यूपी के उत्पादों पर बढ़ा दुनिया का भरोसा, दो लाख करोड़ के पार पहुंचा निर्यात: मुख्यमंत्री योगी

ग्रेटर नोएडा। पारंपरिक हुनर ​​से लेकर मॉडर्न मैन्युफैक्चरिंग तक, उत्तर प्रदेश की ताकत शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा में दुनिया के सामने दिखाई गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने UP इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे एडिशन का उद्घाटन किया। इस बार 90 देशों के 600 से ज़्यादा विदेशी खरीदार आए हैं, जबकि 2,400 से ज़्यादा एग्ज़िबिटर अपने प्रोडक्ट्स के साथ ट्रेड शो में हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया उत्तर प्रदेश के प्रोडक्ट्स की क्वालिटी, इसकी मज़बूत सप्लाई चेन और इसके एंटरप्रेन्योर्स के भरोसे पर भरोसा करती है। आज राज्य 2 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा का सामान एक्सपोर्ट कर रहा है।

इसे भी पढ़ें- मुख्यमंत्री योगी की अयोध्या से चार बड़ी सौगातें, वेतन बढ़ा, इलाज मुफ्त, सपा-कांग्रेस पर बरसे

यूपी बना बड़ा मंच

मुख्यमंत्री ने कहा, चार वर्षों में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश में तैयार होने वाले उत्पादों को दुनिया के सामने रखने का बड़ा मंच बन गया है। पिछले वर्ष 72 देशों के 550 बायर्स ने इस शो में शिरकत की थी। इस बार 90 देशों से 600 से अधिक बायर्स पहुंचे हैं। उम्मीद है कि, करीब डेढ़ लाख बी2बी विजिटर्स आयोजन में शामिल होंगे। यह बढ़ती भागीदारी उत्तर प्रदेश के कारीगरों के हुनर, युवाओं के इनोवेशन, एमएसएमई सेक्टर और अन्नदाता किसानों की मेहनत के प्रति बढ़ते वैश्विक भरोसे को दिखाती है।

UP International Trade Show CMYOGI AMIT SHAH B

मुख्यमंत्री ने कहा कि, जो अपनी जड़ों से जुड़कर दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चलता है, दुनिया उसे फॉलो करती है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। यह ट्रेडिशन और टेक्नोलॉजी, हेरिटेज और इनोवेशन के साथ हुनर और बाजार की ताकत को एक साथ देखने का अवसर है।

अमित शाह ने पहचानी थी उद्यमों की ताकत

मुख्यमंत्री ने अमित शाह को प्रदेश के परंपरागत उद्यमों को नई पहचान देने की सोच का प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि साल 2017 में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते हुए अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के लोक कल्याण संकल्प पत्र के निर्माण के दौरान प्रदेश के परंपरागत उद्यमों की ताकत को पहचाना था। सीएम में कहा, शाह का मानना था कि, जिस दिन उत्तर प्रदेश अपनी इस ताकत को पहचान लेगा, उसे मैन्युफैक्चरिंग के नए हब के रूप में आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक पाएगा। सरकार बनने के बाद इसी सोच को वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के रूप में ब्रांड दिया गया।

हुनर को मिला बाजार

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में संभावनाओं की कमी कभी भी नहीं थी। जरूरत थी तो बस उस क्षमता को पहचानने, सही माहौल देने और उसे बड़े बाजार तक पहुंचाने की। आजादी के बाद दशकों तक कारीगरों को जरूरी संसाधन, सही दिशा, बाजार और मंच नहीं मिला। इसका असर यह हुआ कि, नई पीढ़ी अपने पुश्तैनी हुनर से दूर होने लगी, लोग अपना पुश्तैनी कारोबार छोड़कर कर नौकरी के लिए भटकने लगे। सरकार ने जिलों, गांवों और स्थानीय क्लस्टर में मौजूद हुनर को पहचाना और उन्हें आगे बढ़ाया।

UP International Trade Show CMYOGI AMIT SHAH B

उन्होंने कहा कि टैलेंट और ट्रेडिशन को टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया। गुणवत्ता, डिजाइन, पैकेजिंग, सर्टिफिकेशन, ब्रांडिंग और मार्केटिंग के जरिए स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार के अनुरूप तैयार किया गया। एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरपोर्ट, फ्रेट कॉरिडोर और औद्योगिक ढांचे के विस्तार ने स्थानीय उत्पादों के लिए बड़े बाजार तक पहुंच आसान की है।

79 उत्पादों को मिला GI टैग

मुख्यमंत्री ने बताया कि, उत्तर प्रदेश के एमएसएमई क्षेत्र के 79 उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है और 75 नए उत्पादों के लिए आवेदन किया गया है। भदोही के कालीन, मुरादाबाद के पीतल, कन्नौज के इत्र और वाराणसी की सिल्क साड़ियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि, प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत अब करोड़ों रुपये के कारोबार वाले ब्रांड में बदल चुकी है। ओडीओपी, पीएम विश्वकर्मा और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी योजनाओं से कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट, ऋण, ब्रांडिंग और बाजार से जोड़ा गया है। ट्रेड शो में कारीगर और उद्यमी सीधे ग्लोबल बायर्स तक पहुंच रहे हैं।

एक ही ई-कार्ट से शाह और योगी ने देखा ट्रेड शो

कार्यक्रम की शुरुआत अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। मुख्यमंत्री ने अमित शाह को फिरोजाबाद के ओडीओपी के तहत ओपल ग्लास से बनी राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट की। इसके बाद दोनों नेता ई-कार्ट से ट्रेड शो में लगे स्टॉल देखने पहुंचे। अलग-अलग स्टॉल पर रुककर उत्पाद देखे और उद्यमियों से उनकी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अमित शाह की मौजूदगी में ‘एक जनपद एक व्यंजन’ ओडीओसी पोर्टल का शुभारंभ भी किया।
html

एक करोड़ से अधिक एमएसएमई दे रहीं तीन करोड़ से अधिक को रोजगार

एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है। यहां विभिन्न देशों के खरीदारों के साथ बी2बी बैठकें होंगी और प्रदेश के छोटे उत्पादों को ग्लोबल एक्सपोजर मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक करोड़ से अधिक एमएसएमई इकाइयां तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दे रही हैं। कृषि के बाद यह सबसे अधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र है। ओडीओपी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के माध्यम से अब तक छह लाख से अधिक हस्तशिल्पियों को प्रशिक्षण और उन्नत टूलकिट का लाभ मिला है। 14 नए ट्रेड जोड़कर अब 25 ट्रेड को प्रशिक्षण और उन्नत टूलकिट से जोड़ा गया है। उद्यमियों को बिना ब्याज और गारंटी के ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद रहे ये गणमान्य

उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी,  औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’,  सांसद डॉ. महेश शर्मा और सुरेंद्र नागर समेत मंत्री, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, बृजेश सिंह और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जापान के राजदूत ओनो केईची, भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त सायमन वोंग और बेलारूस के राजदूत मिखाइल कास्को समेत विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, विदेशी खरीदार, एग्जीबिटर्स और उद्यमी भी समारोह में शामिल हुए।

 

इसे भी पढ़ें- मुख्यमंत्री योगी ने मुजफ्फरनगर को दी 951 करोड़ की सौगात, 423 परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

Related Articles

Back to top button