
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर राजेश खन्ना के मशहूर बंगले ‘आशीर्वाद’ को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट के हालिया आदेश के बाद यह प्रॉपर्टी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। कोर्ट ने मीडिया संस्थानों और यूट्यूब चैनलों को इस बंगले को भूतिया, शापित, मनहूस’या अनलकी बताकर प्रचारित करने से रोक दिया है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच जब राजेश खन्ना का बंगला एक बार फिर चर्चा का विषय बना हुआ है, तो आइए जानते हैं उनकी उस हॉरर फिल्म के बारे में, जिसमें उन्होंने भूत और बदले की कहानी के बीच एक दमदार भूमिका निभाई थी। यह फिल्म थी ‘वो फिर आएगी’, जिसने रिलीज के समय अपनी अलग हटकर कहानी की वजह से दर्शकों का खासा ध्यान खींचा था।
इसे भी पढ़ें- रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग से फिर सकते में फिल्म इंडस्ट्री, सामने आया बिश्नोई गैंग का कनेक्शन
एक्शन-रोमांस से हटकर हॉरर की दुनिया में कदम
अपने फिल्मी सफर में राजेश खन्ना ने एक से बढ़कर एक बेहतरीन फिल्में भारतीय सिनेमा जगत को दी हैं, जिन्हें आज भी दर्शक याद करते हैं। ज्यादातर एक्शन और रोमांटिक फिल्मों में नजर आने वाले राजेश खन्ना ने अपने करियर में कुछ हॉरर फिल्में भी कीं, लेकिन इनके बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी है। इन्हीं में से एक डरावनी फिल्म के बारे में हम इस रिपोर्ट में विस्तार से बताने जा रहे हैं।
कब आई थी ‘वो फिर आएगी’
23 सितंबर 1988 के दिन सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘वो फिर आएगी’ निर्देशक बी.आर. इशारा के निर्देशन में बनी एक हिंदी हॉरर फिल्म थी। दिलचस्प बात यह है कि, यह फिल्म मूल रूप से 1978 में आई मलयालम फिल्म ‘लिसा’ की रीमेक थी।

फिल्म की स्टारकास्ट में राजेश खन्ना के साथ फरहा नाज़, मून मून सेन, शेखर सुमन, जावेद जाफरी, अर्चना पूरन सिंह, सत्येन कप्पू, इफ्तेखार, बीना बनर्जी, दान धनोआ और यूनुस परवेज जैसे कलाकार शामिल थे। फिल्म का संगीत आनंद-मिलिंद की जोड़ी ने तैयार किया था और उनके लिए यह फिल्म ‘कयामत से कयामत तक’ की सफलता के बाद अगली बड़ी रिलीज साबित हुई थी।
हॉरर, थ्रिलर और बदला
फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसकी बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। मौत के बाद वह आत्मा के रूप में वापस लौटती है और अपने साथ हुए अन्याय का बदला लेना शुरू करती है। हॉरर, थ्रिलर और रिवेंज ड्रामा का यह अनूठा मिश्रण उस दौर के दर्शकों के लिए एक बिल्कुल अलग अनुभव लेकर आया था। इस फिल्म का निर्माण प्राणलाल मेहता और जय मेहता ने किया था।
फिल्म की रेटिंग और कलेक्शन
IMDb रेटिंग: 6.3
बजट: 1.38 करोड़ रुपये
भारत में नेट कलेक्शन: 2.13 करोड़ रुपये
वर्ल्डवाइड कलेक्शन: करीब 3 करोड़ रुपये
बॉक्स ऑफिस वर्डिक्ट: सेमी हिट
जावेद जाफरी और मुनमुन सेन की पहली फिल्म
इस फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी सामने आते हैं। ‘वो फिर आएगी’ जावेद जाफरी और मुनमुन सेन की साथ में पहली फिल्म थी। इसके बाद दोनों कलाकार 1993 में आई हॉरर फिल्म ‘जख्मी रूह’ में भी एक साथ नजर आए थे। फिल्म के गाने ‘पहला पहला प्यार है’ में जावेद जाफरी को बिना किसी बैकग्राउंड डांसर के अकेले डांस करते हुए दिखाया गया, ताकि उनकी नृत्य प्रतिभा को पूरी तरह से उभारा जा सके। बताया जाता है कि निर्देशक बी.आर. इशारा ने फिल्म ‘मेरी जंग’ के गाने ‘बोल बेबी बोल’ में जावेद जाफरी का डांस देखने के बाद ही उन्हें इस अंदाज में पेश करने का फैसला लिया था।

एक और दिलचस्प तथ्य यह है कि फिल्म में अभिनेता इफ्तेखार की आवाज को डब करने का काम कॉमेडियन जॉनी लीवर ने किया था। वहीं, इस फिल्म की सफलता के बाद राजेश खन्ना ने निर्देशक बी.आर. इशारा के साथ मिलकर ‘सौतेला भाई’ और ‘पुलिस के पीछे पुलिस’ जैसी फिल्मों पर काम शुरू किया था। हालांकि ‘पुलिस के पीछे पुलिस’ नामक फिल्म बाद में अधूरी ही रह गई और इसका निर्माण बंद कर दिया गया।
बॉक्स ऑफिस पर 8 हफ्तों तक रहा जलवा
बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों पर नजर डालें, तो करीब 1.38 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में लगभग 2.13 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि दुनियाभर में इसकी कुल कमाई करीब 3 करोड़ रुपये तक पहुंची। यह फिल्म साल 1988 की 23वीं सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म बनी और इसे बॉक्स ऑफिस पर सेमी हिट का दर्जा हासिल हुआ।
फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि कोलकाता के मशहूर ओपेरा सिनेमा में यह फिल्म लगातार करीब 8 हफ्तों तक प्रदर्शित होती रही, जो उस दौर में किसी फिल्म के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी। समीक्षा वेबसाइट IMDb पर भी इस फिल्म को दर्शकों से 6.3/10 की सम्मानजनक रेटिंग मिली है।
राजेश खन्ना की अनदेखी विरासत
आज जब राजेश खन्ना का ‘आशीर्वाद’ बंगला कानूनी विवादों के चलते सुर्खियों में है, तब उनकी यह भूतिया फिल्म एक बार फिर याद दिलाती है कि ‘काका’ के नाम से मशहूर इस सुपरस्टार ने सिर्फ रोमांस और इमोशन ही नहीं, बल्कि हॉरर जैसी चुनौतीपूर्ण विधा में भी अपने अभिनय का लोहा मनवाया था। ‘वो फिर आएगी’ आज भले ही ज्यादा चर्चित न हो, लेकिन 38 साल पहले इस फिल्म ने अपनी अनोखी कहानी और दमदार परफॉर्मेंस के दम पर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी।
इसे भी पढ़ें- रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग से फिर सकते में फिल्म इंडस्ट्री, सामने आया बिश्नोई गैंग का कनेक्शन



