
नशे में धुत दोनों भाइयों ने समझाने आए माता-पिता को बेरहमी से पीटा
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
गाजियाबाद। गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक ही परिवार में सोमवार देर रात ऐसी वारदात हुई, जिस पर यकीन करना किसी के लिए भी आसान नहीं है। यहां जिस बेटे की लंबी उम्र और खुशहाल जिंदगी के लिए सुबह मां-बाप ने घर पर कीर्तन कराया था, उसी बेटे ने कुछ ही घंटों बाद अपने छोटे भाई के साथ मिलकर अपने माता-पिता की हत्या कर दी।
इसे भी पढ़ें- गाजियाबाद: एलिवेटेड रोड पर स्लिप रोड का रास्ता साफ, 5 लाख वाहन चालकों को मिलेगी जाम से मुक्ति
यह वारदात गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र की भीमनगर कॉलोनी में हुई। पुलिस के मुताबिक, शराब के नशे में डूबे दोनों बेटों को माता-पिता ने समझाने की कोशिश की तो उन्होंने इतनी बेरहमी से पीटा कि, दंपती को अस्पताल पहुंचाए जाने से पहले ही ईश्वर को प्यारे हो गये।
बेटी की शिकायत पर हुई गिरफ्तारी
इस दर्दनाक घटना में मृतक दंपती की बेटी ने अपने ही दोनों भाइयों के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बेटी का आरोप है कि, आरोपी भाई माता-पिता की संपत्ति अपने नाम कराने के लिए भी लगातार दबाव बना रहे थे।

बेटी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपी भाइयों, ललित (27 वर्ष) और दीपक (25 वर्ष), को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरी घटना ने स्थानीय लोगों को भी अंदर तक हिला कर रख दिया है।
कौन थे मृतक दंपति
पुलिस के अनुसार मृतक गंगाशरण (55 वर्ष) और उनकी पत्नी विमलेश (50 वर्ष) लंबे समय से भीमनगर कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। मूल रूप से वे बुलंदशहर जिले के बीबीनगर क्षेत्र के सठला कस्बे के रहने वाले थे। गंगाशरण पेशे से पत्र वितरक यानी डाकिया थे और इसके साथ-साथ वे अपनी एक डेयरी भी चलाते थे। दंपती के कुल चार संतानें थीं — दो बेटे ललित और दीपक, तथा दो बेटियां। परिवार के सभी चारों बच्चों की शादी हो चुकी थी।
किरायेदार ने दी पुलिस को सूचना
इस पूरे मामले का खुलासा कैसे हुआ, इसकी जानकारी देते हुए डीसीपी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि, उसी मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रह रहे जगबीर नाम के व्यक्ति ने रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना दी। जगबीर ने पुलिस को बताया कि, नीचे दोनों बेटे अपने ही माता-पिता के साथ मारपीट कर रहे हैं। दंपति की हालत बेहद गंभीर हो चुकी है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल दंपति को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के सिर और शरीर पर गहरी चोटों के निशान पाए गए हैं। आरोपियों के मेडिकल परीक्षण में यह पुष्टि हो चुकी है कि, दोनों ने भारी मात्रा में शराब पी थी। हालांकि, मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बेटी ने दर्ज कराई रिपोर्ट
मृतक दंपति की बेटी ज्योति ने भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई और घटना का ब्योरा पुलिस को दिया। ज्योति के अनुसार, दोनों भाई सोमवार रात शराब पीकर घर लौटे थे, दोनों काफी नशे में थी। इसी बात को लेकर पिता गंगाशरण ने दोनों को डांट दिया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।

बेटी ने बताया डांट सुनकर दोनों भाई गुस्से में आ गए और पिता से उलझ पड़े। जब मां बीच-बचाव करने के लिए दौड़ीं, तो उन्होंने उन पर भी हमला बोल दिया। आरोप है कि, जब मां-बाप जमीन पर गिर पड़े, उसके बाद भी दोनों भाइयों ने उन्हें लात-घूंसों से लगातार पीटा। यह भी दावा किया गया है कि, हमले के दौरान सिर पर किसी भारी वस्तु से भी वार किया गया। हालां,कि पुलिस को अब तक घटनास्थल से ऐसी कोई भारी वस्तु बरामद नहीं हुई है। बेटी के अनुसार जब मां-बाप बोलने की स्थिति में भी नहीं रह गए थे, तब भी आरोपी उन्हें गाली देते रहे।
एक दिन पहले ही मनाया था जन्मदिन
इस पूरी घटना का सबसे दुखद और विचलित कर देने वाला पहलू यह है कि, बीस जुलाई को ही परिवार ने बड़े बेटे ललित का जन्मदिन धूमधाम से मनाया था। इस मौके पर मां-बाप ने बेटे की लंबी उम्र और अच्छी सेहत की कामना के साथ कीर्तन भी करवाया था, लेकिन उसी दिन रात होते-होते वही बेटा अपने छोटे भाई के साथ मिलकर माता-पिता की मौत की वजह बन गया।
पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- लखनऊ अग्निकांड के बाद गाजियाबाद में हड़कंप, खतरे की जद में 206 इमारतें, इतनी को किया गया सील



