बजट 20 करोड़, कमाई सिर्फ 8 करोड़! बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो चुकी शनाया की ये फिल्म अब OTT पर हो रही रिलीज

बॉलीवुड में अक्सर ऐसी फिल्में आती हैं जो बड़े पर्दे पर तो अपना जादू नहीं चला पातीं, लेकिन डिजिटल दुनिया यानी ओटीटी पर आते ही ट्रेंड करने लगती हैं। कुछ ऐसा ही नजारा जल्द ही शनाया कपूर और आदर्श गौरव की हालिया रिलीज फिल्म ‘तू या मैं’ के साथ देखने को मिल सकता है। सर्वाइवल थ्रिलर के शौकीनों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सिनेमाघरों में दर्शकों के लिए तरसने वाली ये फिल्म अब डिजिटल पर अपना सफर शुरू करने जा रही है।

इसे भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर ‘द केरला स्टोरी 2’ की मजबूत पकड़, 4 दिनों में वसूला आधा बजट

दर्शकों ने नकारी फिल्म

जी हां, शनाया कपूर की बहुप्रतीक्षित बॉलीवुड एंट्री और आदर्श गौरव की दमदार एक्टिंग से सजी यह फिल्म अब उन दर्शकों के बीच पहुंचने वाली है, जो इसे थिएटर में देखने से चूक गए थे। फिल्म के डिजिटल राइट्स और रिलीज डेट को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चाएं थीं, जिन पर अब विराम लगता नजर आ रहा है। आइए जानते हैं इस फिल्म की ओटीटी रिलीज की पूरी कहानी, इसके बॉक्स ऑफिस के कड़वे आंकड़े और फिल्म के उस खतरनाक ट्विस्ट के बारे में जिसने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए थे।

Shanaya Kapoor

मीडिया रिपोर्ट्स और इंडस्ट्री के गलियारों से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक, दिग्गज ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने ‘तू या मैं’ के डिजिटल स्ट्रीमिंग राइट्स सुरक्षित कर लिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह फिल्म 10 अप्रैल से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम करने के लिए उपलब्ध हो सकती है।

अभी नहीं आधिकारिक घोषणा

हालांकि, मेकर्स या प्लेटफॉर्म की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन आमतौर पर फिल्मों का डिजिटल प्रीमियर सिनेमाघरों में रिलीज के 8 हफ्ते बाद होता है और यह तारीख उसी समीकरण में फिट बैठती है। ओटीटी पर रिलीज होने से फिल्म को वैश्विक दर्शक मिलेंगे, जिससे इसकी असफलता के दाग धोने में मदद मिल सकती है।

‘तू या मैं’ को लेकर रिलीज से पहले काफी बज बनाया गया था क्योंकि फिल्म का कॉन्सेप्ट अलग था और स्टार कास्ट भी युवाओं के बीच लोकप्रिय थी, लेकिन जब फिल्म 13 फरवरी को पर्दे पर आई, तो दर्शकों ने इसे नकार दिया। सैकनिल्क के आंकड़ों पर गौर करें तो फिल्म का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। फिल्म की नेट कमाई भारत में मात्र 7.31 करोड़ रुपये रही।

वहीं ग्रॉस कलेक्शन मात्र 8.47 करोड़ रुपये रहा जबकि फिल्म का बजट लगभग 20 करोड़ रुपये। ऐसे में अगर लागत और कमाई की बात करें, तो फिल्म केवल 36 प्रतिशत ही निकाल पाई है इस गणित को देखें तो मेकर्स को सीधे तौर पर 12 करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा उठाना पड़ा। फिल्म को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ‘डिजास्टर’ या ‘फ्लॉप’ की श्रेणी में रखा गया। फिल्म की असफलता के पीछे कमजोर पटकथा और दर्शकों के साथ भावनात्मक जुड़ाव की कमी को मुख्य कारण माना गया।

इंफ्लुएंसर कल्चर पर एक गहरा तंज है फिल्म

फिल्म ‘तू या मैं’ की कहानी आज के दौर के इंफ्लुएंसर कल्चर पर एक गहरा तंज कसती है, जो बाद में एक सर्वाइवल थ्रिलर में बदल जाती है। फिल्म में शनाया कपूर ने अवनी का किरदार निभाया है, जिसे सोशल मीडिया पर मिस वैनिटी के नाम से जाना जाता है। वहीं, आदर्श गौरव मारुति के रोल में हैं, जो आला फ्लोपारा के नाम से मशहूर हैं।

दोनों सोशल मीडिया स्टार्स अपनी निजी जिंदगी के तनाव से दूर भागने का फैसला करते हैं, लेकिन उनकी यह रोमांटिक यात्रा तब एक खौफनाक बुरे सपने में बदल जाती है, जब वे एक सूखे और गहरे स्विमिंग पूल में फंस जाते हैं। कहानी में असली रोमांच तब आता है जब उस बंद पूल में उनके साथ एक खूंखार मगरमच्छ भी प्रवेश कर जाता है। बिना पानी, बिना फोन और बिना किसी मदद के, एक हिंसक जानवर के साथ पूल में फंसे रहना ही इस फिल्म का मुख्य आकर्षण है।

थाई फिल्म द पूल से है प्रेरित

सिनेमा प्रेमियों के लिए यह जानकारी दिलचस्प हो सकती है कि, बिजॉय नांबियार के निर्देशन में बनी तू या मैं साल 2018 में रिलीज हुई मशहूर थाई हॉरर-थ्रिलर फिल्म ‘द पूल’ (The Pool) से आधिकारिक तौर पर प्रेरित है। ‘द पूल’ को अपनी ओरिजिनल कहानी और सस्पेंस के लिए दुनिया भर में सराहा गया था। हालांकि, ‘तू या मैं’ में भारतीय दर्शकों के स्वाद के अनुसार कुछ बदलाव किए गए थे, लेकिन मूल आत्मा वही सर्वाइवल ड्रामा रखी गई।

Shanaya Kapoor

भले ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल न रही हो, लेकिन इसे बॉलीवुड के बड़े नामों का साथ मिला था। फिल्म को आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने अपने बैनर कलर येलो के तहत इसे प्रोड्यूस किया है। उनके साथ विनोद भानुशाली और कमलेश भानुशाली (भानुशाली स्टूडियोज लिमिटेड) भी शामिल थे। फिल्म के निर्देशक बिजॉय नांबियार अपनी डार्क और यूनिक विजुअल स्टाइल के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने इस फिल्म में भी अपनी उस छाप को छोड़ने की पूरी कोशिश की है।

 समीक्षकों ने की शनाया की सराहना

शनाया कपूर, जो दिग्गज अभिनेता संजय कपूर की बेटी हैं, लंबे समय से अपनी शुरुआत का इंतजार कर रही थीं। हालांकि, यह फिल्म फ्लॉप रही, लेकिन समीक्षकों ने शनाया की स्क्रीन प्रेजेंस और उनके साहस की सराहना की कि उन्होंने अपनी पहली ही फिल्मों में एक ग्लैमरस भूमिका के बजाय सर्वाइवल थ्रिलर  जैसा कठिन रास्ता चुना। वहीं आदर्श गौरव ने अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा एक बार फिर मनवाया है, हालांकि, स्क्रिप्ट की कमियों ने उनके प्रदर्शन को थोड़ा फीका कर दिया।

अक्सर देखा गया है कि ’83’, ‘एन एक्शन हीरो’ या ‘भेड़िया’ जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाईं, लेकिन ओटीटी पर आते ही उन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। ‘तू या मैं’ के साथ भी यही उम्मीद जताई जा रही है। फिल्म का 10 अप्रैल को संभावित डिजिटल प्रीमियर उन लोगों के लिए बेहतरीन मौका होगा जो थ्रिलर फिल्मों के शौकीन हैं और मगरमच्छ बनाम इंसान की इस अनोखी जंग को अपने घर के सोफे पर बैठकर देखना चाहते हैं।

 

इसे भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर सुनामी लाएगी रणवीर सिंह की फिल्म!,  ‘धुरंधर 2’ को मिल सकती है 100 करोड़ की ओपनिंग

Related Articles

Back to top button