
नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नया इतिहास रच रही है। सिनेमाघरों में रिलीज हुए एक महीने से भी अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन इस फिल्म के प्रति दर्शकों का उत्साह जरा भी कम नहीं हुआ है। बिना किसी बड़े सुपरस्टार और सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने बॉलीवुड इंडस्ट्री की उन तमाम बड़ी और महंगी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है, जिनके बारे में शुरुआत में यह उम्मीद तक नहीं की जा रही थी। रिलीज के 36वें दिन यानी लगातार छठे शुक्रवार को भी फिल्म ने डबल डिजिट कलेक्शन दर्ज कर सिनेमा इंडस्ट्री के तमाम विश्लेषकों को चौंका दिया है।
इसे भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर’और ‘हनुमान अंश’ का कब्जा,’हैवान कितना कमा पाएगी?
36वें दिन का कलेक्शन बना चर्चा का विषय
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्ष 2026 में सिनेमाघरों में उतरी इस सादगी भरी फिल्म ने वह कारनामा कर दिखाया है, जिसकी उम्मीद खुद फिल्म से जुड़े लोगों को भी नहीं थी। हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई सैफ अली खान और अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ भी ‘हनुमान अंश’ के आगे टिक नहीं पाई।

निर्देशक प्रियदर्शन की इस बड़ी फिल्म के मुकाबले ‘हनुमान अंश’ ने शुक्रवार के दिन बॉक्स ऑफिस पर करीब दोगुनी से भी ज्यादा यानी 2.1 गुना अधिक कमाई दर्ज की। इतना ही नहीं, क्राइम थ्रिलर जॉनर की चर्चित फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ को भी इस फिल्म ने शुक्रवार की कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया।
फिल्म ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 36वें दिन 10.50 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कमाई की है। इस उपलब्धि के साथ ही फिल्म की भारत में अब तक की कुल नेट कमाई बढ़कर 173.63 करोड़ रुपये हो चुकी है, जबकि इसकी ग्रॉस कमाई का आंकड़ा 205.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह आंकड़े इस बात के स्पष्ट संकेत हैं कि, फिल्म को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी अब भी बरकरार है और यह हफ्ते-दर-हफ्ते मजबूत होती जा रही है।
लगातार ऊपर गया ग्राफ
‘हनुमान अंश’ के कलेक्शन का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि इसकी कमाई शुरुआती हफ्तों में धीमी रहने के बावजूद बाद में लगातार बढ़ती चली गई, जो किसी भी सामान्य फिल्म के ट्रेंड से बिल्कुल उलट है। रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में महज 1.08 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि दूसरे हफ्ते में यह आंकड़ा और भी गिरकर 0.40 करोड़ रुपये पर आ गया था।
हालांकि, इसके बाद फिल्म ने जबरदस्त वापसी करते हुए तीसरे हफ्ते में 10.40 करोड़ रुपये कमाए। चौथे हफ्ते में यह आंकड़ा उछलकर 61 करोड़ रुपये तक जा पहुंचा और पांचवें हफ्ते में तो फिल्म ने 90.25 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कमाई करते हुए सबको चौंका दिया। यह ट्रेंड बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए किसी अजूबे से कम नहीं है, जहां आमतौर पर फिल्मों की कमाई समय के साथ घटती है, लेकिन ‘हनुमान अंश’ के मामले में बिल्कुल उलट देखने को मिला।
36वें दिन की सबसे बड़ी हिट बनी फिल्म
‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 36वें दिन 10.50 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यह फिलहाल 36वें दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन चुकी है। इस उपलब्धि के साथ इसने ‘धुरंधर 2’, ‘छावा’, ‘स्त्री 2’ और यहां तक कि सुपरहिट फिल्म ‘पठान’ सहित बॉलीवुड की तमाम बड़ी और चर्चित फिल्मों को भी इस मामले में मात दे दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 36वें दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में ‘हनुमान अंश’ 10.50 करोड़ रुपये के साथ शीर्ष पर है। इसके बाद ‘धुरंधर’ 3.50 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर, ‘छावा’ 2.00 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर रही। वहीं ‘स्त्री 2’ ने 1.65 करोड़ रुपये, हिंदी में डब ‘पुष्पा’ ने 1.50 करोड़ रुपये और ‘धुरंधर 2’ ने 1.48 करोड़ रुपये की कमाई इसी दिन दर्ज की। इस सूची से साफ पता चलता है कि ‘हनुमान अंश’ ने इन तमाम बड़ी फिल्मों को कितने बड़े अंतर से पीछे छोड़ा है।
लक्ष्मण दास से नीम करौली बाबा बनने की कहानी
‘हनुमान अंश’ दरअसल लक्ष्मण दास की जीवनी पर आधारित फिल्म है, जो आगे चलकर आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के रूप में प्रसिद्ध हुए। इस फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में नीम करौली बाबा की मुख्य भूमिका अभिनेता शोभिनव सत्या ने बखूबी निभाई है, जिनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों की सराहना मिल रही है। फिल्म की स्टारकास्ट में चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी और अनिल रस्तोगी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

यह फिल्म बीते 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और तब से लगातार बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए हुए है। फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब यह भारत की सीमाओं को पार कर वैश्विक स्तर पर भी दर्शकों तक पहुंच रही है।
बीते 11 सितंबर को इसे ग्लोबल ऑडियंस के लिए रिलीज किया जा चुका है, जिससे विदेशों में बसे भारतीय दर्शक भी इस फिल्म को सिनेमाघरों में देख पा रहे हैं। इतना ही नहीं, फिल्म निर्माताओं ने इसकी पहुंच को और विस्तृत करने की योजना बनाई है और आगामी 18 सितंबर को यह फिल्म तेलुगु भाषा में डब होकर दक्षिण भारत के सिनेमाघरों में भी दस्तक देगी।
इंडस्ट्री के लिए बना उदाहरण
फिल्म विश्लेषकों का मानना है कि, ‘हनुमान अंश’ की यह अभूतपूर्व सफलता बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए एक महत्वपूर्ण सीख साबित हो सकती है। यह साबित करती है कि दर्शकों को आकर्षित करने के लिए बड़े सितारों या भारी-भरकम बजट की जरूरत नहीं होती, बल्कि एक सशक्त कहानी और आध्यात्मिक विषयवस्तु भी बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर सकती है। लगातार छह हफ्तों तक शीर्ष पायदान पर बने रहना और वह भी बड़ी बजट की फिल्मों को पछाड़ते हुए, यह दर्शाता है कि ‘हनुमान अंश’ दर्शकों के दिलों में गहरी पैठ बना चुकी है। आने वाले दिनों में तेलुगु रिलीज के बाद फिल्म की कमाई में और इजाफा होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें- ‘मिर्जापुर द मूवी’ सुपरहिट: 4 दिन में वसूला पूरा बजट, 100 करोड़ पार



