‘रामायण’ के म्यूजिक राइट्स के लिए टी-सीरीज ने खेला बड़ा दांव, इतने करोड़ रुपये में हुई डील

बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित और भव्य फिल्मों में शुमार ‘रामायण’ को लेकर दिन प्रतिदन क्रेज बढ़ता जा रहा है। नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही ये फिल्म अभी से ही चर्चा के केंद्र में हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर जैसे बड़े सितारे नजर आ रहे हैं, लेकिन हाल ही में सामने आई दो बड़ी खबरों ने इस फिल्म को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। पहली खबर ये है कि, सोनी पिक्चर्स ने भारत के बाहर इस फिल्म के ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभाल ली है। दूसरी खबर है कि फिल्म के म्यूजिक राइट्स को लेकर भी एक बड़ी और चौंकाने वाली डील सामने आई है।

इसे भी पढ़ें- रेखा-अमिताभ बच्चन: बॉलीवुड की वो अधूरी कहानी, दशकों बाद भी होती है जिसकी चर्चा

टी-सीरीज ने जीती म्यूजिक राइट्स की जंग

इस बारे में सूत्रों के हवाले आई जानकारी के अनुसार, ‘रामायण’ के ऑडियो और म्यूजिक राइट्स को हासिल करने के लिए बॉलीवुड की कई बड़ी और दिग्गज म्यूजिक कंपनियां आपस में होड़ लगाए हुए थीं। हर कोई इस भव्य फिल्म का साउंडट्रैक अपने नाम करना चाहता था, क्योंकि फिल्म से जुड़े हर पहलू को लेकर पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है, लेकिन इस पूरी होड़ में आखिरकार म्यूजिक इंडस्ट्री की दिग्गज कंपनी टी-सीरीज बाजी मारने में कामयाब रही और अपने बेहतरीन ऑफर के दम पर उसने यह अहम डील पक्की कर ली।

'Ramayana'

एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस डील की पुष्टि खुद टी-सीरीज के एक करीबी सहयोगी ने की है। इस सूत्र के हवाले से बताया गया है कि टी-सीरीज ने ‘रामायण’ के म्यूजिक राइट्स अपने नाम कर लिए हैं और कंपनी के मालिक भूषण कुमार समेत टी-सीरीज की पूरी वरिष्ठ लीडरशिप को इस बात का पूरा भरोसा है कि फिल्म का साउंडट्रैक बेहद कामयाब साबित होगा।

75 करोड़ रुपये में हुई डील

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू है डील की रकम। रिपोर्ट के अनुसार, टी-सीरीज ने ‘रामायण’ के म्यूजिक राइट्स के लिए 75 करोड़ रुपये की भारी-भरकम एडवांस राशि का भुगतान किया है। खास बात यह है कि, इस रकम में फिल्म के दोनों पार्ट्स का म्यूजिक शामिल है, यानी यह पेमेंट पूरी ‘रामायण’ फ्रेंचाइजी के संगीत के लिए किया गया है।

सूत्र ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह 75 करोड़ रुपये की रकम एक रिफंडेबल एडवांस अरेंजमेंट का हिस्सा है, यानी यह भुगतान की व्यवस्था एक तय शर्तों के तहत की गई है। यह डील न सिर्फ ‘रामायण’ बल्कि पूरे भारतीय सिनेमा जगत के इतिहास में सबसे बड़ी म्यूजिक-राइट्स एग्रीमेंट में से एक मानी जा रही है। किसी भारतीय म्यूजिक कंपनी द्वारा किसी एक फिल्म के लिए इतनी बड़ी रकम खर्च करना अपने आप में एक असाधारण घटना है, जो यह दर्शाता है कि इंडस्ट्री को इस फिल्म से कितनी बड़ी उम्मीदें जुड़ी हुई हैं।

ये चीज बनाती है फिल्म को खास

‘रामायण’ को लेकर पहले से ही जो सबसे बड़ी बात इस फिल्म को खास बनाती है, वह है इसकी दमदार स्टार कास्ट। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभाती दिखेंगी। खलनायक रावण के किरदार में अभिनेता यश को कास्ट किया गया है। वहीं, बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में दिखाई देंगे। इसके अलावा टीवी और फिल्मों के जाने-माने चेहरे रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे।

फिल्म का निर्देशन ‘दंगल’ (2016) जैसी सुपरहिट फिल्म बनाने वाले मशहूर निर्देशक नितेश तिवारी कर रहे हैं, जिन्होंने अपनी बेहतरीन फिल्ममेकिंग के दम पर पहले भी दर्शकों का दिल जीता है। फिल्म का प्रोडक्शन नमित मल्होत्रा के हाथों में है, जो विजुअल इफेक्ट्स और भव्य प्रोडक्शन के मामले में इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान रखते हैं।

 एआर रहमान न दिया है संगीत

‘रामायण’ के संगीत को लेकर सबसे खास बात यह है कि, इसे दुनिया के दो सबसे बड़े और प्रतिष्ठित संगीतकारों ने मिलकर तैयार किया है। भारतीय संगीत जगत के जाने-माने संगीतकार ए.आर. रहमान, जिन्हें उनकी अद्भुत संगीत रचनाओं के लिए ऑस्कर और ग्रैमी जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है, इस फिल्म के संगीत को कंपोज कर रहे हैं।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Namit Malhotra (@iamnamitmalhotra)

 

उनके साथ हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हैंस जिमर भी इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं, जिन्होंने दुनिया भर की कई बड़ी हॉलीवुड फिल्मों के लिए बेहतरीन बैकग्राउंड स्कोर तैयार किए हैं। इन दोनों दिग्गजों का एक साथ आना ही यह बताने के लिए काफी है कि ‘रामायण’ का संगीत कितना भव्य और यादगार होने वाला है।

दो पार्ट्स में रिलीज होगी फिल्म

‘रामायण’ को लेकर एक और महत्वपूर्ण जानकारी यह है कि, यह फिल्म एक साथ रिलीज नहीं होकर दो अलग-अलग पार्ट्स में सिनेमाघरों तक पहुंचेगी। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के मौके पर बड़े पर्दे पर रिलीज होगा, जबकि इसका दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा। इस तरह से फिल्म निर्माता इस पौराणिक गाथा को पूरी भव्यता और विस्तार के साथ दर्शकों के सामने पेश करने की योजना बना रहे हैं।

इंडस्ट्री में हलचल

‘रामायण’ से जुड़ी इन दोनों बड़ी खबरों ने बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री दोनों में हलचल मचा दी है। सोनी पिक्चर्स के जरिए मिला ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन सपोर्ट और अब टी-सीरीज के साथ हुई रिकॉर्ड म्यूजिक डील, दोनों ही इस बात के संकेत हैं कि ‘रामायण’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक बड़ा अध्याय लिखने की तैयारी कर रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जब यह फिल्म दिवाली 2026 में बड़े पर्दे पर दस्तक देगी, तो यह किस तरह से दर्शकों और बॉक्स ऑफिस दोनों पर अपनी छाप छोड़ेगी।

 

इसे भी पढ़ें- आसान नहीं थी सफलता की राह, ट्रेनों में टाफियां बेचने वाले महमूद ऐसे में बॉलीवुड के कॉमेडी किंग 

Related Articles

Back to top button