धुरियापार में लगेगी सीमेंट फैक्ट्री, ग्रेटर गीडा के लिए भी हजारों करोड़ के प्रस्ताव: सीएम योगी

  • अब विदेशी लोग यहां आकर करेंगे चाकरीः मुख्यमंत्री

  • मुख्यमंत्री ने 295 करोड़ से अधिक लागत वाली 319 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

  •  2017 से पहले ठेके-पट्टे के लिए होती थी मारपीट

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी इंटर कॉलेज, महुआपार बड़हलगंज में शनिवार को 295 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 319 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भूमि मां सरयू के आंचल में बसी है। यहां के नौजवानों ने हर जगह अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया है।

इसे भी पढ़ें- सदन में मुख्यमंत्री का सपा पर प्रहार, बोले- सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है महिला सशक्तीकरण

मिलेंगे रोजगार के अवसर

एक वक्त था जब बाढ़ की तबाही और कनेक्टिविटी के अभाव में लोग पलायन करने को मजबूर थे और आजीविका के लिए विदेश तक जाना पड़ता था, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। यहां के नौजवानों को अब बाहर नहीं जाना होगा, बल्कि यहीं रोजगार के ढेर सारे अवसर मिलेंगे।

CM YOGI

उन्होंने गर्व के साथ कहा कि अब आपके चुने हुए विधायक-सांसद डबल इंजन सरकार की ताकत का उपयोग करते हुए विदेशी लोगों को चिल्लूपार में काम करने का मौका देंगे। विदेशी यहां आकर चाकरी करेंगे। सीएम ने भरोसा जताया कि विकास और विरासत की इस यात्रा के साथ चिल्लूपारवासी बिना रुके, बिना झुके निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।

सीएनजी-एथेनॉल ने बंद नहीं होने दिया काम

सीएम योगी ने बताया कि धुरियापार में बंद पड़ी चीनी मिल की खाली जमीन पर सीएनजी प्लांट स्थापित कराया गया। अमेरिका-ईरान के बीच तनाव के चलते पूरी दुनिया में ऊर्जा संकट है, लेकिन सीएनजी और एथेनॉल की बदौलत उत्तर प्रदेश में काम नहीं थमा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भर अमेरिका में भी महंगाई चार गुना बढ़ गई है, वहां 100 रुपये की चीज 400 रुपये में मिल रही है। लेकिन भारत में महंगाई नियंत्रण में है।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत गरीब कल्याण, विकास और सुरक्षा का माहौल देते हुए माफियाओं को मिट्टी में मिला रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि एक समय रामजानकी मार्ग पर आवागमन ठप रहता था, उपचार के लिए लखनऊ जाना पड़ता था और बुनियादी सुविधाएं तक नहीं थीं। लेकिन आज कनेक्टिविटी पूरी तरह बदल गई है।

2017 से पहले कोई सोच भी नहीं सकता था कि धुरियापार में इंडियन ऑयल का सीएनजी प्लांट लगेगा या सहजनवां का गीडा यहां तक पहुंचेगा। अब यहां ग्रेटर गीडा बनाया जाएगा और इसके लिए अभी से हजारों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आ चुके हैं। धुरियापार में सीमेंट फैक्ट्री लगने जा रही है। इसके साथ ही पावर प्लांट, आधुनिक पेंट उद्योग, अत्याधुनिक डिस्टलरी और मॉडर्न मेडिसिन व एलोपैथिक दवा उत्पादन की इकाइयां भी स्थापित होंगी।

राजेश त्रिपाठी के हर प्रस्ताव को स्वीकृति देगी सरकार

सीएम ने कहा कि विधायक राजेश त्रिपाठी जितने भी प्रस्ताव लाएंगे, सरकार उन्हें मंजूरी देगी। उन्होंने बताया कि राजेश त्रिपाठी ने यहां होमियोपैथिक कॉलेज स्वीकृत कराया था, लेकिन सपा सरकार ने आते ही काम रुकवा दिया। उस दौर के जनप्रतिनिधियों ने इसे अनसुना कर दिया। 2017 में सरकार बनने के बाद राजेश जी लगातार इस काम के लिए मिलते रहे और आज इस विधानसभा क्षेत्र में आयुष के डॉक्टर तैयार हो रहे हैं। चिल्लूपार पारंपरिक चिकित्सा का नया केंद्र बनकर उभर रहा है।

जितनी तेज कनेक्टिविटी, उतनी तेज प्रगति

सीएम योगी ने कहा कि उन्होंने जलशक्ति मंत्री को निर्देश दिए हैं कि बाढ़ बचाव के लिए आए हर प्रस्ताव पर गंभीरता से काम हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि कनेक्टिविटी जितनी मजबूत होगी, प्रगति उतनी तेज होगी। चिल्लूपार अब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक से लखनऊ और गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन नेशनल हाइवे से देश के प्रमुख शहरों से जुड़ चुका है। यहां से तीन घंटे में लखनऊ, दो घंटे में वाराणसी और आधे-पौने घंटे में गोरखपुर पहुंचा जा सकता है।

CM YOGI

सीएम ने विपक्ष पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग आस्था, महापुरुषों का सम्मान, विकास, रोजगार, उद्योग, बेटी-बहन की सुरक्षा और सड़क निर्माण नहीं दे सकते, उन्हें नहीं चुनना चाहिए। गलत लोगों को चुनने से जनता का पैसा कुछ खास लोगों की जेब में जाता है, नौकरियां बिकती हैं और ठेके-पट्टों के लिए मारपीट होती है। उन्होंने व्यंग्य किया कि जब विधायक स्वयं ठेका लेने लगे तो फिर क्षेत्र का क्या हाल होगा, यह बताने की जरूरत नहीं।

गोरखपुर के 800 से अधिक युवा चयनित

सीएम ने बताया कि हालिया पुलिस भर्ती में चिल्लूपार और गोरखपुर के 800 से अधिक युवाओं का चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले चिल्लूपार, आजमगढ़ और मऊ के नाम पर नौकरी तक नहीं मिलती थी। यूपी का नाम सुनते ही लोग दूरी बनाते थे। लेकिन आज गोरखपुर और चिल्लूपार का नाम सुनकर लोग दस कदम आगे आकर गले मिलते हैं। यही विकास की यात्रा की नई पहचान है।

विकास, सुरक्षा और आस्था का होगा सम्मान

सीएम ने संकल्प लेते हुए कहा कि यहां ऐसे प्रशिक्षण संस्थान खोले जाएंगे, जहां उद्योगों के लिए युवाओं को दक्ष बनाया जाएगा और स्थानीय स्तर पर ही रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब अच्छे लोग चुने गए, तभी अच्छी सरकारें आईं, अयोध्या में राम मंदिर बना, काशी विश्वनाथ धाम संवरा और गोरखपुर में एम्स व फर्टिलाइजर प्लांट पूरे हुए। विकास को गति तभी मिलती है जब सुशासन और सुरक्षा का माहौल हो।

कार्यक्रम में चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद समेत कई जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 इसे भी पढ़ें- UP 2027: सस्पेंस खत्म, नितिन नवीन ने किया ऐलान, योगी आदित्यनाथ ही होंगे अगले मुख्यमंत्री

Related Articles

Back to top button