पाक PM शाहबाज शरीफ बोले- हम बांग्लादेश के साथ हैं…भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच नहीं खेलेंगे

पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को कोलंबो में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मैच नहीं खेलने के लिये कहा है।

कराची,खेल डेस्क सरकारी मंथन । भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच के बहिष्कार को सही फैसला बताते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने कहा कि बांग्लादेश के समर्थन के लिये यह ‘सोच समझकर’ लिया गया फैसला है ।

पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को कोलंबो में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मैच नहीं खेलने के लिये कहा है।इससे पहले सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार पर बांग्लादेश को विश्व कप से हटाकर स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल किया गया ।

शरीफ ने यहां सरकार की एक बैठक के बाद कहा ,हमने टी20 विश्व कप पर स्पष्ट रूख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिये ।उन्होंने कहा ,‘ हमने सोच समझकर यह रूख अपनाया है और हम पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ हैं । मुझे लगता है कि यह बिल्कुल सही फैसला है ।

आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेताया है कि यह ‘हाई प्रोफाइल’ मैच नहीं खेलने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।पाकिस्तानी टीम बाकी लीग मैच खेलने कोलंबो पहुंच गई है । पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड कह चुका है कि भारत का सामना अगर नॉकआउट चरण में होता है तो वह सरकार की सलाह पर अमल करेगा ।

तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को बीसीसीआई के निर्देश पर आईपीएल से बाहर किये जाने के बाद बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया था । भारतीय बोर्ड ने कारण नहीं बताया लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों के बीच यह फैसला लिया गया।

 

Related Articles

Back to top button