
नई दिल्ली। मनोरंजन जगत और अपराध की दुनिया के बीच एक बार फिर खतरनाक टकराव देखने को मिल रहा है। मशहूर पंजाबी गायक और ग्लोबल सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप कांग के हरियाणा स्थित आवास पर अज्ञात हमलावरों द्वारा अंधाधुंध फायरिंग की गई है। इस सनसनीखेज वारदात के तुरंत बाद कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
इसे भी पढ़ें- प्रियंका चोपड़ा ने एमी के लिए नामांकित होने पर दिलजीत दोसांझ को दी बधाई
पंजाब म्यूजिक इंडस्ट्री में डर का माहौल
इस घटना ने न केवल बॉलीवुड और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में डर का माहौल पैदा कर दिया है, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी एक बड़ी चुनौती पेश कर दी है। बिश्नोई गैंग का दावा है कि, यह हमला किसी फिरौती या पैसे के लिए नहीं, बल्कि एक नैतिक सबक सिखाने के उद्देश्य से किया गया है।

हरियाणा के गोंदर गांव में हुई इस फायरिंग की घटना ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फुला दिए हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया और पलक झपकते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस हमले के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई नामक प्रोफाइल से एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा किया गया, जिसमें विस्तार से बताया गया कि यह हमला क्यों और किसके आदेश पर किया गया।
पोस्ट में स्पष्ट रूप से ऑस्ट्रिया मेड हथियारों के इस्तेमाल की बात कही गई है, जो इस गैंग की अंतरराष्ट्रीय पहुंच और अत्याधुनिक हथियारों की उपलब्धता की ओर इशारा करता है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जारी किए गए इस पोस्ट में बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं। टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई ने लिखा है कि, उन्होंने यह कदम दिलजीत दोसांझ और उनके मैनेजरों को चेतावनी देने के लिए उठाया है।
लड़कियों के शोषण का आरोप
पोस्ट में दावा किया गया है कि, दिलजीत के मैनेजरों में से एक, जो उनके अंतरराष्ट्रीय दौरों और शोज का काम संभालता है, लड़कियों के शोषण में लिप्त है। गैंग का आरोप है कि, ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान पंजाब की एक युवती को शादी और सुनहरे भविष्य के झूठे सपने दिखाकर उसके साथ गलत काम किया गया और जब वह गर्भवती हो गई, तो उसे हर जगह से ब्लॉक कर दिया गया।
बिश्नोई गैंग ने यह भी कहा कि उन्हें दिलजीत के इसी टूर के दौरान कई अन्य महिलाओं और बहनों की भी शिकायतें मिली थीं, जिनमें टीम के सदस्यों द्वारा अश्लील व्यवहार की बात कही गई थी। गैंग ने अपने पोस्ट में दिलजीत दोसांझ को संबोधित करते हुए लिखा है कि वे उन्हें और उनकी टीम को बेनेफिट ऑफ डाउट दे रहे थे कि शायद वे इन हरकतों से अनजान होंगे।
पोस्ट के अनुसार, उन्होंने पहले भी दो बार प्यार से संदेश भेजे थे और मैनेजर को टीम से बाहर निकालने की सलाह दी थी, लेकिन टीम पैसे और शोहरत की चकाचौंध में इतनी अंधी हो चुकी है कि उन्हें सही और गलत का अंतर दिखाई नहीं दे रहा। बिश्नोई गैंग ने इसे अपनी तीसरी और अंतिम चेतावनी करार दिया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि दिलजीत देश को वैश्विक स्तर पर रिप्रेजेंट करते हैं, इसलिए अब तक उनके साथ नरमी बरती जा रही थी, लेकिन अब उनकी बर्दाश्त की सीमा समाप्त हो चुकी है।
अंजाम भुगतने की धमकी
इस धमकी भरे पोस्ट में गैंग की ताकत और नेटवर्क का खौफनाक प्रदर्शन भी किया गया है। आरजू बिश्नोई और हरि बॉक्सर के हवाले से लिखा गया है कि उनका नेटवर्क पूरी दुनिया में फैला हुआ है और दिलजीत या उनकी टीम दुनिया के किसी भी कोने में चली जाए, वे उन्हें ढूंढ निकालेंगे।
पोस्ट की भाषा काफी आक्रामक है, जिसमें लिखा गया है कि आत्मा तो तुमने पहले ही छोड़ रखी है, शरीर हम छुड़वाएंगे। गैंग ने चेतावनी दी है कि, अगली बार बात न मानने की गलती भारी पड़ेगी और वे न केवल उस मैनेजर का नाम सार्वजनिक रूप से एक्सपोज करेंगे, बल्कि पूरी टीम के घरों में घुसकर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने को कहा है। इस घटना ने सुरक्षा विशेषज्ञों को भी चिंता में डाल दिया है।

गौरतलब है कि, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पहले ही सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड और सलमान खान को दी गई धमकियों के कारण सुर्खियों में रहा है। अब दिलजीत दोसांझ जैसे वैश्विक स्तर के कलाकार की टीम को निशाना बनाना यह दर्शाता है कि यह गैंग अब नैतिक पुलिसिंग के नाम पर अपनी जड़ें और गहरी करना चाहता है।
ट्रैक किया जा आईपी एड्रेस
पुलिस सूत्रों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है और जिस अकाउंट से यह पोस्ट किया गया है, उसके आईपी एड्रेस को ट्रैक किया जा रहा है। गोंदर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मनोरंजन जगत के जानकारों का मानना है कि, इस तरह की घटनाएं भारतीय कलाकारों के अंतरराष्ट्रीय दौरों और उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर बुरा असर डाल सकती हैं।
दिलजीत दोसांझ इस समय अपने करियर के चरम पर हैं और हाल ही में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का मान बढ़ाया है। ऐसे में उनके स्टाफ पर लगे इन आरोपों और बिश्नोई गैंग की सीधी संलिप्तता ने मामले को काफी पेचीदा बना दिया है। फिलहाल दिलजीत दोसांझ या उनकी आधिकारिक टीम की ओर से इस फायरिंग और आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि वे कानूनी सलाह ले रहे हैं और अपनी सुरक्षा बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं।
पंजाब में हाई अलर्ट
यह मामला केवल एक फायरिंग की घटना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह साइबर स्पेस और जमीनी अपराध के खतरनाक गठजोड़ का एक और उदाहरण है। बिश्नोई गैंग जिस तरह से सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपनी बात रखने और दहशत फैलाने के लिए कर रहा है, वह पुलिस के लिए एक नई चुनौती बन गया है।
फिलहाल, पूरे हरियाणा और पंजाब में हाई अलर्ट जैसी स्थिति है और पुलिस की टीमें हमलावरों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। देखना होगा कि क्या दिलजीत दोसांझ की टीम इन आरोपों पर कोई सफाई पेश करती है या पुलिस इस गैंगवार और धमकियों के सिलसिले को रोकने में कामयाब हो पाती है।
इसे भी पढ़ें- पंजाब 95: दिलजीत दोसांझ की बहुप्रतीक्षित फिल्म 7 फरवरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज होगी



