रेलवे यात्रियों को देगा डिस्पोजेबल चादर-कंबल, तकिया कवर

रेलवे अपने यात्रियों को कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए ट्रेन में डिस्पोजेबल चादर और कंबल देगा। इसकी शुरुआत दानापुर रेल मंडल ने कर दी है। इसके लिए यात्रियों को मामूली शुल्क चुकाना होगा। कोरोना संक्रमण के बाद से रेलवे ने पुनः धुलकर उपयोग की जाने वाली चादर, कंबल देना बंद कर दिया है। इनसे संक्रमण का खतरा था। रेलवे ने इसी खतरे को देखते हुए एसी कोचों से परदे भी हटा दिए थे। अब जो चादर, कंबल दिए जाएंगे, उन्हें यात्री केवल एक बार ही उपयोग कर सकेगा।

रेलवे के दानापुर रेल मंडल ने चार तरह के डिस्पोजेबल लिनेन किट (चादर, कंबल, तौलिया का सेट) तैयार किए हैं जो 50 रुपये से 250 रुपये में मिलेंगे। रेलवे ये किट प्लेटफार्म और ट्रेन के अंदर उपलब्ध कराएगा। रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था सभी रेल मंडलों में की जानी है। ऐसा करने से इच्छुक यात्री सफर के दौरान किट खरीद सकेंगे। यात्रा पूरा होने पर चादर, कंबल, तौलिया को प्लेटफार्मों पर उपलब्ध डस्टबिन में डालना होगा।

बता दें कि पूर्व में रेलवे यात्रियों को तौलिया, चादर व कंबल देता था। इन्हें एक बार उपयोग करने के बाद धुलाई के लिए भेजा जाता था फिर उपयोग में लाते थे। यात्रियों को इसके लिए अलग से शुल्क नहीं देना पड़ता था, यह टिकट के साथ ही मिलते थे। अब बारिश का समय है। रात्रि के समय एसी में सफर करने वाले यात्रियों को ठंड का अहसास होने लगा है, इसलिए रेलवे लिनेन किट उपलब्ध करवा रहा है। भोपाल रेल मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में भी यह सुविधा जल्द मिलने वाली है।

लिनेन किट के प्रकार व कीमत

लिनेन किट-1 : इसमें एक बेडशीट, एक मास्क, एक सैनिटाइजर होगा। कीमत 50 रुपये होगी।

लिनेन किट-2 : इसमें एक बेडशीट, एक मास्क, एक सैनिटाइजर व एक तकिया होगी। कीमत 100 रुपये है।

लिनेन किट-3 : इसमें एक बेडशीट, एक मास्क, एक सैनिटाइजर, एक कंबल होगा। कीमत 200 रुपये है।

लिनेन किट-4 : इसमें एक बेडीशीट, एक मास्क, एक सैनिटाइजर, एक कंबल व एक तकिया होगी। कीमत 250 रुपये है।

Related Articles

Back to top button