
-
319 प्रधानाचार्य, 258 प्रधानाध्यापक, 618 प्रवक्ता और 2,372 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति पूरी
लखनऊ। प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को मंगलवार को 3,567 नए शिक्षक और संस्था प्रधान की सौगात मिली। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के जरिए चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें से 12 अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने खुद मंच पर बुलाकर नियुक्ति पत्र दिया।
इसे भी पढ़ें- 3,567 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र, सीएम योगी की चेतावनी- घूस मांगी तो होगी जेल
चयनित उम्मीदवारों में 319 प्रधानाचार्य, 258 प्रधानाध्यापक, 618 प्रवक्ता (पीजीटी) और 2,372 सहायक अध्यापक (टीजीटी) शामिल हैं। इन सभी पदों के लिए चयन आयोग द्वारा पहले जारी किए गए विज्ञापन के आधार पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की गई थी।
शिक्षा विभाग की उपलब्धियों पर दिखाई फिल्म
माध्यमिक शिक्षा विभाग के अनुसार, वर्ष 2017 से लेकर 22 सितंबर 2026 तक अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में संस्था प्रधान और शिक्षक के अलग-अलग पदों पर कुल 48,018 अभ्यर्थियों का चयन और नियुक्ति हो चुकी है। कार्यक्रम के दौरान चयनित उम्मीदवारों और माध्यमिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियों पर बनी एक छोटी फिल्म भी दिखाई गई।
इन्हें CM ने दिया नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री के हाथों मंच पर नियुक्ति पत्र पाने वालों में डीएवी इंटर कॉलेज, कानपुर नगर के प्रधानाचार्य राम सिंह और इंटर कॉलेज बीरा पट्टी, वाराणसी के प्रधानाध्यापक राघवेंद्र प्रताप सिंह का नाम शामिल है।

प्रवक्ता पद पर चुनी गईं अग्रसेन कन्या कॉलेज, वाराणसी की आंचल शुक्ला, केडीईएम इंटर कॉलेज, बरेली के अनुराग श्रीवास्तव, जिला पंचायत इंटर कॉलेज उग्रसेन, प्रयागराज की प्रज्ञा सिंह, वैष्णव हरिहर दास इंटर कॉलेज, आजमगढ़ के गोपाल प्रजापति और दीप चंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर के मोहम्मद शादाब को भी मुख्यमंत्री ने स्वयं नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
सहायक अध्यापक पद पर चयनित पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज, गोरखपुर की उषा सिंह, जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, संभल के आकाश कुमार, लाला राम स्वरूप शिक्षण संस्थान, लखनऊ की रीना यादव, नगर पालिका कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झांसी की सोनम त्रिपाठी और नेहरू इंटर कॉलेज, कुशीनगर के अमन कुमार ने भी मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त किया।
इसे भी पढ़ें- समाज को जातियों में बांटने वालों से सावधान रहें: सीएम योगी



