संगम नगरी में गरजे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद, बोले- ‘संकट के समय में भी राजनीति कर रहे राहुल-अखिलेश’

प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज की धरती से आज उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने न केवल विपक्ष के विरुद्ध ‘युद्धघोष’ किया, बल्कि भारत की महान विरासत को भी नमन किया। सम्राट अशोक के शिलालेखों की प्रतिलिपियों का लोकार्पण करते हुए मौर्य ने सत्ता को लोकमंगल का माध्यम बताया, तो वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी और अखिलेश यादव को अफवाहों का सौदागर संबोधित किया। डिप्टी सीएम ने ये भी कहा कि आने वाले चुनाव में जनता इनका दोनों नेताओं का बाजा बजा देगी।

इसे भी पढ़ें- क्रैश होने से बचा केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर, अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, सीएम योगी ने मांगी रिपोर्ट

शिलालेखों की प्रतिलिपियों का लोकार्पण किया

Deputy CM Keshav Prasad

आपको बता दें कि,  शनिवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का पावन संगम नगरी में आगमन राजनीति और संस्कृति के अनूठे मेल का गवाह बना। पुलिस लाइन हेलीपैड पर भव्य स्वागत के बाद डिप्टी सीएम ने जनपद में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में शिरकत की। यहां उन्होंने चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान के शिलालेखों की प्रतिलिपियों का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह और पूज्य भिक्षुगणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक ने भगवान बुद्ध के विचारों से प्रेरणा लेकर सत्ता को केवल शक्ति का केंद्र नहीं, बल्कि लोकमंगल, शांति और नैतिकता की स्थापना का एक आदर्श माध्यम बनाया था। मौर्य ने जोर देकर कहा कि आज की सरकार भी उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए अंत्योदय और जनकल्याण के मार्ग पर अग्रसर है।

शिलालेखों के लोकार्पण के इस कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल, जिलाध्यक्षा निर्मला पासवान, महापौर गणेश केसरवानी, विधायक पियूष रंजन निषाद, डॉ. वाचस्पति सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूज्य भिक्षुगणों का आशीर्वाद लेते हुए केशव मौर्य ने कहा कि हमारी विरासत ही हमारी असली ताकत है और सम्राट अशोक के संदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने सदियों पहले थे।

विपक्ष पर कसा तंज

अपने प्रयागराज दौरे के दौरान जब वे सर्किट हाउस पहुंचे, तो वहां पत्रकारों से भी बातचीत की। पत्रकार वार्ता में केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह से विपक्ष पर आक्रामक नजर आये। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये दोनों नेता अफवाह गांधी और अफवाह यादव बनकर रह गए हैं।

विपक्ष के इन नेताओं पर घटिया राजनीति का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के इस कठिन समय में उन्हें देश के साथ खड़ा होना चाहिए था, लेकिन वे अपनी राजनीति चमकाने के लिए दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं। मौर्य ने कड़े लहजे में कहा, आने वाले समय में इन अफवाह फैलाने वाले नेताओं का हम बाजा बजा देंगे।

देश में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर उड़ रही अफवाहों पर डिप्टी सीएम ने आंकड़ों के साथ पलटवार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं है। आंकड़ों को पेश करते हुए उन्होंने बताया कि पहले जहां प्रतिदिन 55 लाख सिलेंडर बुक होते थे, वहीं सरकार ने अब इसे बढ़ाकर 75 लाख प्रतिदिन कर दिया है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि आपूर्ति पूरी तरह सुचारू है और सरकार हर घर तक सिलेंडर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्षी दावों को केवल जनता में डर पैदा करने की एक नाकाम कोशिश बताया।

विदेश नीति को सराहा

ईरान, इस्राइल और अमेरिका के बीच जारी तनाव और खाड़ी देशों के युद्ध संकट पर चर्चा करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया आज युद्ध की विभीषिका से डरी हुई है, लेकिन पीएम मोदी की सशक्त विदेश नीति के कारण भारत सुरक्षित है। मौर्य ने गर्व से कहा कि अंतरराष्ट्रीय संकट के बावजूद ईरान से भारत में क्रूड ऑयल और गैस का आयात निर्बाध रूप से जारी है। यह इस बात का प्रमाण है कि आज दुनिया में भारत का झंडा बुलंद है और कोई भी शक्ति हमारे हितों को प्रभावित नहीं कर सकती।

दिखी संगठन की एकजुटता   

आगामी चुनावों पर बात करते हुए उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि, भाजपा चुनावी मोड में आ चुकी है। उन्होंने कहा कि देश के अंदर कोई संकट नहीं है, संकट केवल उन विपक्षी दलों के पास है जो अब अप्रासंगिक हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि भाजपा विरोधियों को हराकर फिर से प्रचंड बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और जिला पंचायत चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पूरी तरह तैयार है।

स्वागत और लोकार्पण के इस व्यस्त दौरे के दौरान संगठन की एकजुटता भी दिखाई दी। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी, राजेश शुक्ला, राजेंद्र मिश्रा, मृत्युंजय तिवारी, वरुण केसरवानी, आशीष गुप्ता, सुबोध सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

इसे भी पढ़ें- डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, टला बड़ा हादसा

Related Articles

Back to top button