
मुंबई। सनी देओल की पैट्रियॉटिक वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ रिलीज के 23वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। ये फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों मे रिलीज हुई थी। यह फिल्म तीन हफ्तों तक ब्लॉकबस्टर स्तर की कमाई करती रही और अब चौथे हफ्ते में प्रवेश कर गई है, लेकिन इसकी रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि, फिल्म को हर हफ्ते नया कंपटीशन मिल रहा है, लेकिन इसकी कमाई पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें- देशभक्ति का जादू बरकरार, फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर की 315 करोड़ की कमाई
रिलीज हुई शाहिद की ‘ओ रोमियो’
कल शुक्रवार को शाहिद कपूर की रोमांटिक एंटरटेनर ‘ओ रोमियो’ भी रिलीज हो गई, जिससे ‘बॉर्डर 2’ की स्क्रीन शेयर और ऑक्यूपेंसी पर कुछ असर पड़ा, लेकिन शनिवार को वीकेंड शुरू होने के साथ फिल्म ने फिर से रफ्तार पकड़ ली। ट्रेड एनालिस्ट साइट सैकनिल्क के अनुसार चौथे शनिवार यानी रिलीज के 23वें दिन दोपहर 1 बजे तक फिल्म ने लगभग 0.5 करोड़ रुपये की नेट कमाई दर्ज की है। शाम और रात के शो में सुधार की उम्मीद है, जिससे दिन का फाइनल कलेक्शन 1 करोड़ रुपये के आसपास या उससे अधिक रह सकता है।

फिल्म ने रिलीज के पहले हफ्ते में ही 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली थी, जिससे यह तुरंत ब्लॉकबस्टर घोषित हो गई। दूसरे हफ्ते में इसकी कमाई 70.15 करोड़ रुपये रही, जबकि तीसरे हफ्ते में 23.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। कुल मिलाकर 22 दिनों में भारत में नेट कलेक्शन 318.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। 22वें दिन यानी चौथे शुक्रवार पर नई फिल्मों के आने से कलेक्शन गिरकर 0.80 करोड़ रुपये रहा, लेकिन वीकेंड के आगमन से रफ्तार में सुधार दिख रहा है। चौथे शनिवार की मॉर्निंग ऑक्यूपेंसी 10.03 प्रतिशत दर्ज की गई, जो पिछले कुछ दिनों की तुलना में बेहतर है।
इतनी हो चुकी है कमाई
वैलेंटाइन वीकेंड होने के कारण शाम के शो में फैमिली और युवा दर्शकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। फिल्म की दिन-दर-दिन भारत नेट कमाई देखें तो शुरुआती दिनों में इसका प्रदर्शन जबरदस्त रहा। पहले दिन 30 करोड़, दूसरे दिन 36.5 करोड़, तीसरे दिन 54.5 करोड़ और चौथे दिन 59 करोड़ रुपये की कमाई हुई। वीकडेज पर भी फिल्म ने अच्छा प्रदर्शन जारी रखा। पांचवें दिन 20 करोड़, छठे दिन 13 करोड़ और सातवें दिन 11.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन रहा। दूसरे हफ्ते में भी फिल्म ने मजबूती दिखाई। आठवें दिन 10.75 करोड़, नौवें दिन 17.75 करोड़ और दसवें दिन 22.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई।
तीसरे हफ्ते में कलेक्शन धीमा हुआ, लेकिन फिर भी फिल्म ने रोजाना करोड़ों में कमाई की। 16वें दिन 5.25 करोड़, 17वें दिन 6.9 करोड़ और उसके बाद भी 2-3 करोड़ के बीच रोजाना कलेक्शन होता रहा। अब चौथे हफ्ते में भी फिल्म 0.5 करोड़ से शुरू होकर दिन के अंत तक अच्छा आंकड़ा जोड़ने की राह पर है। भारत में 23 दिनों का कुल नेट कलेक्शन दोपहर 1 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार 319.05 करोड़ रुपये हो चुका है।
View this post on Instagram
ग्रॉस स्तर पर भारत से फिल्म ने अब तक 380 करोड़ रुपये कमाए हैं, जबकि ओवरसीज मार्केट से 56.15 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। इस तरह वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 436.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि वीकेंड में अगर प्रदर्शन मजबूत रहा तो फिल्म जल्द ही 440 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड आंकड़े को पार कर लेगी।
इसे भी पढ़ें- सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी ‘बॉर्डर 2’, तोड़े इन एक्टर्स के रिकॉर्ड
450 करोड़ से अधिक का कलेक्शन कर सकती है फिल्म
कुछ विश्लेषकों का मानना है कि, फिल्म भारत में नेट 320 से 330 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड 450 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर सकती है।
अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित ‘बॉर्डर 2’ 1997 की क्लासिक फिल्म बॉर्डर की आधिकारिक सीक्वल है। फिल्म में सनी देओल के अलावा वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। कहानी भारतीय सेना के वीर जवानों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें एक्शन, इमोशन, देशभक्ति और युद्ध के दर्द को बेहद प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है। दर्शकों ने सनी देओल की दमदार परफॉर्मेंस, वरुण धवन की एनर्जी और दिलजीत दोसांझ की एक्टिंग की जमकर तारीफ की है।
175 से 275 करोड़ रुपये में बनी थी फिल्म
फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर भी दर्शकों को थिएटर में बांधे रखने में सफल रहा है। फिल्म का बजट 175 से 275 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है और यह अब तक 2026 की सबसे बड़ी कमर्शियल सक्सेस में से एक साबित हो चुकी है। शुरुआती हफ्तों में वर्ड ऑफ माउथ और पैट्रियॉटिक अपील ने फिल्म को जबरदस्त सफलता दिलाई। हालांकि, अब शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ और अन्य ‘वैलेंटाइन स्पेशल’ रिलीज से कॉम्पिटिशन बढ़ गया है। ‘ओ रोमियो’ रोमांटिक और युवा दर्शकों को टारगेट कर रही है, जिससे ‘बॉर्डर 2’ की स्क्रीन्स पर कुछ असर पड़ सकता है।
View this post on Instagram
देश भक्ति कहानियां पसंद करते हैं दर्शक
फिर भी पैट्रियॉटिक फिल्मों का अपना अलग दर्शक वर्ग होता है और ‘बॉर्डर 2’ अभी भी फैमिली ऑडियंस, डिफेंस बैकग्राउंड वाले दर्शकों और देशभक्त सिनेमा प्रेमियों के बीच लोकप्रिय बनी हुई है। ट्रेड एनालिस्ट्स का कहना है कि ‘बॉर्डर 2’ ने साबित कर दिया है कि अच्छी कहानी, दमदार एक्टिंग और सही पैट्रियॉटिक मैसेज वाली फिल्में लंबी दौड़ में सफल रहती हैं।
रिलीज के 23वें दिन भी कमाई जारी होना फिल्म की ताकत को दर्शाता है। अगले कुछ दिनों में अगर वीकेंड मजबूत रहा और ऑक्यूपेंसी में इजाफा हुआ तो फिल्म 440 करोड़ के वर्ल्डवाइड क्लब में आसानी से शामिल हो जाएगी। बॉक्स ऑफिस पर यह पैट्रियॉटिक सिनेमा की जीत का एक और उदाहरण बन चुकी है, जो दर्शाता है कि दर्शक आज भी देशभक्ति और वीरता की कहानियों को दिल से पसंद करते हैं।
इसे भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर 2’ की रफ़्तार हुई धीमी तो ‘मर्दानी 3’ के लिए खड़ी हुई बड़ी चुनौती



