
तिरुवनंतपुरम। कभी अपनी कातिलाना नीली आंखों से महाकुंभ की गलियों में लाखों लोगों को अपना दीवाना बनाने वाली ‘वायरल गर्ल’ मोनालिसा अब एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उनका व्यक्तिगत जीवन और साहस भरा फैसला है। प्रयागराज के आस्था के महापर्व से लेकर केरल के शांत तटों तक का सफर तय करने वाली मोनालिसा ने तमाम पारिवारिक विरोध और सामाजिक दबावों को दरकिनार करते हुए अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान के साथ जीवन के नए अध्याय की शुरुआत की है।
इसे भी पढ़ें- मोनालिसा को फिल्म का ऑफर देने वाले डायरेक्टर गिरफ्तार
महाकुंभ 2025 में हुई थी वायरल
साल 2025 में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले में जब दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे थे, तब एक चेहरा भीड़ से अलग चमक रहा था। वह था मोनालिसा का, जो इंदौर से मेले में माला बेचने आई थीं, लेकिन अपनी गहरी नीली और बड़ी-बड़ी आंखों की वजह से सोशल मीडिया का केंद्र बन गईं। उनकी सादगी और उनकी आंखों की गहराई ने उन्हें रातों-रात ‘महाकुंभ वायरल गर्ल’ के रूप में स्थापित कर दिया। आम लोगों से लेकर बड़े इन्फ्लुएंसर्स तक, हर कोई उनकी उस सहज सुंदरता का कायल हो गया था।

हालांकि, सोशल मीडिया की चकाचौंध के पीछे एक निजी संघर्ष भी पल रहा था। रिपोर्ट्स के अनुसार, मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली मोनालिसा और महाराष्ट्र के मूल निवासी फरमान खान पिछले डेढ़ साल से गहरे रिश्ते में थे, लेकिन यह प्यार, समाज और परिवार की रूढ़िवादी सोच के सामने एक बड़ी चुनौती बन गया। मोनालिसा के पिता, जय सिंह भोसले ने इस रिश्ते का कड़ा विरोध किया। विरोध का मुख्य आधार उनका अलग-अलग धर्म होना था।
केरल में शूटिंग कर रही हैं मोनालिसा
ये भी कहा जा रहा है कि, मोनालिसा पर उनके परिवार द्वारा एक दूर के रिश्तेदार के साथ जबरन शादी करने का दबाव बनाया गया था, लेकिन निजी स्वतंत्रता और अपनी पसंद के साथी के साथ जीवन बिताने के अधिकार को लेकर मोनालिसा ने अपने परिवार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और अपनी पहचान और भविष्य को संवारने की चाह में मोनालिसा केरल पहुंच गईं। वहां वे अपनी पहली मलयालम फिल्म ‘नागम्मा’ की शूटिंग में व्यस्त थीं। पूवर के सुंदर दृश्यों के बीच वे अपने करियर को नई उड़ान देने में जुटी थीं, लेकिन, उनका पीछा करते-करते उनका पारिवारिक विवाद भी वहां पहुंच गया। कहा जा रहा है कि उनके पिता ने उन्हें ढूंढ निकाला और वहां पहुंच गये। वे मोनालिसा को जबरन वापस लाने की कोशिश करने लगे।
मन्दिर में की मुस्लिम ब्वायफ्रेंड से शादी
इस तनावपूर्ण स्थिति में मोनालिसा और फरमान ने कानून का दरवाजा खटखटाया। वे तिरुवनंतपुरम के थम्पनूर पुलिस स्टेशन पहुंचे और सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस के सामने जब मामला आया, तो कानून ने अपना स्पष्ट रुख रखा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मोनालिसा बालिग हैं और उन्हें अपनी मर्जी से अपना जीवनसाथी चुनने और उसने साथ रहने का पूरा कानूनी अधिकार है। पुलिस से मिली राहत के बाद, इस कपल ने बिना देर किए शादी का फैसला लिया। तिरुवनंतपुरम के पूवर स्थित अरुमानूर श्री नैनार देवा मंदिर में दोनों विवाह के बंधन में बंध गए, जिसका वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मोनालिसा लाल साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं। वहीं फरमान उनके माथे पर सिंदूर भरते और मंगलसूत्र पहनाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
उनकी इस शादी को केवल एक व्यक्तिगत मिलन के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक एकता के उदाहरण के तौर पर भी देखा जा रहा है। विवाह के दौरान केरल के कई दिग्गज नेता वहां मौजूद थे, जिन्होंने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने इस मौके पर कहा कि यह असली केरल की कहानी है। उनके अलावा CPI(M) के स्टेट सेक्रेटरी एम.वी. गोविंदन और सांसद ए.ए. रहीम की उपस्थिति ने इस शादी को एक व्यापक सामाजिक समर्थन प्रदान किया।
फैन्स दे रहे बधाई
शादी के बाद मीडिया से बात करते हुए मोनालिसा ने अपने दिल की बात साझा की। उन्होंने कहा, मेरा परिवार मेरी शादी कहीं दूर करवाना चाहता था, लेकिन मुझे वह रिश्ता मंजूर नहीं था। मैंने वही किया जो मेरे मन ने चाहा। अब मैं फरमान के साथ बेहद खुश हूं और एक नई शुरुआत के लिए तैयार हूं। मोनालिसा और फरमान की यह कहानी आज देश भर में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक तरफ फैन्स उन्हें बधाई दे रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ मोनालिसा के इस फैसले ने समाज में एक नई बहस छेड़ दी है।
इसे भी पढ़ें- भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा ने नाइट ड्रेस में पोस्ट की हॉट फोटोज, तेजी हुई वायरल



