
बॉलीवुड की सबसे बड़ी और चर्चित फिल्मों में शामिल आमिर खान की फिल्म ‘3 इडियट्स’ एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार इसके चर्चा में होने की दो वजह है। पहली हाल ही में फिल्म को लेकर चर्चा हुई थी कि ये लद्दाखी ऐक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के जीवन से प्रेरित हैं। दूसरी चर्चा ये है कि, साल 2009 में आई यह ब्लॉकबस्टर फिल्म एक बार फिर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ये अफवाह सोशल मीडिया पर चल रही है। हालांकि अब फिल्म के निर्माताओं ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए सच्चाई सामने रख दी है।
इसे भी पढ़ें- आमिर खान ने तोड़ी चुप्पी, बोले- सोनम वांगचुक से इंस्पायर नहीं थी ‘3 इडियट्स’
टीचर्स डे पर री-रिलीज अटकलें
दरअसल, सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से वायरल हो रही थी कि ‘3 इडियट्स’ को टीचर्स डे के खास मौके पर दोबारा सिनेमाघरों में उतारा जा सकता है। इस अटकल को और बल इसलिए भी मिला क्योंकि उसी दौरान देशभर में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन भी चल रहे थे।

इसी बीच आमिर खान का एक बयान भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि, उनकी फिल्म ‘3 इडियट्स’ वास्तविक जीवन के शिक्षाविद सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं थी। इन दोनों घटनाक्रमों के एक साथ सामने आने से री-रिलीज की चर्चा को और हवा मिल गई और फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई।
प्रोडक्शन हाउस ने दिया साफ जवाब
इन तमाम अटकलों और खबरों के बीच बुधवार दोपहर फिल्म बनाने वाले प्रोडक्शन हाउस विधु विनोद चोपड़ा फिल्म्स ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए एक आधिकारिक बयान जारी किया और इन खबरों को निराधार बताया। प्रोडक्शन हाउस ने साफ शब्दों में कहा ये सभी दावे महज अफवाह है।
अपने बयान में उन्होंने लिखा कि, हाल ही में मीडिया में कुछ ऐसी खबरें चलाई गई हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि ‘3 इडियट्स’ चार सितंबर को दोबारा रिलीज होने वाली है। प्रोडक्शन हाउस ने इस पर स्पष्ट रूप से कहा कि यह जानकारी तथ्यात्मक रूप से पूरी तरह गलत है और इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
मीडिया और फैंस से अपील
इतना ही नहीं, विधु विनोद चोपड़ा फिल्म्स ने इस मौके पर मीडिया संस्थानों और फिल्म के फैंस से एक अहम अपील भी की। प्रोडक्शन हाउस ने कहा कि, भविष्य में भी किसी भी तरह की जानकारी पर भरोसा करने से पहले लोग उनके आधिकारिक और वेरिफाइड चैनलों पर की गई घोषणाओं पर ही यकीन करें। उन्होंने साफ किया कि, बिना पुष्टि वाली खबरों और अफवाहों पर भरोसा न करना ही सबसे बेहतर तरीका है, ताकि गलत जानकारी से बचा जा सके।
आखिर क्यों खास है ‘3 इडियट्स’
अब बात करते हैं इस फिल्म की, जिसने रिलीज के 17 साल बाद भी दर्शकों के बीच अपनी पकड़ बनाए रखी है। राजकुमार हिरानी द्वारा निर्देशित यह फिल्म भारतीय शिक्षा व्यवस्था की खामियों को बेहद रोचक और मनोरंजक अंदाज में पेश करती है। रिलीज के समय इस फिल्म को दर्शकों और फिल्म समीक्षकों, दोनों की ही जबरदस्त सराहना मिली थी।

इस फिल्म में आमिर खान के अलावा आर माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर खान, बोमन ईरानी और मोना सिंह जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं। इन सभी कलाकारों के दमदार अभिनय और फिल्म की दिल छू लेने वाली कहानी ने इसे भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में से एक बना दिया।
बॉक्स ऑफिस पर मचाया था तहलका
‘3 इडियट्स’ को आज से करीब 17 साल पहले 25 दिसंबर 2009 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। रिलीज होते ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया था और धमाकेदार कमाई की थी। फिल्म ट्रेड पोर्टल बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, महज 55 करोड़ रुपये की लागत में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 400 करोड़ रुपये का जबरदस्त कलेक्शन किया था। यह आंकड़ा उस दौर के हिसाब से बेहद बड़ा माना जाता था और इसी वजह से फिल्म को उस समय की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में गिना गया।
सोनम वांगचुक कनेक्शन को लेकर भी रही चर्चा
‘3 इडियट्स’ हाल के दिनों में एक और वजह से भी सुर्खियों में रही थी। दरअसल जब नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे थे, उस दौरान आमिर खान का एक बयान सामने आया था। लंबे समय से यह चर्चा होती रही है कि, फिल्म में आमिर खान द्वारा निभाया गया रैंचो का किरदार असल में सोनम वांगचुक से प्रेरित था। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान खुद आमिर खान ने इस बात को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित नहीं था, वे उस वक्त सोनम वांगचुक को जानते तक नहीं थे।
महज अफ़वाह है री-रिलीज की चर्चा
कुल मिलाकर देखा जाए तो ‘3 इडियट्स’ की री-रिलीज को लेकर चल रही सभी खबरें फिलहाल अफवाह ही हैं। प्रोडक्शन हाउस की तरफ से आया स्पष्ट बयान इस बात की पुष्टि करता है कि, फिलहाल फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में लाने की कोई आधिकारिक योजना नहीं है। यह जरूर कहा जा सकता है कि फिल्म को लेकर फैंस के बीच आज भी उतना ही उत्साह और लगाव बना हुआ है, जितना इसकी पहली रिलीज के समय था, और यही वजह है कि महज एक अफवाह ने भी सोशल मीडिया पर इतनी बड़ी चर्चा को जन्म दे दिया।
इसे भी पढ़ें- करीना कपूर के पहले प्यार का एक बार फिर हुआ जिक्र, 13 साल की उम्र दे बैठी दी दिल



