इस हफ्ते OTT पर मचेगा धमाल, ‘टेड लासो’ से लेकर ‘मैं वापस आऊंगा’ तक… जानें पूरी लिस्ट

अगस्त महीने का पहला सप्ताह शुरू हो चुका है और ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों के लिए मनोरंजन का खजाना भी आने वाला है। 3 अगस्त से 9 अगस्त के बीच डिजिटल स्क्रीन पर देशभक्ति से भरपूर मिलिट्री ड्रामा, इमोशनल रोमांटिक कहानियां, इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर और लोकप्रिय विदेशी शो की वापसी सहित कुल आठ बड़े प्रोजेक्ट्स रिलीज होंगे। दर्शकों को इस हफ्ते हर मूड और हर पसंद के हिसाब से कंटेंट देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं इस सप्ताह ओटीटी पर कौन-कौन सी खास फ़िल्में और सीरिज देखने को मिलेंगी।

इसे भी पढ़ें- OTT पर स्ट्रीम हुई वरुण की  ‘है जवानी तो इश्क होना है’ इस प्लेटफार्म पर देख सकेंगे आप

ऑपरेशन सफेद सागर

इस हफ्ते की सबसे बहुप्रतीक्षित रिलीज में से एक है ‘ऑपरेशन सफेद सागर’। यह एक देशभक्तिपूर्ण मिलिट्री ड्रामा है, जो 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायु सेना द्वारा निभाई गई अहम भूमिका की सच्ची घटनाओं पर आधारित है।

Operation Safed Sagar

इस प्रोजेक्ट में एक्टर सिद्धार्थ और जिमी शेरगिल सहित कई कलाकार अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान को दिखाने वाली यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर 7 अगस्त से उपलब्ध रहेगी।

उयिर

दक्षिण भारतीय सिनेमा से आने वाली मलयालम सीरीज ‘उयिर’ सच्ची घटनाओं पर आधारित एक दमदार इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर है। इसकी कहानी सब-इंस्पेक्टर अजीब रहमान की है, जिसका किरदार अभिनेता रोशन मैथ्यू ने निभाया है।

कहानी में रोशन मैथ्यू अजीब एक रहस्यमयी हत्या की जांच करते हुए दिखाई देते हैं, लेकिन इस दौरान उन्हें अपने बचपन के गहरे मानसिक आघात से भी जूझना पड़ता है। अपराध और व्यक्तिगत त्रासदी के इस मिश्रण को दर्शाती यह सीरीज जियो हॉटस्टार पर 4 अगस्त, 2026 से स्ट्रीम की जाएगी।

टेड लासो सीजन 4  

दुनियाभर में पसंद किए जाने वाले शो ‘टेड लासो’ का चौथा सीजन एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। दस एपिसोड वाले इस नए सीजन में टेड की कहानी को आगे बढ़ाया गया है। फिल्म में वे रिचमंड लौटकर एक महिला सेकंड-डिविजन फुटबॉल टीम को कोचिंग देते नजर आएंगे। शो का यह नया अध्याय एप्पल टीवी पर 5 अगस्त से स्ट्रीम किया जा सकेगा।

माई लाइफ विद द वॉल्टर बॉयज’ सीजन 3  

दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय हो चुका टीन रोमांटिक ड्रामा ‘माई लाइफ विद द वॉल्टर बॉयज’ अपने तीसरे सीजन के साथ लौट रहा है। यह कहानी कोलोराडो के एक ग्रामीण इलाके की पृष्ठभूमि में सेट है, जहां किशोरों के बीच उलझे हुए प्रेम त्रिकोण की दिलचस्प कहानी दिखाई गई है। इस सीजन को नेटफ्लिक्स पर 6 अगस्त से देखा जा सकता है।

स्टर्लिंग पॉइंट

एक नई और दिलचस्प सीरीज ‘स्टर्लिंग पॉइंट’ की कहानी 17 वर्षीय एनी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो न्यूयॉर्क शहर में अपने पिता और जुड़वां भाई के साथ पली-बढ़ी है। कहानी में एक अप्रत्याशित मोड़ तब आता है जब एनी को कनाडा के एक दूर-दराज द्वीप ‘स्टर्लिंग पॉइंट’ का मालिकाना हक मिलता है, और इसी के साथ उसे अपने परिवार से जुड़े कई गहरे और छिपे हुए राज़ों का भी पता चलता है। यह सीरीज प्राइम वीडियो पर 5 अगस्त से स्ट्रीम की जाएगी।

स्टिकी लव

रोमांस पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘स्टिकी लव’ एक हल्की-फुल्की और दिलचस्प रोमांटिक कॉमेडी है। इसकी कहानी दो अजनबियों की है, जिनकी जिंदगी एक अप्रत्याशित मुलाकात के बाद आपस में जुड़ जाती है और धीरे-धीरे उनके बीच एक अनोखा रोमांस पनपने लगता है। इस हल्के-फुल्के मनोरंजक शो को 7 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकेगा।

मैं वापस आऊंगा

इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसे दर्शकों और आलोचकों दोनों से सराहना मिली थी। अब यह रोमांटिक ड्रामा ओटीटी दर्शकों के लिए भी उपलब्ध होने जा रही है। फिल्म की कहानी 95 वर्षीय ईश्वर सिंह के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी जिंदगी के आखिरी पड़ाव में अपने पहले प्यार और पुराने शहर की यादों में खोए रहते हैं।

OTT

इस भावनात्मक सफर में उनका पोता निर्वैर उनके अतीत को समझने और जानने की कोशिश करता नजर आता है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ, शरवरी, वेदांग रैना और वरिष्ठ अभिनेता नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर 7 अगस्त से स्ट्रीम होगी।

एमटीवी हसल 5 

म्यूजिक और रैप के शौकीन दर्शकों के लिए मशहूर रियलिटी शो ‘एमटीवी हसल’ का पांचवां सीजन 8 अगस्त को जियो हॉटस्टार पर प्रीमियर होने जा रहा है। यह शो नए और उभरते रैप टैलेंट को मंच देने के साथ-साथ प्रतियोगियों की निजी कहानियों और संघर्षों को भी सामने लाता है। इस सीजन की खास बात यह है कि लोकप्रिय रैपर बादशाह एक बार फिर ‘रैप सुप्रिमो’ के रूप में शो में वापसी कर रहे हैं, जिससे प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

दर्शकों के लिए भरपूर विकल्प

कुल मिलाकर इस हफ्ते का ओटीटी लाइनअप दर्शकों को हर तरह का मनोरंजन मुहैया कराने वाला है। चाहे वह देशभक्ति से ओतप्रोत सैन्य गाथा हो, भावुक कर देने वाली पारिवारिक कहानी हो, अपराध और रहस्य से भरा थ्रिलर हो या फिर हल्के-फुल्के रोमांस और कॉमेडी से भरपूर मनोरंजन। ऐसे में इस सप्ताह हर आयु वर्ग और हर पसंद के दर्शकों के लिए स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर देखने लायक भरपूर कंटेंट मौजूद रहेगा।

 

इसे भी पढ़ें- Friday OTT Release: इस वीकेंड OTT पर मचेगा धमाल, स्ट्रीम हो रही ये 7 धांसू फिल्में-सीरीज

Related Articles

Back to top button