योगी सरकार का बुजुर्गों को तोहफा, करा रही धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की सैर

  • योगी सरकार ने 2493 वरिष्ठ नागरिकों को दिया भ्रमण का अवसर
  • बुजुर्गों ने देखा राष्ट्रपति भवन का अमृत उद्यान 
  • प्रयागराज महाकुंभ और माघ मेले में पूरी हुई आस्था की इच्छा
  • वृद्धाश्रमों में रहने वालों को स्थानीय मंदिरों का कराया जा रहा है दर्शन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के वृद्धजनों के सम्मान, सुखद जीवन और मानसिक संतोष के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही है। समाज कल्याण विभाग की अनूठी पहल के माध्यम से बुजुर्गों को विभिन्न तीर्थों, सांस्कृतिक केंद्रों और ऐतिहासिक धरोहरों की यात्रा कराई जा रही है, ताकि उनके भीतर नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार हो सके। इस सार्थक प्रयास के फलस्वरूप वर्ष 2022 से 2026 तक योगी सरकार ने राजकीय वृद्धाश्रमों में निवास करने वाले 2493 वरिष्ठ नागरिकों को सफलतापूर्वक भ्रमण कराकर उन्हें खुशहाल जीवन का उपहार दिया है।

इसे भी पढ़ें- सीएम योगी ने युवाओं के लिए खोला पिटारा, बोले- इस साल पुलिस विभाग में होगी एक लाख नई भर्ती

राष्ट्रपति भवन का कराया गया भ्रमण

हाल ही में उत्तर प्रदेश के एनसीआर क्षेत्र के विभिन्न जनपदों से आए 211 वृद्धजनों को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन के प्रसिद्ध अमृत उद्यान का भ्रमण कराया गया। इस दौरान बुजुर्गों ने उद्यान की सुंदरता, हरियाली और मनोहारी वातावरण का आनंद लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सुखद, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव प्रदान करना था। विभाग की ओर से आवागमन, जलपान, सुरक्षा और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

 संगम में लगाई डुबकी

वहीं धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए सरकार ने प्रयागराज में आयोजित प्रयागराज महाकुंभ 2025 में 1,515 वरिष्ठ नागरिकों को स्नान का अवसर उपलब्ध कराया। वहीं माघ मेला 2026 में 767 बुजुर्गों ने संगम में डुबकी लगाकर अपनी लंबे समय से संजोई इच्छा पूरी की। इन आयोजनों में भाग लेकर बुजुर्गों ने आध्यात्मिक संतोष और आत्मिक शांति का अनुभव किया।

धार्मिक स्थलों के कराएं जाते हैं दर्शन

योगी सरकार की यह पहल केवल बाहरी भ्रमण तक सीमित नहीं है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों को समय-समय पर स्थानीय मंदिरों, धार्मिक स्थलों और दर्शनीय स्थानों के दर्शन भी कराए जाते हैं। इससे वृद्धजनों के मन में उत्साह बना रहता है, अकेलेपन की भावना कम होती है और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है।

सम्मान और खुशहाली के लिए काम कर रही योगी सरकार

समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 2022- 23 के वित्तीय वर्ष से 2025-26 के वित्तीय वर्ष तक कुल 2493 वरिष्ठ नागरिकों को प्रयागराज महाकुंभ, माघ मेला और राष्ट्रपति भवन के अमृत उद्यान का भ्रमण कराया गया है। इसके अलावा समय- समय पर निकटतम धार्मिक स्थलों पर भी ले जाने का काम किया जाता है। योगी सरकार की यह पहल साबित कर रही है कि बुजुर्ग केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज की धरोहर हैं, जिनके सम्मान और खुशहाली के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

 

इसे भी पढ़ें-  बेसहारा बेटियों का सहारा बनी योगी सरकार, 66 लड़कियों के पीले किये हाथ

Related Articles

Back to top button