
नई दिल्ली। मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए गाने ‘टटीरी’ की वजह से गंभीर विवादों में घिर गए हैं। गाने की आपत्तिजनक लिरिक्स और दृश्यों पर हरियाणा पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पंचकूला और जींद में बादशाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही पुलिस टीमें उन्हें पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से भी इसे हटवाने की तैयारी है। हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को पेश होने का समन जारी किया है।
इसे भी पढ़ें- सिमरन कौर धडली ने सनी सिंह के साथ नए गाने ‘दिलबरजानी’ में प्यार, ताकत और अपने अंदाज़ को किया पेश
गाने ‘टटीरी’ में क्या है आपत्तिजनक
गत एक मार्च को रिलीज हुए गाने ‘टटीरी’ में बादशाह ने हरियाणवी स्टाइल में रैप किया है, लेकिन लिरिक्स और वीडियो में कई लाइनें और सीन बेहद विवादास्पद हैं। गाने में पाठशाला को ‘बेडशाला’ कहा गया है और लाइनें जैसे “आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन…’ पर समाज में भारी आक्रोश है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि ये शब्द महिलाओं की इज्जत को ठेस पहुंचाते हैं और उन्हें ऑब्जेक्टिफाई करते हैं। वीडियो में स्कूल की लड़कियों को बस के ऊपर खड़ा करके गाते दिखाया गया है, बैग फेंकते हुए सीन हैं और हरियाणा रोडवेज की बस का इस्तेमाल बिना अनुमति के किया गया है।

पंचकूला के रहने वाले अभय चौधरी ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें कहा गया है कि, गाने में कई शब्द और दृश्य बेहद अश्लील हैं, जो समाज में फूहड़ता फैलाने वाले हैं। चौधरी के कहा कहा कि ये शब्द मां-बहन और बेटियों की इज्जत को ठेस पहुंचाने वाले हैं। अभी की शिकायत पर पुलिस ने बादशाह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जींद में भी दर्ज हुई FIR
गाने में जींद रोडवेज डिपो की बस को दिखाया गया है। इस बारे में जींद रोडवेज के जनरल मैनेजर का कहना है कि, विभाग की अनुमति के बिना बस का इस्तेमाल किया गया और ये विभाग की छवि को खराब कर रहा है। गाने में नरवाना के सच्चा खेड़ा गांव के सरकारी स्कूल को भी दिखाया गया है, जहां बिना इजाजत के गाने की शूटिंग हुई है। जींद पुलिस ने भी अलग से केस दर्ज किया है, जिसमें कॉपीराइट उल्लंघन और सार्वजनिक संपत्ति के दुरुपयोग के आरोप शामिल हैं।
आपत्तिजनक गीत “Tateeree” मामले में हरियाणा पुलिस की सख्त कार्रवाई।
गायक आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ FIR दर्ज। आरोपी के खिलाफ Look Out Circular (LOC) जारी कराने की प्रक्रिया शुरू, पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए नोटिस जारी। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार…
— Haryana Police (@police_haryana) March 7, 2026
हरियाणा महिला आयोग ने भेजा समन
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनु भाटिया ने गाने को महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करने वाला बताया। आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को पेश होने का समन जारी किया है। आयोग का कहना है कि, गाने में इस्तेमाल शब्द और दृश्य महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं और समाज में गलत संदेश देते हैं। आयोग ने यूट्यूब और अन्य प्लेटफॉर्म्स से गाना हटवाने की मांग की है।
लुक आउट नोटिस जारी
हरियाणा पुलिस ने बादशाह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों में दबिश दी जा रही है। अगर बादशाह विदेश जाते हैं, तो उन्हें रोका जा सकता है। पुलिस का कहना है कि जो भी ‘टटीरी’ गाना या इससे जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री शेयर करेगा, उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है। हरियाणा पुलिस और महिला आयोग ने मेटा (फेसबुक/इंस्टाग्राम), टिकटॉक/शॉर्ट्स प्लेटफॉर्म्स और अन्य सोशल मीडिया साइट्स से भी इसे हटवाने की मांग की है। कई यूजर्स ने गाने के क्लिप्स शेयर किए थे, जिन पर भी नोटिस जारी होने की संभावना है।
बादशाह हरियाणा के करनाल जिले के उचानी गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता सरकारी कर्मचारी थे। असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया है। उन्होंने दिल्ली के भारती पब्लिक स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की और चंडीगढ़ से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री ली, लेकिन पढ़ाई के दौरान ही म्यूजिक में दिलचस्पी जागी और वह रैप के फील्ड में आए। उन्होंने DJ वाले बाबू’ जैसे हिट गाने दिए है, लेकिन विवाद भी खूब हुए। उनके पहले के भी कई गाने विवाद में आ चुके हैं।
View this post on Instagram
कई संगठनों ने की गाने की निंदा
हरियाणा में कई संगठनों और नेताओं ने गाने की निंदा की है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने कहा कि ऐसे गाने समाज में गलत संदेश देते हैं। महिला संगठनों ने इसे महिलाओं के खिलाफ अपराध बताया है। बादशाह की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन उनके फैंस सोशल मीडिया पर उनका बचाव कर रहे हैं।
एफआईआर दर्ज होने के अब बादशाह को जांच का सामना करना पड़ सकता है। पूछताछ के लिए बुलाने पर अगर वे पेश नहीं हुए, तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो सकता है। महिला आयोग की सुनवाई में भी पेशी अनिवार्य है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी। यह मामला बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में सेंसरशिप, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक जिम्मेदारी पर नई बहस छेड़ सकता है। साथ ही बादशाह के करियर पर इसका असर पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें- रूसी तेल खरीदने पर बौखलाया अमेरिका, भारत पर बेतहाशा शुल्क लगाने के बहाने ढूंढ रहे डोनाल्ड ट्रंप



