माना जा रहा है, जो परिवार के साथ बैठकर आस्था से जुड़ी कहानियां देखना पसंद करते हैं।
फिलहाल सबकी निगाहें इस पर टिकी हैं कि शो में बाबा का किरदार कौन निभाएगा और यह कब से दर्शकों के सामने आएगा। मेकर्स की ओर से जल्द ही इन सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। तब तक प्रोमो के जरिये मिली झलक ने दर्शकों की जिज्ञासा जरूर बढ़ा दी है।
इसे भी पढ़ें- 36वें दिन भी नहीं थमी ‘हनुमान अंश’ की रफ्तार, तोड़े बड़ी-बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड



