केदारनाथ धाम में युद्धस्तर पर बर्फबारी की सफाई, कपाट खुलने से पहले तैयारियां तेज

भारी बर्फबारी के बाद रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन के निर्देश पर मजदूरों और कर्मचारियों ने रविवार को मंदिर के मुख्य प्रांगण और पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का काम किया।

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ मंदिर परिसर और उसके आसपास के रास्तों को श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने का कार्य रविवार को जोर-शोर से जारी रहा। भारी बर्फबारी के बाद रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन के निर्देश पर मजदूरों और कर्मचारियों ने रविवार को मंदिर के मुख्य प्रांगण और पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का काम किया। आगामी यात्रा सीजन को देखते हुए मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन ने बर्फबारी के कारण बाधित हुए रास्तों को साफ करने के लिए युद्धस्तर पर अभियान छेड़ दिया है।

गौरतलब है कि मार्च के आखिरी सप्ताह में भी ऊंची चोटियों पर हो रही बर्फबारी के कारण केदारनाथ धाम में कई फीट मोटी बर्फ की चादर बिछ गई थी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रविवार सुबह से ही श्रमिकों ने फावड़ों और मशीनों की मदद से मंदिर के आसपास के क्षेत्रों को साफ करना शुरू कर दिया। प्रशासन का लक्ष्य है कि यात्रा शुरू होने से पहले मंदिर परिसर और पैदल मार्ग को पूरी तरह व्यवस्थित कर लिया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button