
हिन्दू जगत के सबसे प्रभावशाली संतों में शुमार और करोड़ों लोगों की अगाध आस्था के केंद्र नीम करोली बाबा का दिव्य जीवन आने वाले दिनों में बड़े परदे पर देखने को मिलेगा। दरअसल, बाबा के परम भक्त सुबोध भावे उनकी कुछ अनकही कहानियों पर फिल्म बना रहे हैं, जो लगभग बनकर तैयार हो चुकी है और जल्द ही इसे रिलीज किये जाने की तैयारी चल रही है।
इसे भी पढ़ें- इस दिन मनाया जाएगा कैंची धाम आश्रम का 59वां स्थापना दिवस, जानिए बाबा नीम करोली से जुड़ी मान्यताएं
सुबोध भावे निभाएंगे बाबा का किरदार
आपको बता दें कि, नीम करोली बाबा में देश ही नहीं बल्कि विदेश के लोगों की भी बड़ी आस्था है। उनके दर पर ‘एप्पल’ के संस्थापक स्टीव जॉब्स से लेकर फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग और भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली तक शीश नवाते हैं। विराट कोहली तो अक्सर ही उनके दरबार में जाते हैं। उन बाबा नीब करोरी महाराज की अनकही कहानियों को लेकर फिल्म ‘श्री बाबा नीब करोरी महाराज’ पूरी तरह तैयार है। इस महात्वाकांक्षी फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सुबोध भावे हैं, जो बाबा के जादुई और सरल व्यक्तित्व को पर्दे पर उतारते नजर आएंगे।

चार साल के कड़े शोध और बाबा के परिवार से प्राप्त आधिकारिक अनुमति के बाद उन्होंने इस फिल्म पर काम करना शुरू किया था। फिल्म में न सिर्फ बाबा के चमत्कारों को दर्शाया जायेगा, बल्कि दशकों से चले आ रहे कई भ्रमों से भी पर्दा उठाया जाएगा।
परिवार से खरीदे राइट्स
नीम करोली बाबा के किरदार के लिए सुबोध भावे का चयन महज एक पेशेवर फैसला नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक गहरा आध्यात्मिक जुड़ाव भी है, क्योंकि सुबोध स्वयं बाबा के अनन्य भक्त हैं और अक्सर नैनीताल स्थित कैंची धाम आश्रम में उनके दर्शन के लिए आते रहते हैं। फिल्म के प्रड्यूसर, डायरेक्टर और लेखक शरद सिंह ठाकुर ने इस प्रोजेक्ट को एक मिशन की तरह लिया है और उन्होंने स्क्रिप्ट तैयार करने से पहले बाबा के परिवार से फिल्म के राइट्स खरीदे।
ठाकुर ने बाबा की 80 वर्षीय बेटी गिरिजा से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उन बारीकियों को समझा, जो अब तक जनमानस के बीच नहीं आ पाई थीं। निर्देशक के अनुसार, इस फिल्म के पीछे चार साल का गहन शोध छिपा है जिसमें उन तमाम लोगों के साक्षात्कार शामिल हैं, जो व्यक्तिगत रूप से बाबा के संपर्क में रहे थे। फिल्म का मुख्य उद्देश्य बाबा की सादगी भरी शिक्षाओं और उनकी वैश्विक विरासत को पूरी प्रामाणिकता के साथ दुनिया के सामने लाना है।
View this post on Instagram
कंप्लीट हो चुके हैं दो भाग
फिल्म की संरचना को लेकर निर्देशक ने बड़ा खुलासा किया है कि, पूरी कहानी को तीन विस्तृत भागों में तैयार किया गया है। वर्तमान में फिल्म के पहले दो भाग पूरी तरह कंप्लीट हो चुके हैं, इन्हें एक के बाद एक सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। कहानी का तीसरा हिस्सा बाबा के 1973 में हुए महाप्रयाण के बाद की घटनाओं पर केंद्रित होगा, जिसमें कैंची धाम के विकास और बाबा की अनुपस्थिति में भी उनके बढ़ते वैश्विक प्रभाव को फिल्माया जाएगा।
फिल्म के निर्माण में इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि बाबा के जीवन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जा सके। विशेष रूप से एप्पल कंपनी के नाम और लोगो को लेकर प्रचलित उस कहानी को फिल्म में तार्किक रूप से खारिज किया गया है जिसमें कहा जाता है कि स्टीव जॉब्स ने सेब को बाबा का पसंदीदा फल होने के कारण चुना था। निर्देशक ने स्पष्ट किया है कि स्टीव जॉब्स 1974 में भारत आए थे, जबकि बाबा का निधन 1973 में ही हो गया था, इसलिए उनके बीच प्रत्यक्ष मुलाकात संभव नहीं थी। फिल्म इसी तरह के कन्फ्यूजन को साफ करेगी।
View this post on Instagram
अप्रैल में रिलीज हो सकती है फिल्म
नीम करोली बाबा के अनुयायियों की सूची में जूलिया रॉबर्ट्स जैसी हॉलीवुड हस्तियों से लेकर आध्यात्मिक गुरु राम दास तक शामिल हैं और फिल्म इन वैश्विक संबंधों के प्रभाव को भी दर्शाएगी। भारत में अनुष्का शर्मा और विराट कोहली जैसे सितारों की गहरी श्रद्धा ने इस फिल्म के प्रति युवाओं में भारी उत्सुकता पैदा कर दी है।
सुबोध भावे, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक सेल्समैन के रूप में की थी, इस भूमिका को अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अवसर मान रहे हैं। फिल्म मेकर्स इसे अप्रैल 2026 में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म न केवल एक बायोपिक होगी, बल्कि भारतीय अध्यात्म के वास्तविक स्वरूप को वैश्विक पटल पर रखने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।
इसे भी पढ़ें- महाकुम्भ : अमेरिकन सोल्जर माइकल बन गए बाबा मोक्षपुरी, जाने सनातन धर्म से कैसे जुड़े



