
प्रयागराज। यूपी बोर्ड से हाईस्कूल और इंटरमीडियट की परीक्षा देने वाले छात्रों का इंतजार कल यानी 23 अप्रैल को खत्म होने वाला है। दरअसल, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है कि, यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की वार्षिक परीक्षा का परिणाम 23 अप्रैल दिन गुरुवार को जारी कर दिया जाएगा।\
इसे भी पढ़ें- यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 पर बड़ा अपडेट: कॉपियां जांची गईं, इस डेट को आ सकते हैं नतीजे
तैयारियां पूरी
बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने जानकारी दी है कि, परिणाम की घोषणा शाम ठीक चार बजे माध्यमिक शिक्षा परिषद के मुख्यालय, प्रयागराज से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए की जाएगी। इस घोषणा के साथ ही उत्तर प्रदेश के उन करीब 50 लाख से अधिक परीक्षार्थियों की धड़कनें तेज हो गई हैं, जिन्होंने इस बार दुनिया की सबसे बड़ी परीक्षा संस्थाओं में से एक, यूपी बोर्ड से 10वीं और 12वीं की परीक्षा दी है।

बोर्ड मुख्यालय प्रयागराज से मिली जानकारी के अनुसार, रिजल्ट जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सचिव भगवती सिंह ने बताया कि गुरुवार शाम को जैसे ही बटन दबाकर परिणाम घोषित किया जाएगा, वैसे ही छात्र अपना स्कोर कार्ड यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.upmsp.edu.in पर देख सकेंगे।
सख्त घेरे में हुई थी परीक्षा
गौरतलब है कि, रिजल्ट को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए बोर्ड ने इस बार तकनीकी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं, ताकि भारी ट्रैफिक के चलते वेबसाइट क्रैश न हो। छात्र अपने रोल नंबर और सुरक्षा पिन का उपयोग करके अपना विस्तृत अंकपत्र डाउनलोड कर सकेंगे। बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों को सलाह दी थी कि, वे अपना एडमिट कार्ड संभालकर रखें ताकि रिजल्ट देखने के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस साल यूपी बोर्ड की परीक्षाएं सख्त सुरक्षा घेरे में आयोजित की गई थीं। प्रशासन ने नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकॉर्डर के साथ कड़ी निगरानी रखी थी। अब परिणाम की बारी है, जिसे लेकर प्रदेश के हर जिले में उत्साह और तनाव का मिला-जुला माहौल देखा जा रहा है। प्रयागराज मुख्यालय से होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में टॉपर्स की सूची भी जारी की जाएगी, जिसमें प्रदेश स्तर और जिला स्तर पर स्थान बनाने वाले मेधावी छात्रों के नामों की घोषणा होगी।
जल्द खुलेगी स्क्रूटनी की खिड़की
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव ने बताया कि ,रिजल्ट को समय पर जारी करना बोर्ड की प्राथमिकता रही है, ताकि छात्र समय पर अपने भविष्य की उच्च शिक्षा और कॉलेज एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर सकें। विशेष रूप से इंटरमीडिएट के छात्रों के लिए यह परिणाम बेहद अहम है क्योंकि इसी के आधार पर उनके करियर की नई दिशा तय होगी।
पिछले कुछ वर्षों के रुझानों को देखें तो यूपी बोर्ड ने अपने मूल्यांकन और परिणाम जारी करने की प्रक्रिया में काफी सुधार किया है। इस बार भी रिकॉर्ड समय में कॉपियों का मूल्यांकन पूरा करने के बाद परिणाम तैयार किया गया है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी छात्र को अपने अंकों को लेकर कोई संशय होता है, तो रिजल्ट के कुछ समय बाद स्क्रूटनी की खिड़की भी खोली जाएगी।
हालांकि, अभी पूरा ध्यान 23 अप्रैल की शाम 4 बजे पर केंद्रित है। शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय को भी इस कार्यक्रम की सूचना भेज दी गई है। सोशल मीडिया पर भी ‘UP Board Result’ ट्रेंड कर रहा है।

आपको बता दें कि, वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कुल 52,30,297 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से कक्षा 10 में 27,50,945 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं, कक्षा 12 की परीक्षा में 24,79,352 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
हालांकि पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार पंजीकरण संख्या में लगभग 2 लाख की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। बावजूद इसके परीक्षा का पैमाना ऐतिहासिक रहा। इन 52 लाख से अधिक छात्रों के भविष्य का फैसला करने के लिए बोर्ड ने करीब 8,000 परीक्षा केंद्र बनाए थे और लगभग 3 करोड़ उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 1.5 लाख से अधिक शिक्षकों की तैनाती की गई थी। अब कल शाम 4 बजे यह देखना दिलचस्प होगा कि इस विशाल संख्या में से कितने प्रतिशत छात्र सफलता का परचम लहराते हैं और मेरिट लिस्ट में अपनी जगह पक्की करते हैं।
इसे भी पढ़ें- यूपी बोर्ड : 24 फरवरी से शुरू होंगी 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं



