
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को तेज बारिश ने आम जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी। शहर के अलग-अलग इलाकों में सुबह से ही जो मूसलाधार बारिश हुई वह कई घंटे तक चलती रही। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ घंटों में भी यह दौर थमने की संभावना नहीं है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आईएमडी ने दिल्ली के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान का रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
इसे भी पढ़ें- सैटेलाइट में दिखा 5,000 KM लंबा ‘मानसून हाईवे’, भारत-पाकिस्तान-चीन में भारी बारिश की आहट
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाके प्रभावित
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले कुछ घंटों में दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की आंधी और बिजली चमकने के साथ-साथ मध्यम से भारी लेबल की बारिश हो सकती है। जिन इलाकों में तेज बारिश की आशंका जताई गई है, उनमें लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, इंदिरापुरम, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर प्रमुख हैं।

इसके अलावा यमुनानगर, पानीपत, गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, झज्जर, फरुखनगर, सोहना, बड़ौत और खेकड़ा जैसे कस्बों में भी भारी बारिश होने के आसार बने हुए हैं। यानी दिल्ली के आसपास के हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई शहर भी इस बारिश चपेट में आयेंगे।
सोमवार को भी हुई थी तेज बारिश
यह बारिश का दौर अचानक शुरू नहीं हुआ। इससे एक दिन पहले सोमवार को भी राजधानी के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने कहा भी था कि, मंगलवार को भी यह सिलसिला जारी रहने वाला है, यानी दिल्लीवासियों को लगातार दूसरे दिन भी भारी बारिश का सामना करना पड़ रहा है।
दफ्तर और स्कूल जाने वालों को भारी परेशानी
लगातार हो रही बारिश की वजह सुबह दफ्तर जाने वाले लोगों और स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई, जिससे जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। कई प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जलभराव देखा गया, जिससे वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए। ऑफिस के लिए निकले लोग घंटों जाम में फंसे रहे, वहीं स्कूली बच्चों को भी स्कूल पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा।
राजधानी में इस भारी बारिश के चलते सिर्फ यातायात ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हुई है। निचले इलाकों में पानी भरने से स्थानीय निवासियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रशासन की ओर से जलभराव वाले इलाकों में पानी निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते राहत मिलने में समय लग रहा है।
केरल के सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली के अलावा दक्षिण भारत के राज्य केरल में भी मानसून की गतिविधियां तेज हैं। मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिनमें इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर शामिल हैं। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में इन जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड के लिए मंगलवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बुधवार के लिए पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम में भी येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश हो सकती है।
भूस्खलन और बाढ़ की आशंका
केरल में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है, जिन इलाकों में भूस्खलन, मडस्लाइड (कीचड़ खिसकने) और अचानक बाढ़ आने की आशंका है। वहां रहने वाले लोगों को प्रशासन के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है। पहाड़ी और निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों से कहा गया है कि, वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर रुख करें और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में बने रहें।
अरुणाचल प्रदेश में 28 अगस्त तक होगी बारिश
पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश में भी मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 28 अगस्त तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। मंगलवार और बुधवार के लिए राज्य के 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

गुरुवार के दिन तवांग, वेस्ट कामेंग, ईस्ट कामेंग, पाक्के-केसांग, पापुम पारे, कुरुंग कुमे और क्रा दादी सहित करीब 20 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अगले दिन यानी शुक्रवार को तवांग, वेस्ट और ईस्ट कामेंग, पाक्के-केसांग, पापुम पारे, कुरुंग कुमे, क्रा दादी, कामले, लोअर सुबनसिरी और चांगलांग जिलों के कुछ हिस्सों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक इन इलाकों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील
देश के विभिन्न हिस्सों में एक साथ सक्रिय हुए मानसून के इस दौर को देखते हुए मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन लगातार लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। दिल्ली, केरल और अरुणाचल प्रदेश तीनों ही जगह प्रशासन ने आपातकालीन तंत्र को सक्रिय रखा है, ताकि जलभराव, भूस्खलन या बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम विभाग के अपडेट पर नजर बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन से संपर्क करें।
इसे भी पढ़ें- यूपी में मूसलाधार बारिश: मथुरा में डूबे वाहन, लखनऊ-उन्नाव की सड़कें बनीं तालाब, रायबरेली में स्कूल बंद



