
मुंबई । वैश्विक शेयर बाजारों में कमजोरी के बीच तीन सत्र की तेजी के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 278.72 अंक टूटकर 83,538.97 अंक पर और एनएसई निफ्टी 94.15 अंक फिसलकर 25,681.85 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील और भारती एयरटेल के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं हिंदुस्तान यूनिलीवर, ट्रेंट, एनटीपीसी, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में तेजी रही। एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तीन प्रतिशत से अधिक टूटा।
जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग भी नकारात्मक दायरे में रहे। अमेरिकी बाजारों में नैस्डैक कम्पोजिट में बुधवार को 1.51 प्रतिशत और एसएंडपी 500 में 0.51 प्रतिशत की गिरावट आई। वहीं डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.02 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 29.79 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 249.54 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया सात पैसे मजबूत होकर 90.40 प्रति डॉलर पहुंचा
रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में सीमित दायरे में कारोबार करता हुआ सात पैसे मजबूत होकर 90.40 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। यह बढ़त कंपनियों की डॉलर की मांग और निवेशकों द्वारा भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की पुष्टि की प्रतीक्षा के बीच देखी गई।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि बाजार के प्रतिभागी अब जश्न मनाने के बजाय सत्यापन पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं क्योंकि कोई आधिकारिक दस्तावेज जारी नहीं किया गया है और न ही किसी पक्ष ने औपचारिक रूप से अंतिम शर्तों को प्रकाशित किया है।
इसके अलावा, निवेशक केंद्रीय बैंक द्वारा शुक्रवार को ब्याज दरों की घोषणा से संकेत मिलने का इंतजार कर रहे हैं। अंतरबैंक विदेशी विनिमय मुद्रा बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.52 पर खुला। फिर थोड़ा मजबूत होकर 90.40 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.47 पर बंद हुआ था।इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.79 पर रहा।



