अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत, जेल में बंद भाई से मिले जा रहे थे झांसी

झांसी। माफिया से नेता बने अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है। झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में ये हादसा उस वक्त हुआ, जब अबान अहमद जेल में बंद अपने भाई अली से मिलने जा रहा था। अबान के साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। हादसे में उसकी भी जान चली गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें  इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसे भी पढ़ें- पूजा पाल का सनसनीखेज आरोप, अतीक अहमद था सपा का फाइनेंसर, योगी आदित्यनाथ को बताया ‘धुरंधर सीएम’

डिवाइडर से टकराई कार

बताया जा रहा है कि, अबान अहमद समेत यह पूरा दल प्रयागराज से झांसी की तरफ जा रहा था। ये सभी झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे, जो अतीक अहमद के ही एक और बेटे हैं, लेकिन रास्ते में ही यह भीषण हादसा हो गया, जिसने पूरे परिवार को एक और गहरा सदमा दे दिया।

Atiq Ahmed

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हाईवे पर सफर के दौरान तेज रफ्तार में चल रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि, कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर कि मौके पर ही अबान और उसके एक दोस्त की मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायल हुए लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों में अबान अहमद की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है। वहीं इस हादसे में मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और फिलहाल अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि, आखिर किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ और घटना के वक्त कार की रफ्तार कितनी थी। इसके अलावा यह भी जांचा जा रहा है कि, कहीं इस दुर्घटना के पीछे कोई और वजह तो नहीं थी। फिलहाल, पुलिस टीम घटनास्थल से जुड़े सभी जरूरी साक्ष्य और सबूत इकट्ठा करने में जुटी हुई है, ताकि हादसे की सही वजह का पता लगाया जा सके।

कौन था अबान अहमद

अबान अहमद, माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे हैं। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान और उसके एक और भाई अहजम को नाबालिग होने की वजह से बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। यह वह दौर था जब अतीक अहमद और उनके परिवार से जुड़ा पूरा मामला देशभर की सुर्खियों में छाया हुआ था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों भाइयों को बाल संरक्षण गृह से रिहा किया गया और उन्हें उनकी बुआ को सौंप दिया गया।

झांसी से जुड़ा है अतीक के तीन बेटों का कनेक्शन

इस पूरे घटनाक्रम में एक चौंकाने वाला संयोग यह भी सामने आया है कि, झांसी शहर का अतीक अहमद के परिवार से गहरा और दुखद नाता जुड़ता दिख रहा है। इससे पहले अतीक अहमद के एक और बेटे का झांसी में ही एनकाउंटर हो चुका है। अब वर्तमान घटनाक्रम में देखा जाए, तो अतीक के तीसरे बेटे अली अहमद फिलहाल झांसी जेल में ही बंद हैं। अली अहमद को बीते साल यानी 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल में शिफ्ट किया गया था।

Atiq Ahmed

यही वजह थी कि, अबान अहमद समेत परिवार के अन्य सदस्य झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने के लिए वहां जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसने एक और जान ले ली। इस तरह झांसी शहर एक बार फिर अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी एक दुखद घटना का गवाह बना है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गौरतलब है कि, अतीक अहमद का परिवार बीते कुछ वर्षों से लगातार एक के बाद एक कठिन दौर से गुजर रहा है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही इस परिवार की जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी। परिवार के कई सदस्यों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा। वहीं कुछ सदस्यों की अलग-अलग परिस्थितियों में मौत भी हो चुकी है। अब अबान अहमद की सड़क हादसे में हुई मौत ने परिवार के लिए एक और गहरा आघात पहुंचाया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में भी हलचल मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए हैं।

आगे की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

फिलहाल, पुलिस इस पूरे हादसे को एक सामान्य सड़क दुर्घटना के तौर पर देख रही है, लेकिन चूंकि यह मामला अतीक अहमद के परिवार से जुड़ा है, इसलिए इस पर प्रशासनिक और मीडिया दोनों की ही नजर बनी हुई है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसे के पीछे असल वजह क्या थी। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश में जुटी हुई है।

 

 इसे भी पढ़ें- ‘अतीक अहमद की तरह मेरे ऊपर भी हो सकता है हमला’ समीर वानखेड़े ने किया धमकी मिलने का दावा

Related Articles

Back to top button